खरगोन जिला में एक व्यापारी के घर पर फायरिंग और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में सोमवार रात हुई, जब अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी दिलीप राठौर के घर पर गोलियां चलाईं। इस वारदात का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होना बताया जा रहा है।
घटना के समय राठौर का परिवार इंदौर में था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले में व्यापारी के बेटे सत्येंद्र राठौर की शिकायत पर बुधवार को केस दर्ज किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, घटना के बाद अज्ञात लोगों ने व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकियां दीं। आरोपियों ने फायरिंग का वीडियो भेजकर 10 करोड़ रुपये की मांग की और घर उड़ाने की धमकी दी।
परिवार को मंगलवार को एक कॉल के जरिए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, बुधवार को विदेशी नंबरों से कई कॉल आए, जिन्हें परिवार ने नजरअंदाज कर दिया। वीडियो मिलने के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर घर पर फायरिंग करते नजर आए।
सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
इस बीच सोशल मीडिया पर “हैरी बॉक्सर” और “अरजू बिश्नोई” नाम से किए गए एक पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा किया गया है। पोस्ट में व्यापारी परिवार को आगे भी धमकियां दी गई हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच शुरू कर दी है और हाल ही में अशोक नगर जिला में सामने आए इसी तरह के मामले से कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल व्यापारी दिलीप राठौर शहर से बाहर हैं, जबकि उनका परिवार डरा हुआ है।

