बेंगलुरु में चल रही विपक्षी एकता बैठक के जवाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) आज दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन करने वाली है। हम आपको करीब 21 सौ किमी की दूरी पर हो रही इन बैठकों के सियासी समीकरण भी बताएंगे…।
आज के प्रमुख इवेंट्स
- गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में ‘सहारा रिफंड पोर्टल’ लॉन्च करेंगे। इसके जरिए सहारा के उन निवेशकों के पैसे वापस किए जाएंगे, जिनके निवेश की अवधि पूरी हो चुकी है। सहारा इंडिया को-ऑपरेटिव सोसाइटीज में 10 करोड़ निवेशकों के पैसे फंसे हुए हैं।
- भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होंगे। दिल्ली पुलिस को बृजभूषण के खिलाफ 7 गवाह मिले हैं। वे इस मामले में पहली बार अदालत में पेश होंगे।
विपक्षी एकता की मीटिंग में पहुंचे 26 पार्टियों के नेता; NDA की मीटिंग में 38 दल आएंगे
विपक्षी दलों की दूसरी बैठक में शामिल होने के लिए 26 पार्टियां बेंगलुरु पहुंची हैं। वहीं भाजपा ने आज दिल्ली में NDA के 38 दलों की बैठक बुलाई है। जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा की मोदी जी ने राज्यसभा में कहा था कि मैं सभी विपक्षियों पर अकेला भारी हूं, तो फिर उन्होंने बैठक क्यों बुलाई है।
विपक्ष की मीटिंग में शामिल 26 दल
- कांग्रेस, TMC, CPI, CPM, NCP, JDU, DMK, AAP, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना (UTB)
- RJD, सपा, J&K NC, PDP, CPI (ML), RLD, IUML, केरला कांग्रेस, केरला कांग्रेस(एम), MDMK
- VCK, RSP, KMDK, AIFB, अपना दल (कमेरावादी), मनीथानेया मक्कल काची (MMK)
विपक्ष और NDA की मीटिंग में कुल 64 पार्टियां शामिल हो रही हैं। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में 37 पार्टियों के नेता ही जीत पाए थे। देश में फिलहाल 6 पार्टियों को राष्ट्रीय पार्टी, 54 को क्षेत्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है। इसके अलावा 2,597 पार्टियां ऐसी हैं, जो सिर्फ चुनाव आयोग में रजिस्टर्ड हैं, लेकिन कम वोट हासिल होने की वजह से इन्हें मान्यता नहीं मिली है।
भाजपा ने आज NDA की मीटिंग में शामिल होने वाले सभी 38 दलों का नाम नहीं बताया है, लेकिन फिलहाल लोकसभा की 543 में से 331 सीटें NDA के पास हैं। जिनमें BJP की 307 सीटें हैं।
NDA की बैठक पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा- मुझे ताज्जुब है कि मोदी जी ने राज्यसभा में कहा था कि मैं सभी विपक्षियों पर अकेला भारी हूं।
अगर वो सभी विपक्षियों पर अकेले भारी हैं तो वो कल NDA की मीटिंग में 30 पार्टियों को क्यों बुला रहे हैं। उन 30 पार्टियों का नाम तो बताएं। वे हमारी मीटिंग से घबरा गए हैं।
इस बैठक से तेलंगाना CM के चंद्रशेखर राव, आंध्र प्रदेश के CM जगन मोहन रेड्डी, आंध्र के पूर्व CM चंद्रबाबू नायडू और ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने दूरी बना रखी है।
कांग्रेस के डिनर प्रोग्राम में लालू प्रसाद यादव लोअर-टीशर्ट पहनकर पहुंचे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी पहुंचे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का होटल पहुंचने पर कर्नाटक के सीएम ने स्वागत किया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी डिनर में शामिल होने पहुंचे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी चार्टर प्लेन से बेंगलुरु पहुंचे। कर्नाटक के CM सिद्धरमैया और डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने तीनों का स्वागत किया।
बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक से पहले विपक्ष के सभी बड़े नेताओं के होर्डिंग्स लगाए गए हैं।
विपक्ष की मीटिंग में शीट शेयरिंग समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष की कल से शुरू हो रही बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम, राज्यवार गठबंधन, सीट शेयरिंग के अलावा महागठबंधन के नए नाम पर चर्चा हो सकती है।
- ANI के मुताबिक, सभी दलों के साथ कॉर्डिनेशन के लिए एक संयोजक की नियुक्ति पर चर्चा होगी। इसके अलावा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए नेताओं का एक ग्रुप बनाने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
- सूत्रों के मुताबिक, 2004 लोकसभा चुनाव के बाद जिस तरह UPA की चेयरपर्सन सोनिया गांधी बनी थीं, उसी तरह नए महागठबंधन में भी सर्वसम्मति से ऐसी नियुक्ति हो। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस चाहती है कि विपक्षी दलों में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसे ही यह पद सौंपा जाए।
- सोनिया गांधी के नाम पर किसी भी दल को ऐतराज नहीं होगा, क्योंकि वो प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार नहीं होंगी। हालांकि दावा ये भी किया जा रहा है कि कांग्रेस इस पद को लेकर विवाद की स्थिति में पीछे भी हट सकती है।
- 23 जून को विपक्ष की पटना में हुई बैठक में कुछ दलों ने नीतीश कुमार को भी संयोजन बनाने की मांग रखी थी। हालांकि इस पर बात आगे नहीं बढ़ी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, विवेक तन्खा और डीके शिवकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
विपक्ष का नेता कौन, इस सवाल पर भड़के वेणुगोपाल
मीटिंग से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, विवेक तन्खा और डीके शिवकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वेणुगोपाल यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और विपक्षी दलों के नेता के सवाल पर पत्रकारों से नाराज हो गए।
उन्होंने कहा- मणिपुर में 75 दिनों से हिंसा जारी है। प्रधानमंत्री इस पर चुप हैं। सरकार चाहती है कि विपक्ष भी चुप रहे। राहुल गांधी की संसद सदस्यता अयोग्य ठहराया जाना जैसे बड़े मुद्दे हैं। देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इस पर तो आप लोग सवाल नहीं उठाते।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- कुछ नेता आज नहीं आ रहे हैं कल आएंगे और यह बैठक कल सुबह होने वाली है। 11 बजे बैठक शुरू होगी और शाम 4 बजे सभी पार्टियों के नेता देश को संबोधित करेंगे, लेकिन हमारी पटना बैठक के बाद अचानक प्रधानमंत्री को NDA का ख्याल आया। NDA में एक नई जान फूंकने की कोशिश की जा रही है।
बैठक में पहुंचने वाले नेताओं की तस्वीरें…
खड़गे, सोनिया, राहुल का स्वागत करते कर्नाटक के CM सिद्धरमैया।
पटना से लालू प्रसाद यादव बैठक में शामिल होने के लिए बेंगलुरु पहुंचे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बैठक में शामिल होने पहुंचे।
बेंगलुरु पहुंची ममता बनर्जी का स्वागत करते कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार।
तमिलनाडु के CM एम के स्टालिन भी पार्टी सांसद टीआर बालू के साथ बेंगलुरु पहुंचे।
बैठक की तैयारियों की तस्वीरें…
ये बैठक बेंगलुरु के होटल ताज वेस्ट एंड में होगी। होटल के गेट पर लगा बैठक का बैनर।
बैठक में शामिल होने वाले नेताओं की तस्वीरों वाला पोस्टर सड़कों पर लगाया गया है।
इस होटल में आज शाम को सोनिया गांधी सभी नेताओं के लिए डिनर होस्ट करेंगीं।
पिछली बैठक में शामिल हुए थे 17 विपक्षी दल
पहली बैठक 24 दिन पहले 23 जून को बिहार के CM नीतीश कुमार ने पटना में बुलाई थी, जिसमें 17 राजनीतिक दल शामिल हुए थे। इस बार विपक्षी कुनबे को और मजबूत करने के लिए 8 और दलों को न्योता भेजा गया है।
पहली बैठक में जनता दल यूनाइटेड (JDU), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), आम आदमी पार्टी (AAP), द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK), तृणमूल कांग्रेस (TMC), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सिस्ट CPM, CPI (ML), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP), नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), सपा, JMM और NCP शामिल हुए थे।
8 नए दलों को मिलाकर 26 पार्टियों के नेता आएंगे
इस बार विपक्षी कुनबे को और मजबूत करने के लिए 8 और दलों को न्योता भेजा गया है। इनमें मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (MDMK), कोंगु देसा मक्कल काची (KDMK), विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP), ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), केरल कांग्रेस (जोसेफ) और केरल कांग्रेस (मणि) ने हामी भरी है। इन नई पार्टियों में से KDMK और MDMK 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान BJP के साथ थीं।
मीटिंग में आज इन 26 दलों के नेता पहुंचे
कांग्रेस, TMC, CPI, CPM,NCP, JDU, DMK, AAP, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना (UTB), RJD, सपा, J&K NC, PDP, CPI (ML), RLD, IUML, केरला कांग्रेस, केरला कांग्रेस(एम), MDMK,VCK, RSP, KMDK, AIFB, अपना दल (कमेरावादी), मनीथानेया मक्कल काची (MMK)।
सीमा हैदर से 6 घंटे तक चली ATS की पूछताछ; चाचा और भाई पाकिस्तानी सेना में हैं
पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर से यूपी के एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने 6 घंटे तक पूछताछ की। ATS ने उसके पति सचिन से भी पूछताछ की। इंटेलिजेंस ब्यूरो को इनपुट मिला है कि उसके चाचा पाकिस्तानी सेना में सूबेदार हैं, भाई भी सैनिक है। सीमा के पासपोर्ट और मोबाइल डिटेल्स की जांच की जा रही है।
IB के इनपुट के बाद एजेंसियों ने फिर से जासूसी एंगल पर जांच शुरू की है। सीमा नोएडा के जिस गांव में रह रही है। वहां एक दरोगा, 2 महिला और एक पुरुष कॉन्स्टेबल तैनात हैं। पुलिस परिवार के हर मूवमेंट पर नजर रख रही है। किसी भी बाहरी को परिवार से मिलने की इजाजत नहीं है।
. केदारनाथ मंदिर में मोबाइल पर बैन; श्रद्धालुओं को शालीन कपड़ों में आने की हिदायत
केदारनाथ मंदिर में मोबाइल फोन ले जाने पर बैन लगा दिया गया है। अब श्रद्धालु मंदिर परिसर में न तो तस्वीरें ले सकेंगे और न ही वीडियो बना सकेंगे। श्रद्धालुओं को मंदिर में शालीन कपड़े पहनकर आने की हिदायत भी दी गई है। आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले एक महिला ब्लॉगर ने मंदिर के सामने अपने प्रेमी को प्रपोज किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मंदिर समिति का कहना है कि ये धार्मिक स्थान है, जहां लोग काफी आस्था से आते हैं। भक्तों को उसका सम्मान करना चाहिए।
. सुप्रीम कोर्ट बोला- दिल्ली के LG और CM लड़ाई-झगड़े से ऊपर उठें, आप संवैधानिक पदों पर हैं
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली के LG और मुख्यमंत्री दोनों ही संवैधानिक पदों पर हैं। इन्हें लड़ाई-झगड़े से ऊपर उठना चाहिए। अदालत ने ये बात दिल्ली सरकार की इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन के चेयरमैन की नियुक्ति पर दाखिल याचिका की सुनवाई के दौरान कही। वहीं केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ दिल्ली सरकार की याचिका की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ करेगी।
दिल्ली के राज्यपाल विनय सक्सेना और CM अरविंद केजरीवाल एक-दूसरे पर फैसले में दखल देने का आरोप लगाते हैं। राजधानी में अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर पब्लिक ऑर्डर, पुलिस और जमीन के मामलों में उप-राज्यपाल की मंजूरी जरूरी है।
. दिल्ली के बाद अब यूपी में बाढ़ का खतरा; हिमाचल में बादल फटा; हरियाणा में 16 ट्रेनें रद्द
यूपी के आगरा और मथुरा में यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। आगरा में 45 साल बाद यमुना का पानी ताजमहल की दीवार तक पहुंचा है। यूपी के अलीगढ़, फिरोजाबाद और इटावा सहित कई जिलों में बाढ़ का असर है। हिमाचल के कुल्लू में बाद फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां बाढ़-लैंडस्लाइड से 108 लोगों की मौत हो चुकी है। हरियाणा में रेलवे ट्रैक टूटने से 16 ट्रेनें रद्द हैं।
उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, काली और कृष्णा नदी का जलस्तर कई जिलों में खतरे के निशान को पार कर गया है। 17 जुलाई तक उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 43% अधिक बारिश और मध्य भारत में 4% अधिक बारिश हुई है। ऐसे में उत्तरी राज्यों से बहने वाली नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
राजस्थान में टेक ऑफ से ठीक पहले रोकी फ्लाइट; पैसेंजर का मोबाइल बहुत गर्म हो गया था
उदयपुर से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में एक पैसेंजर का मोबाइल बहुत गर्म हो गया। पैसेंजर ने इसकी जानकारी क्रू मेंबर को दी। विमान टेकऑफ होने ही वाला था, लेकिन पायलट ने फ्लाइट को रोक दिया। जांच पूरी होने के बाद विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
अगर सही समय पर जांच नहीं की जाती, तो मोबाइल की वजह से प्लेन में सवार 140 पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स की जान को खतरा हो सकता था। फ्लाइट के टेक ऑफ के दौरान पैसेंजर्स को फोन फ्लाइट मोड में रखने के लिए कहा जाता है, ऐसा न करने पर ये फ्लाइट के नेविगेशन सिस्टम में रुकावट डाल सकता है, पायलट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से सम्पर्क टूटने का भी खतरा रहता है।
चंद्रयान-3 एक और ऑर्बिट ऊपर गया; अगली तीन कोशिशों में चांद की कक्षा में पहुंच जाएगा
इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की दूसरी ऑर्बिट रेजिंग प्रोसेस सक्सेसफुली पूरी की। यानी अब चंद्रयान पृथ्वी की दूसरी और पहले से बड़ी कक्षा में पहुंच गया है। ऑर्बिट रेजिंग प्रॉसेस को बेंगलुरु के टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (ISTRAC) से कंट्रोल किया जा रहा है। 31 जुलाई तक ऑर्बिट रेजिंग की प्रक्रिया 3 बार और की जाएगी। इसके बाद चंद्रयान चांद की कक्षा में पहुंच जाएगा।
अगर चंद्रयान सॉफ्ट लैंडिंग में कामयाब रहा तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। अमेरिका और रूस दोनों के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने से पहले कई स्पेस क्राफ्ट क्रैश हुए थे। चीन 2013 में चांग’ई-3 मिशन के साथ अपने पहले प्रयास में सफल होने वाला एकमात्र देश है।
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के वैज्ञानिकों ने सोमवार को चंद्रयान-3 की दूसरी ऑर्बिट रेजिंग प्रोसेस सक्सेसफुली पूरी की। अब स्पेसक्राफ्ट 41603 Km x 226 Km ऑर्बिट में है। इसका मतलब है कि चंद्रयान-3 अब ऐसी अंडाकार कक्षा में घूम रहा है जो पृथ्वी से सबसे करीब 226 Km और सबसे दूर 41,603 Km है। स्पेसक्राफ्ट की हेल्थ भी नॉर्मल है।
कक्षा बढ़ाने के लिए अगली फायरिंग मंगलवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच प्लान की गई है। इसके बाद पृथ्वी के ऑर्बिट में दो बार और फायरिंग की जाएगी। स्पेसक्राफ्ट 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि को पृथ्वी की कक्षा छोड़कर चंद्रमा की ओर बढ़ेगा। 5 तारीख को चंद्रमा की ग्रैविटी स्पेसक्राफ्ट को कैप्चर करेगी। 23 तारीख को ये चंद्रमा पर लैंड करेगा।
चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स का अध्ययन करेगा। मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर कैसे भूकंप आते हैं। यह चंद्रमा की मिट्टी का अध्ययन भी करेगा।
लॉन्चिंग के 16 मिनट बाद चंद्रयान-3 को रॉकेट ने पृथ्वी की कक्षा में छोड़ दिया।
भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा
अगर सॉफ्ट लैंडिंग में सफलता मिली यानी मिशन सक्सेसफुल रहा तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। अमेरिका और रूस दोनों के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने से पहले कई स्पेस क्राफ्ट क्रैश हुए थे। चीन 2013 में चांग’ई-3 मिशन के साथ अपने पहले प्रयास में सफल होने वाला एकमात्र देश है।
प्रोपल्शन मॉड्यूल से अलग होने के बाद लैंडर कुछ इस तरह से 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा।
आर्मी कैंप की रेकी करने वाले जासूसों को उम्रकैद; ISI को सीक्रेट इन्फॉर्मेशन पहुंचाते थे
अहमदाबाद की सेशन कोर्ट ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। ये राजस्थान के जोधपुर, अहमदाबाद, गांधीनगर और कच्छ में मिलिट्री कैंप की रेकी करते थे। फिर आर्मी के मूवमेंट, नक्शे और सीक्रेट इन्फॉर्मेशन पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) को देते थे।
सजा पाए दो आरोपी अहमदाबाद के और एक राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। पाकिस्तान तक अपने मैसेज भेजने के लिए इन्हें फेक ईमेल आईडी और पासवर्ड दिए गए थे। आरोपी इन मेल में अपने मैसेज ड्राफ्ट में सेव कर देते थे। वहीं, दूसरी ओर पाक खुफिया एजेंसी के एजेंट मेल ओपन कर ड्राफ्ट मैसेज निकाल लेते थे।
सावन का दूसरा सोमवार: काशी विश्वनाथ पहुंचे 5 लाख श्रद्धालु; उज्जैन में महाकाल की सवारी
सावन के दूसरे सोमवार पर देशभर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और उनके अभिषेक के लिए शिवभक्त उमड़ पड़े। वाराणसी में 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। चित्रकूट में भक्तों पर पहली बार हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई। उज्जैन में बारिश के बीच राजाधिराज भगवान महाकाल की सवारी निकली। झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए 8 किमी. लंबी लाइन लग गई।
सावन के दूसरे सोमवार के साथ सोमवती अमावस्या भी था। 57 साल बाद ऐसा संयोग बना, जब श्रावण माह के सोमवार के दिन सोमवती हरियाली अमावस्या पड़ी। इससे पहले यह योग 1966 में बना था। शिवपुराण के मुताबिक शिवजी सावन महीने में धरती पर यानी अपने ससुराल आए थे। मान्यता है कि हर साल सावन में शिवजी आते हैं, इसलिए इस महीने शिव की विशेष पूजा की जाती है।
तस्वीरों में सावन का दूसरा सोमवार…
महाकालेश्वर: 57 साल बाद सावन सोमवार और सोमवती अमावस्या, महाकालेश्वर मंदिर रात 2:30 बजे खोला गया
57 साल बाद ऐसा संयोग बना है, जब श्रावण माह के सोमवार के दिन सोमवती हरियाली अमावस्या पड़ी है। इससे पहले यह योग 1966 में बना था। महाकालेश्वर मंदिर के पट रात 2:30 बजे खोल दिए गए। सुबह 10 बजे तक 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शाम तक 4 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
काशी विश्वनाथ: 108 डमरूदल 3 किमी. तक रैली निकालेंगे; 10 लाख श्रद्धालु चढ़ाएंगे जल
वाराणसी में बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह की मंगला आरती के बाद 4 बजे से ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो चुका है। आज शाम गौरी-शंकर का खास श्रृंगार होगा। दोपहर 1 बजे भोपाल से आए 109 डमरू दल 3 किमी रैली निकालेंगे। आज 10 लाख भक्त काशी पहुंच सकते हैं। चित्रकूट में भक्तों पर पहली बार हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
बाबा बैद्यनाथ: आधी रात से जुटे कांवड़िये, नंदन पहाड़ तक पहुंची कतार
झारखंड के देवघर में चल रहे राजकीय श्रावणी मेला में भक्तों की भीड़ जुटी हुई है। कांवड़ियों की कतार आधी रात से ही लगनी शुरू हो गई थी। अब यह कतार मंदिर से आठ किमी लंबी होकर नंदन पहाड़ तक पहुंच चुकी है। 19 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पवित्र श्रावण मास के बीच मलमास (पुरुषोत्तम मास) का संयोग लगा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
विद्यापति धाम, गरीबनाथ मंदिर: रात 1 बजे से कतारों में लगे श्रद्धालु, पटना के कई मंदिरों में मुफ्त दूध का प्रबंध
सावन की दूसरी सोमवारी पर बिहार के शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा हुआ है। समस्तीपुर में मिथिलांचल के देवघर कहे जाने वाले विद्यापतिधाम स्थित (बालेश्वर स्थान) उगना महादेव मंदिर में रात एक बजे से ही श्रद्धालु कतारों में खड़े हो गए। उत्तर बिहार के बाबा धाम कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ मंदिर में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की उम्मीद जताई गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
देशभर के मंदिरों में पूजन की तस्वीरें…
छोटी काशी कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के मंडी में बाबा भूतनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं।
उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में स्नान किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक किया।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में आनंदेश्वर शिव मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में श्रद्धालुओं ने मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
एनडीए में वापस आए मोदी के हनुमान, नड्डा-शाह की मीटिंग के बाद की औपचारिक घोषणा
लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास पासवान) चीफ चिराग पासवान आज औपचारिक रूप से एनडीए में शामिल हो गए। उनके गठबंधन में शामिल होने की घोषणा खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की है। नड्डा ने ट्वीट करते हुए कहा कि श्री चिराग पासवान जी से दिल्ली में भेंट हुई। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में शामिल होने का निर्णय लिया है। मैं उनका NDA परिवार में स्वागत करता हूँ।
एनडीए की बैठक में 38 दल होंगे शामिल… जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने अपनी पीसी में बताया कि 18 जुलाई को एनडीए में 38 दल शामिल होंगे। नड्डा ने कहा कि 9 साल में एनडीए का ग्राफ बढ़ा है। बता दें कि 18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की महाबैठक होगी।

