दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने संसद में दिल्ली सर्विस बिल पास होने के बाद आज पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर जमकर हमला किया। केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में आज केंद्र सरकार की नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा। उधर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट। मध्य प्रदेश में 39 सीटों पर उम्मीदवार घोषित, छत्तीसगढ़ में 21 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान। वहीं ISRO ने खुशखबरी दी है। ISRO ने बताया है कि चंद्रयान-3 का लैंडर और प्रणोदन मॉड्यूल सफलतापूर्वक अलग हो गए हैं। अब लैंडर शुक्रवार को चंद्रमा के पास की थोड़ी निचली कक्षा में उतरेगा।
आज का प्रमुख इवेंट
- सुप्रीम कोर्ट में बिहार जातिगत सर्वे पर रोक लगाने वाली याचिका पर आज सुनवाई होगी। 14 अगस्त को कोर्ट ने बिहार में चल रहे जाति-आधारित जनगणना पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
- कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी को लोकसभा से निलंबित करने के मामले में संसद की विशेषाधिकार समिति आज बैठक करेगी। 10 अगस्त को संसद के मानसून सत्र के दौरान अधीर रंजन को गलत आचरण के चलते लोकसभा से सस्पेंड कर दिया गया था।
MP-CG में भाजपा की पहली लिस्ट जारी; मध्यप्रदेश के 39, छत्तीसगढ़ के 21 उम्मीदवार तय
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग बुधवार देर रात तक नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई थी। मीटिंग में PM मोदी ने MP के नेताओं से कमजोर सीटों पर फोकस करने के लिए कहा था।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही मध्य प्रदेश की 39 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। ये सभी वो सीटें हैं, जहां वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है और बीजेपी लगातार दो बार से हार रही है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी 21 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन सीट से उनके भतीजे विजय बघेल को उतारा है।
2018 में हुए विधानसभा चुनाव में इन दोनों राज्यों में कांग्रेस को जीत मिली थी। हालांकि, बाद में MP में कांग्रेस के 22 विधायक BJP में शामिल हो गए और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी। वहीं, छत्तीसगढ़ में कुल 90 विधानसभा सीटों में से BJP को सिर्फ 15 सीट पर ही जीत मिली थी। कांग्रेस ने 68 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अब बीजेपी उन सीटों पर ज्यादा फोकस कर रही है, जहां उसको हार मिली या फिर कमजोर दिख रही है।
पाकिस्तान में आतंकी यासीन मलिक की पत्नी PM की एडवाइजर बनीं
जम्मू-कश्मीर के आतंकी यासीन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को पाकिस्तान के केयर टेकर प्राइम मिनिस्टर का सलाहकार बनाया गया है। वे अलगाववादी नेता यासीन मलिक की पत्नी हैं, जिस पर युवाओं को आतंकवाद के लिए उकसाने का आरोप है। मुशाल मलिक के पास पाकिस्तान के अलावा ब्रिटेन की नागरिकता है, पाक में दोहरी नागरिकता वाले फुल टाइम मिनिस्टर नहीं बन सकते, लेकिन एडवाइजर बनाया जा सकता है।

आतंकी यासीन की पत्नी मुशाल पाकिस्तान में बैठ कर अक्सर भारत विरोधी बयान देती रहती हैं। पिछले दिनों आई फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ पर उन्होंने कहा था- कश्मीर पूरी तरह से पाकिस्तान का है और हम इसे लेकर रहेंगे। पाकिस्तान से वो अपने आतंकी पति की रिहाई की भी मुहिम चलाती रही हैं।
पाकिस्तान के टीवी चैनल ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक कश्मीर के आतंकी यासीन मलिक की पाकिस्तानी मूल की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को स्पेशल एडवाइजर टू प्राइम मिनिस्टर (SAPM) बनाया गया है। उनके अलावा चार और लोग भी स्पेशल एडवाइजर बनाए गए हैं।
पाकिस्तान के संविधान के मुताबिक दोहरी नागरिकता वाले शख्स को एडवाइजर तो बनाया जा सकता है, लेकिन वो फुल टाइम मिनिस्टर नहीं हो सकता। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुशाल के पास पाकिस्तान के अलावा ब्रिटेन की भी नागरिकता है।
मुशाल पाकिस्तान में बैठकर अलापती हैं कश्मीर राग
मुशाल पाकिस्तान में बैठ कर अक्सर भारत विरोधी बयान देती रहती हैं। पिछले दिनों आई फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ पर उन्होंने कहा था- कश्मीर पूरी तरह से पाकिस्तान का है और हम इसे लेकर रहेंगे। पाकिस्तान से वो अपने आतंकी पति की रिहाई की भी मुहिम चलाती रही हैं। उनकी बेटी भी इसमें शामिल है जो इस वक्त ब्रिटेन में रहती है।
यासीन मलिक एक कश्मीरी आतंकी और अलगाववादी नेता है। वो जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) से जुड़ा है। उस पर युवाओं को आतंकवाद के लिए उकसाने का भी आरोप है।
यासीन मलिक को 2022 में NIA कोर्ट ने टेरर फंडिंग केस, UAPA और देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
कश्मीर में आतंकी हमलों के लिए फंडिंग करता था
यासीन मलिक को 2022 में NIA कोर्ट ने टेरर फंडिंग केस, UAPA और देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप में उम्र कैद सुनाई थी। दो मामलों में उम्रकैद और अन्य मामलों में 10 साल सजा सुनाई गई थी। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। यासीन पर पाकिस्तान के समर्थन से कश्मीर में आतंकी हमलों के लिए फंडिंग और आतंकियों को हथियार मुहैया कराने से जुड़े कई केस दर्ज थे।
श्रीनगर में वायुसेना के जवानों पर हमला
मलिक पर 25 जनवरी 1990 को श्रीनगर में एयरफोर्स के जवानों पर हमला करने का आरोप है। इस घटना में 40 लोग घायल हुए थे, जबकि चार जवान शहीद हो गए थे। स्क्वॉड्रन लीडर रवि खन्ना इनमें से एक थे। यह सभी एयरपोर्ट जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया था। मलिक ने एक इंटरव्यू में हमले की बात कबूल की थी।
मलिक पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी रूबिया सईद के अपहरण के भी आरोप लगे थे। 1990 में कश्मीरी पंडितों की हत्या कर उन्हें घाटी छोड़ने पर मजबूर करने में भी यासीन की अहम भूमिका थी।
मणिपुर हिंसा की जांच CBI के 53 अफसर करेंगे, टीम में 29 महिलाएं
यह मणिपुर हिंसा की 11 जून की तस्वीर है। इसमें कुकी समुदाय के घर जलते हुए दिख रहे हैं।
मणिपुर हिंसा के मामलों की जांच के लिए CBI ने 53 अफसरों की लिस्ट तैयार की है। इनमें 29 महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह अपनी तरह का पहला मोबिलाइजेशन है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में महिला अधिकारियों को एक साथ सर्विस में तैनात किया गया है। CBI मणिपुर हिंसा से जुड़े 17 मामलों की जांच कर रही है। इनमें महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित दो मामले भी शामिल हैं।
मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से जारी हिंसा में 160 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मणिपुर में 6523 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें से 11 केस महिलाओं और बच्चों की हिंसा से जुड़े हैं।
ऐसे हिंसा के मामलों में पुलिस के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट्स को निगरानी अधिकारी नहीं बनाया जा सकता है, इसलिए CBI ने तीन DIG और एक पुलिस सुपरिंटेंडेंट को जांच की निगरानी करने के लिए भेजा है।
DIG अधिकारियों के नाम हैं- लवली कटियार, निर्मला देवी और मोहित गुप्ता। जॉइंट डायरेक्टर घनश्याम उपाध्याय इस पूरी जांच प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। पुलिस सुपरिंटेंडेंट राजवीर उन्हें रिपोर्ट करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, यह अपनी तरह का पहला मोबिलाइजेशन है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में महिला अधिकारियों को एक साथ सर्विस में तैनात किया गया है।
दो अतिरिक्त महिला पुलिस सुपरिंटेंडेंट्स और छह महिला डिप्टी सुपरिंटेंडेंट्स भी इस टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा 16 इंस्पेक्टर और 10 सब-इंस्टपेक्टर्स भी इस टीम का हिस्सा रहेंगे।
इंफाल में बुधवार को लामलाई केंद्र विलेज वॉलंटियर फोर्स के सदस्यों और ग्वालताबी गांव के विस्थापित लोगों ने वहां से सुरक्षाबलों को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मणिपुर से जुड़े दो अपडेट…
- मणिपुर के कई जिलों में बुधवार को सुरक्षाबलों ने छापेमारी की। इसमें सुरक्षाबलों को 8 हथियार, गोलियों के 112 राउंड और छह विस्फोटक बरामद हुए। ये हथियार बिष्णुपुर, चुराचांदपुर, तेंगनोउपाल, कांगपोकपी और इंफाल पूर्व जिलों से मिले हैं।
- दिल्ली विधानसभा में आज मणिपुर मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। गुरुवार के लिए सदन की कार्यवाही में मणिपुर मुद्दे को भी लिस्ट किया गया है। विधायक दुर्गेश पाठक, विनय मिश्रा और कुलदीप कुमार इस पर चर्चा कर सकते हैं।
मणिपुर के पुलिस बल की मदद नहीं लेगी CBI
अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर जब किसी राज्य में हिंसा से जुड़े कई मामलों को जांच के लिए CBI को सौंपा जाता है, तो एजेंसी जनशक्ति मुहैया करवाने के लिए उसी राज्य पर आश्रित रहती है। लेकिन मणिपुर के मामलों की जांच में CBI लोकल अधिकारियों को शामिल नहीं करना चाहती है, ताकि जांच में पक्षपात के आरोप न लगें।
सूत्रों का कहना है कि CBI जिन मामलों की जांच कर रही है, उनमें से कई मामलों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम 1989 का प्रावधान शामिल हो सकता है, जिसकी जांच डिप्टी सुपरिंटेंडेंट रैंक का अधिकारी करेगा।
मणिपुर हिंसा के 17 मामलों की जांच CBI करेगी
CBI को मणिपुर हिंसा से 17 मामले जांच के लिए सौंपे गए हैं। CBI ने अब तक 8 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें मणिपुर में महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित दो मामले भी शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि CBI के पास और केस भी आ सकते हैं। इसमें खासकर महिलाओं के साथ हुए उत्पीड़न, कुकी महिला के वायरल वीडियो के मामले शामिल होंगे। इसके अलावा 9 अगस्त को मैतेई महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया था। इसकी जांच भी CBI को दी जा सकती है।
मलेशिया में प्लेन क्रैश से 10 की मौत, एयरपोर्ट के बजाय हाईवे पर करने लगा लैंड
मलेशिया के सेलांगोर में एक प्राइवेट प्लेन दो वाहनों से टकराकर क्रैश हो गया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। प्लेन में 2 क्रू मेंबर और 6 पैसेंजर सवार थे। हादसे में सड़क से गुजर रहे दो लोगों की भी मौत हुई है। हादसे से कुछ देर पहले प्लेन का एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से संपर्क टूट गया था। यह हाईवे पर लैंड करने लगा, उसी दौरान एक कार और एक बाइक से टकरा गया।
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के मुताबिक, 2022 में कुल प्लेन से जुड़ी 39 दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 174 से ज्यादा से लोगों की मौत हो गई। इसी संस्था ने बताया कि 1982 से 2019 तक 83 हजार से ज्यादा प्लेन दुर्घटनाएं हुईं और इसमें करीब 95 हजार लोग घायल हुए। हालांकि, संस्था ने मौतों का आंकड़ा नहीं बताया।
2023 की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी गदर-2, अब तक का कलेक्शन ₹261 करोड़
गदर-2, पठान के बाद 2023 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। फिल्म ने 238 करोड़ रुपए कमाने वाली द केरला स्टोरी को पीछे कर दिया है। इंडियन बॉक्स ऑफिस में सिर्फ 6 दिन में गदर-2 की टोटल कमाई 261.35 करोड़ रुपए हो गई है। अब 543.05 करोड़ कमाने वाली शाहरुख खान की फिल्म पठान सिर्फ गदर-2 से आगे है।
फिल्म दुनिया के एक्सपर्ट्स का मानना है कि गदर-2, पठान के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे कर सकती है। खास बात यह है कि पठान सोलो रिलीज हुई थी। इसके अलावा उसका स्क्रीन काउंट भी गदर-2 से ज्यादा था। इसके बावजूद अगर गदर-2, पठान के कलेक्शन के नजदीक भी पहुंचती है, तो यह अपने आप में ऐतिहासिक होगा।
गदर-2, पठान के बाद 2023 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। फिल्म ने द केरला स्टोरी के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे कर दिया है। बात OMG-2 की करें तो इसने बुधवार को 7.20 करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म की टोटल कमाई 79.47 करोड़ हो गई है।
2023 की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी
गदर-2 सिर्फ 6 दिनों में इस साल की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है। अब इसके आगे सिर्फ शाहरुख खान की फिल्म पठान (543.05 करोड़) है। इस साल द केरला स्टोरी जैसी छोटे बजट की फिल्म ने काफी अच्छा कारोबार किया था। यह फिल्म 238 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर थी।
अभी गदर-2 को रिलीज हुए एक हफ्ते भी नहीं हुए हैं, इसने इस साल की कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है।
गदर-2 का ओवरसीज कलेक्शन 300 करोड़ के बहुत करीब
गदर-2 विदेशों में भी अच्छी कमाई कर रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर sacnilk के मुताबिक, फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 28 करोड़ रहा। इस हिसाब से बुधवार को गदर-2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 298.2 करोड़ रुपए हो गया था।
फिल्म 11 अगस्त को रिलीज हुई है।
पठान के कलेक्शन को पीछे करेगी गदर-2?
सोशल मीडिया पर कुछ ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि गदर-2, पठान के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे कर सकती है। फिल्म जिस रफ्तार से कमाई कर रही है, ऐसा संभव भी दिख रहा है। फिल्म दूसरे हफ्ते में कैसी कमाई करेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
खास बात यह है कि पठान सोलो रिलीज हुई थी। इसके अलावा उसका स्क्रीन काउंट भी गदर-2 से ज्यादा था। इसके बावजूद अगर गदर-2, पठान के कलेक्शन के नजदीक भी पहुंचती है, तो यह अपने आप में ऐतिहासिक होगा।
100 करोड़ क्लब की तरफ बढ़ रही है OMG-2
OMG-2 भी धीरे-धीरे 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए कदम बढ़ा रही है। अक्षय कुमार के लिए यह एक राहत की सांस होगी। उनकी पिछली फिल्म सेल्फी डिजास्टर रही थी। ऐसे में उन्हें OMG-2 से काफी सारी उम्मीदें थीं।
गदर-2 के साथ क्लैश होने पर फिल्म को नुकसान हुआ है, फिर भी पहले 6 दिन के अंदर फिल्म ने 79.47 करोड़ की कमाई कर अच्छा संदेश दिया है। क्लैश न होने की दशा में अब तक फिल्म 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर चुकी होती।
राष्ट्रपति मुर्मू ने वॉरशिप INS विंध्यगिरि लॉन्च किया, ब्रह्मोस तैनात हो सकेगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू में कोलकाता में वॉरशिप INS विंध्यगिरि को लॉन्च किया। यह वॉरशिप एंटी-सबमरीन रॉकेट लॉन्चर्स और ऑटो मेलारा नौसैनिक गन से लैस है, जो दुश्मन के जहाज या हेलिकॉप्टर पर हमला कर उसे तबाह कर सकती है। इसमें दो डीजल इंजन लगे हैं। इसके अलावा 2 जनरल इलेक्ट्रिक इंजन लगे हैं। यानी यह इलेक्ट्रिक-डीजल युद्धपोत है।
विंध्यगिरी अगर 52 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से चले तो इसकी रेंज 4600 किलोमीटर रहेगी। अगर 30-33 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चले तो यह 10,200 किलोमीटर तक जा सकता है। इसमें इमरजेंसी बचाव या हमला करने के लिए दो बोट्स हैं। इसमें एक साथ 35 अधिकारियों सहित 226 नौसैनिक तैनात हो सकते हैं।
जिस दिल्ली को लेकर झगड़ा वहां AAP-कांग्रेस साथ आए तो क्या बनेगी बात, आंकड़े देख चौंक जाएंगे
पिछले महीने की ही बात है जब कांग्रेस और AAP दोनों दल एक साथ आने का फैसला करते हैं। दिल्ली वाले बिल पर केजरीवाल की शर्त थी कि कांग्रेस इसके विरोध का ऐलान करे तभी वह विपक्षी दलों की मीटिंग में जाएंगे। हुआ भी ठीक वैसा। कांग्रेस ने बिल का विरोध किया और आम आदमी पार्टी का समर्थन करने का फैसला। संसद में दिल्ली वाला बिल तो पास हो गया लेकिन मॉनसून सत्र में कांग्रेस और AAP के बीच अच्छी बॉन्डिंग दिखी। हालांकि मॉनसून सत्र के समाप्त होने के कुछ ही दिन बाद एक बार फिर दोनों दलों के बीच खींचतान बढ़ गई है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर अभी कोई बात नहीं हुई है और इसी बीच कांग्रेस नेता अलका लांबा के दिल्ली के सभी सात सीटों पर तैयारी वाले बयान के बाद विवाद काफी बढ़ गया। दोनों ओर से बयानबाजी भी शुरू हो गई। हालांकि कुछ घंटे बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ओर से डैमेज कंट्रोल की कोशिश हुई। ऐसे में जिस दिल्ली को लेकर बवाल मचा है उसमें यह जानना जरूरी है कि क्या दोनों दल साथ मिलकर लड़े तो वह बीजेपी को मात दे सकते हैं?
हमारे संज्ञान में आया है कि लोगों को धोखा देने के लिए दिल्ली पुलिस की IFSO (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट के नाम पर कुछ नोटिस भेजे जा रहे हैं। ये नोटिस ईमेल पर भेजे जा रहे हैं जो सार्वजनिक डोमेन पर आसानी से उपलब्ध हैं। ये फर्जी नोटिस हैं और IFSO द्वारा ऐसा कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है: प्रशांत गौतम, DCP, IFSO, दिल्ली
फर्जी कॉल और फ्रॉड से अब मिलेगी मुक्ति.. सरकार ले आई है नए नियम, डीलर्स की बढ़ेगी झंझट
अब सिम कार्ड डीलरों के लिए पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जा रहा है और उनका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी होगा। सरकार ने मोबाइल सिम कार्ड बेचने में लगे 67,000 डीलरों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
सोने की कीमतों में आज फिर गिरावट, उधर चांदी के बढ़ गए भाव, जानिए क्या हैं दाम
सोने की कीमत में गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में गुरुवार को सोना गिरावट के साथ ट्रेड करता दिखाई दिया। एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 अक्टूबर 2023 की डिलीवरी वाला सोना गुरुवार शाम 0.18 फीसदी या 107 रुपये की गिरावट के साथ 58,574 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
जानिए कौन हैं AAP-कांग्रेस विवाद के बीच सुर्खियों में आई अलका लांबा, विवादों से रहा है नाता
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच एक बार फिर खींचतान शुरू हो गई है। इसकी शुरुआत हुई बुधवार कांग्रेस नेता अलका लांबा के दिए एक बयान के बाद। अलका लांबा के दिए बयान के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आपस में उलझकर रह गई है। मामला बढ़ता देख पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी की ओर से डैमेज कंट्रोल की कोशिश हुई। 26 दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की बैठक जल्द मुंबई में होने वाली है और इस मीटिंग से पहले अलका लांबा के बयान से विवाद बढ़ गया है। अलका लांबा की ओर कहा गया कि कांग्रेस पार्टी की मीटिंग में दिल्ली की सभी सात सीटों पर तैयारी करने को कहा गया है। हालांकि बाद में उनकी ओर सफाई दी गई। अलका लांबा के समर्थन में दिल्ली प्रदेश के कई नेता दिखाई पड़ रहे हैं। इस पूरे मामले में सुर्खियों में आईं अलका लांबा कौन हैं।