
त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में बुधवार शाम भगवान जगन्नाथ का रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 18 लोग झुलस गए थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना भगवान जगन्नाथ के ‘उल्टा रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई।
राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में कई तीर्थयात्रियों की जान चली गई। वहीं, कई लोग घायल हैं। मैं इस घटना से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। इस मुश्किल वक्त में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।
भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला, यूपी के देवबंद में गोली मारी
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे।
हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई।
फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। CCTV फुटेज में गाड़ी का नंबर HR-70D-0278 दिख रहा है।
चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
चंद्रशेखर भीम आर्मी के सह-संस्थापक और अध्यक्ष हैं। वह अंबेडकरवादी कार्यकर्ता और वकील हैं। आजाद, सतीश कुमार और विनय रतन सिंह ने 2014 में भीम आर्मी की स्थापना की थी।
कार्यकर्ता के घर के बाहर हुआ हमला
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था।
चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकलकर अपनी कार तक पहुंचे, तभी दूसरी कार से आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
पार्टी बोली- ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य
हमले की सूचना चंद्रशेखर के राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर दी। लिखा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है।
ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की मांग करते हैं।
वहीं, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा, ”जिस प्रकार से प्रदेश के अंदर माहौल बना हुआ है, चाहे वो मुस्लिम नेता हो या दलित नेता हो। उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।”
उन्होंने कहा, ”चंद्रशेखर यूथ आइकन हैं। ये गोली उन पर नहीं, यूथ पर चली है, जो बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश सरकार से कहना चाहता हूं कि चंद्रशेखर को जेड प्लस सुरक्षा दी जाए। जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो देश और प्रदेश में माहौल संभालना मुश्किल हो जाएगा।”
भीम आर्मी के सहारनपुर के जिलाध्यक्ष और प्रत्यक्षदर्शी सोनी अंबेडकर ने कहा, ”कार्यक्रम से निकलते ही स्विफ्ट गाड़ी में आए लोगों ने उन पर हमला किया। जिससे उन्हें गोली भी लगी है। 3 से 4 राउंड फायरिंग हुई है। सफेद गाड़ी में 3 से 4 लोग सवार थे। गाड़ी की खिड़की खुली हुई थी। गाड़ी अनियंत्रित रूप से चल रही थी। चंद्रशेखर शायद हमलावरों को जानते हैं।”