Site icon अग्नि आलोक

ताजा समाचार:यशस्वी ने डेब्यू सेंचुरी माता-पिता को समर्पित किया,द्वारकाधीश मंदिर में ड्रेस कोड लागू; कूनो में 4 महीने में 8 चीतों की मौत

Share

भारत ने एक बार फिर चांद पर पहुंचने की कोशिश की है। इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया। उधर, गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर ने श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है। हम आपको आगे बताएंगे कि MP में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता कितना बढ़ा है…

आज के प्रमुख इवेंट्स

  1. PM मोदी एक दिवसीय दौरे के लिए UAE जाएंगे। उनकी अबु धाबी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद जायद नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें UAE में रहने वाले भारतीयों के हितों और दोनों देशों के कारोबार से जुड़े मुद्दे पर बात की जाएगी।
  2. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की स्पेशल कोर्ट में आज निलंबित IAS पूजा सिंघल की पेशी होगी। सिंघल पर मनरेगा योजना में 18 करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप है।

चंद्रयान-3 पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा, 40 दिन में चांद पर लैंडिग करेगा

आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा से LVM3-M4 रॉकेट के जरिए चंद्रयान को स्पेस में भेजा गया।

इसरो ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से शुक्रवार दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया। LVM3-M4 रॉकेट के जरिए चंद्रयान को स्पेस में भेजा गया। 16 मिनट बाद चंद्रयान पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचा। चांद पर इसकी लैंडिग 23 अगस्त को शाम 5.47 बजे होगी।

इसरो ने 2008 और 2019 में चंद्रयान को चांद पर उतारना चाहा, लेकिन भारत को असफलता मिली। अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद पर उतरने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट उतार चुके हैं। इसरो इस मिशन के तहत चांद में रासायनिक तत्वों, मिट्टी और पानी को लेकर जानकारी जुटाना चाहता है।

. द्वारकाधीश मंदिर में ड्रेस कोड लागू , ट्रस्ट बोला- मंदिर की गरिमा बनाकर रखें

गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है। मंदिर के बाहर बैनर लगाए गए हैं। जिसमें श्रद्धालुओं से भारतीय संस्कृति के अनुसार कपड़े पहने और मंदिर में गरिमा बनाए रखने का अनुरोध किया गया है। मंदिर प्रशासन ने ये फैसला लोगों की शिकायत के बाद लिया है।

 पिछले पांच महीने में यूपी- राजस्थान सहित देश के 8 राज्य के कई मंदिरों में ड्रेस कोड लागू किया जा चुका है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि कई लोग अमर्यादित कपड़े पहनकर आते हैं और वीडियो बनाते हैं। इससे परिसर का माहौल खराब होता है। इसलिए ड्रेस कोड लागू करना पड़ रहा है।

दिल्ली में बाढ़ से 3 बच्चों की मौत, मोर्चा संभालने के लिए सेना तैनात

ये वीडियो दिल्ली के लाल किले का है। बगल से गुजर रही यमुना नदी का पानी किले के अंदर जा चुका है।

दिल्ली में बाढ़ से तीन बच्चों की मौत हो गई। इधर, यमुना खतरे के निशान से 3.4 मीटर ऊपर तक पहुंच गई। हालात ये हैं कि नदी का पानी सुप्रीम कोर्ट, लाल किला, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। सीएम केजरीवाल की मांग पर केंद्र ने मोर्चा संभालने के लिए सेना के इंजीनियरिंग कोर के जवान तैनात किए हैं।

 दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208.4 पहुंचकर 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ऐसी बाढ़ साल 1978 में आई थी, तब जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंच गया था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उस समय 18 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हुए थे।

MP के कूनो में एक और चीते की मौत, 24 में केवल 16 चीते बचे

मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में एक हफ्ते में दूसरे चीते सूरज की मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को तेजस की मौत हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, दोनों चीतों में हिंसक झड़प हुई थी। हालांकि अधिकारी मौत के सही कारण का पता लगाने की कोशिश में हैं।

 देश में 70 साल बाद सितंबर 2022 में चीतों की वापसी हुई। साउथ अफ्रीका और नामीबिया से कुल 20 चीते भारत लाए गए। एक मादा चीता ने चार शावकों जन्म दिया। ऐसे में उनकी संख्या 24 हो गई। इनमें से अब केवल 16 चीते ही बचे हैं। सुप्रीम कोर्ट भी चीतों की मौत पर नाराजगी जाहिर कर चुका है और केंद्र को दूसरी जगह शिफ्ट करने का आदेश दे चुका है।

फ्रांस में भी इस्तेमाल कर सकेंगे UPI, एफिल टावर से PM मोदी ने शुरुआत की

PM मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का ये वीडियो इंडिया-फ्रांस के CEO फोरम के दौरान का है।

PM मोदी ने एफिल टावर से फ्रांस में भारतीय UPI की शुरुआत की। अब वहां भी UPI के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा। दो दिवसीय दौरे पर फ्रांस पहुंचे PM मोदी को पेरिस के प्रेसिडेंट पैलेस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा। वे ये सम्मान पाने वाले पहले भारतीय PM बन गए हैं।

 भारत को फ्रांस से 26 राफेल-M लड़ाकू विमान खरीदने की मंजूरी मिल गई है। दोनों देशों के बीच 1970 से ही बड़े रक्षा सौदे होते आ रहे हैं। फ्रांस की मदद से ही भारत ने 1974 में अपना पहला परमाणु परीक्षण किया था। 1982 में फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा मितरां भारत आए थे, तब फ्रांस से 200 मिराज विमान खरीदे गए थे।

राजस्थान में दलित लड़की का रेप, BJP सांसद बोले- एसिड से चेहरा जलाया गया

राजस्थान के करौली में 18 साल की दलित लड़की का शव एक कुएं में मिला। आरोप है कि लड़की का रेप करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद एसिड से चेहरा जला दिया गया, ताकि चेहरा पहचाना न जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सांसद किरोड़ी लाल मीणा सहित कई भाजपा नेताओं ने अस्पताल के बाहर धरना दिया।

 नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के मुताबिक, राजस्थान में साल 2021 में कुल 6,337 रेप के मामले सामने आए, जो साल 2020 के 5,310 के मुकाबले एक हजार ज्यादा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 और 2021 में बाकी राज्यों की तुलना में राजस्थान में सबसे अधिक रेप के मामले सामने आए हैं। NCRB ने अभी 2022-23 के आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

यशस्वी ने डेब्यू सेंचुरी माता-पिता को समर्पित किया, पिता बोले- भोलेबाबा दोहरा शतक भी पूरा करें

इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने अपनी सेंचुरी माता-पिता को डेडिकेट की। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दिन 143 रन बनाकर क्रीज पर टिके रहे। शतक के बाद यशस्वी के पिता भूपेंद्र जायसवाल कावड़ यात्रा में निकल गए। उन्होंने कहा कि भोलेबाबा उसका दोहरा शतक भी पूरा करें। हालांकि, यशस्वी अगले दिन 171 रन बनाकर आउट हो गए।

 यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू टेस्ट में अपनी सेंचुरी माता-पिता को डेडिकेट की। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक लगाने के बाद 21 साल के भारतीय ओपनर बोले, ‘काफी इमोशनल मोमेंट था मेरे लिए, मैं इसे अपने माता-पिता को डेडिकेट करना चाहूंगा। बैटिंग अब भी जारी है, डबल सेंचुरी का नहीं सोच रहा, टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने पर फोकस है।’

शतक के बाद यशस्वी के पिता भूपेंद्र जायसवाल कावड़ यात्रा करने निकल गए। उन्होंने कहा, ‘भोलेबाबा से यही मांगूंगा कि बेटा मेरा दोहरा शतक मारे और उसकी (यशस्वी) मेहनत सफल हो।’

पिता बोले- भोलेबाबा यशस्वी की मेहनत सफल करे
सोशल मीडिया पर ‘भदोही वाला’ नाम के यूजर ने यशस्वी के पिता का वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में यशस्वी के पिता भूपेंद्र जायसवाल कावड़ यात्रा पर जाते नजर आए। उन्होंने कहा, ‘हमें बहुत खुशी हुई, भदोही जिला बहुत खुश है। मैं तो चाहता हूं कि बेटा मेरा दोहरा शतक मारे। भोलेबाबा से यही मांगूंगा कि बेटा मेरा दोहरा शतक मारे और उसकी (यशस्वी) मेहनत सफल हो।’

यशस्वी मुंबई से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन उनका जन्म उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में हुआ। उनका परिवार आज भी भदोही में ही रहता है।

कावड़ यात्रा के दौरान यशस्वी के पिता भूपेंद्र जायसवाल ने कहा, ‘भोलेबाबा से यही मांगूंगा कि उनका बेटा दोहरा शतक मारे।’

रोहित से क्या बातें हुईं
‘बैटिंग के वक्त रोहित भैया (रोहित शर्मा) के साथ काफी बात हुईं। गेम से पहले भी उन्होंने मुझे मोटिवेट किया कि ये पिच मेरे ही लिए है, मैं यहां रन बना सकता हूं। उसी हिसाब से मैं भी प्रिपेयर्ड था।’

भारत और वेस्टइंडीज के बीच डोमिनिका में पहला टेस्ट मैच 12 जुलाई से खेला जा रहा है। गुरुवार देर रात यशस्वी ने मैच के दूसरे दिन शतक लगाया। वह 143 रन बनाकर दिन का खेल खत्म होने तक नॉट आउट रहे। खेल खत्म होने के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।

जानते हैं यशस्वी की कही गईं अहम बातें…

MP में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4% बढ़ा, अब केंद्र के समान 42% मिलेगा

MP के 7 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को अगस्त महीने से केंद्र के बराबर 42% महंगाई भत्ता दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों को 400 से लेकर 6000 रुपए प्रतिमाह तक का फायदा होगा। जनवरी से जून तक महंगाई भत्ते का एरियर 3 समान किस्तों में मिलेगा।

15 राज्यों के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र के बराबर 42% भत्ता मिल रहा है। इनमें एमपी, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, झारखंड, गोवा, बिहार, असम, ओडिशा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, केरल और ओडिशा शामिल हैं।

चुनावी साल में मध्य प्रदेश सरकार सभी वर्गों को खुश करने में जुटी हुई है। शिवराज सिंह चौहान ने आज कर्मचारियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान 42% महंगाई भत्ता मिलेगा। जनवरी से जून तक महंगाई भत्ते का एरियर 3 बराबर किस्तों में दिया जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

प्रदेश में अभी कर्मचारियों को 38% महंगाई भत्ता मिलता है। इसे 4% बढ़ाया गया है। इससे कर्मचारी-अधिकारी को 400 से लेकर 6000 रुपए प्रतिमाह तक का फायदा होगा।

सीएम शिवराज सिंह चौहान की घोषणाएं

शिवराज बोले- हमारी सरकार हमेशा कर्मचारी हितैषी रही

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हमारी सरकार सदैव से कर्मचारी हितैषी सरकार रही है। कर्मचारियों के हितों में भी हमने अनेकों क्रांतिकारी फैसले किए हैं। पिछले दिनों हम ने घोषणा की थी कि हम राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देंगे। हमने फैसला किया है कि केंद्र के समान 42% महंगाई भत्ता हम जनवरी महीने से ही कर्मचारियों को मिलेगा। जनवरी से लेकर जून तक का एरियर तीन समान किस्तों में देंगे। वे सारे कर्मचारी जो छठवां वेतनमान ले रहे हैं, उनके महंगाई भत्ते में भी समानुपातिक वृद्धि की जाएगी।

सीएम शिवराज ने कहा, हमने 2014 में यह फैसला किया था कि हम अपने कर्मचारियों को तृतीय समय मान वेतनमान भी देंगे। जिन्होंने 30 साल की सेवा पूर्ण कर ली है, अब हमने यह भी फैसला किया है कि जिन्होंने 1 जुलाई 2023 तक अपनी सेवा के 35 साल पूरे कर लिए हैं, उनको हम चतुर्थ समयमान वेतनमान भी देंगे।

कांग्रेस ने तेलंगाना के सभी लोकसभा क्षेत्र में पर्यवेक्षक नियुक्त किए

कांग्रेस ने तेलंगाना में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की देखरेख के लिए लिए राज्य के सभी 17 लोकसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त किये हैं।पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 17 लोकसभा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की। विज्ञप्ति के अनुसार प्रकाश राठौर को अदिलाबाद, श्रीनिवास माने को भोंगीर, प्रसाद अब्बया को हैदराबाद, क्रिस्टोफर तिलक को करीमनगर और आरिफ नसीम खान को खम्मम लोकसभा क्षेत्र के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। कांग्रेस का कहना है कि पर्यवेक्षक विधानसभा चुनाव की तैयारियों की देखरेख करेंगे। पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए ज्यादातर नेताओं का संबंध महाराष्ट्र और कर्नाटक से है। तेलंगाना में इस साल नवंबर- दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है। राज्य में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सत्तारूढ़ है जिसे कांग्रेस कड़ी चुनौती देने का प्रयास कर रही है।

यूसीसी पर क्या बोला विधि आयोग

भारत के विधि आयोग ने यूसीसी पर कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विषय पर जनता की जबरदस्त प्रतिक्रिया और अपनी टिप्पणियाँ प्रस्तुत करने के लिए समय के विस्तार के संबंध में विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त कई अनुरोधों को देखते हुए, विधि आयोग ने इसके लिए दो सप्ताह का विस्तार देने का निर्णय लिया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की इमारत के पास क्षतिग्रस्त नाले का निरीक्षण किया।

जस्टिस एस वेंकटनारायण भट्टी बने सुप्रीम कोर्ट के जज, सीजेआई ने दिलाई शपथ

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने जस्टिस एस वेंकटनारायण भट्टी को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में शपथ दिलाई। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।

आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में फिर आम लोगों को बनाया निशाना

आतंकियों ने एक बार फिर जम्मू कश्मीर में आम लोगों को निशाना बनाया है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में गुरुवार शाम आतंकवादियों ने तीन प्रवासी मजदूरों को गोली मारकर घायल कर दिया। यह घटना दक्षिण कश्मीर जिले के गगरान इलाके में हुई। जम्मू कश्मीर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल गैर-स्थानीय थे। वे कथित तौर पर बिहार के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि गोली लगने से घायल होने वाले मजदूरों की पहचान बिहार के सुपौल जिले के अनमोल कुमार, हिरालाल यादव और पिंटू कुमार ठाकुर के रूप में हुई है।

Exit mobile version