इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में बर्तन व्यापारी के साथ हुई लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। तीन आरोपी सांवेर रोड क्षेत्र में लोडिंग रिक्शा चलाते थे। बर्तन व्यापारी भी कलेक्शन के लिए उस क्षेत्र में जाते थे। इसके चलते तीनों ने पहले रैकी की और वृद्ध व्यापारी को लूटने की योजना बनाई।
बर्तन व्यापारी बाबूलाल गोयल के साथ सप्ताह भर पहले एरोड्रम क्षेत्र में वायरलैस आफिस के पास रोकडिया हनुमान मंदिर के पास लूट की वारदात हुई थी। उनके एक्टिवा वाहन की डिक्की से बदमाशों ने साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने व्यापारी को घूसे भी मारे थे। पुलिस ने इस वारदात को चुनौती के रूप में लिया। जिस जगह लूट हुई, उसके आसपास के कैमरे खंगाले। पुलिस को यह भी आशंका भी थी कि बदमाश पहले से व्यापारी को जानते हैं। कुछ सीसीटीवी कैमरों के आरोपियों के दोपहिया वाहन का नंबर ट्रेस हो गया। इसके बाद पुलिस उन तक पहुंच गई।
लूटी गई राशि भी बरामद
आरोपियों के नाम पवन उर्फ बाबा पिता दगडू, लाल पिता किशन और अखिलेश पिता मुन्ना लाल को गिरफ्तार किया। बदमाशों से पुलिस ने लूट की राशि भी बरामद की है। उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रहे हैं। तीनों बदमाशों के कई बार व्यापारी को क्षेत्र में आते देखा था। वे वृद्ध थे और उनके लिए सॉफ्ट टारगेट थे। इस कारण उन्हें ही लूट के लिए चुना। वारदात वाले दिन वे उनका तीन किलोमीटर से पीछा करते हुए आ रहे थे और फिर भीड़ भरे मार्ग पर उन्होंने लूट को अंजाम दिया था।

