राजगढ़: स्थायी डॉक्टर न होने से शहर में नाराजगी, ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस
राजगढ़ के माचलपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था की खराबी के खिलाफ नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया. शहर अस्पताल में स्थायी डॉक्टर नहीं होने से लोग नाराज हैं और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया. डॉक्टरों की कमी के कारण अन्य अस्पतालों के डॉक्टर अल्टरनेटिव ड्यूटी पर काम कर रहे हैं, जबकि दूसरे जिले में अटैचमेंट से व्यवस्था और बिगड़ी है. नागरिकों ने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और 7 दिन में स्थायी डॉक्टरों की व्यवस्था करने की मांग की. मांग पूरी न होने पर चक्का जाम, नगर बंद और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की निष्क्रियता की शिकायत मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री तक की गई है
मंदसौर में लावारिस ट्रक से 50 लाख की अवैध शराब बरामद
मंदसौर में नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहगढ़ से गुजरात की ओर जा रहे एक लावारिस ट्रक से लाखों की अवैध शराब बरामद की गई. सोयाबीन के बोरे में छिपाई गई 350 पेटियां अंग्रेजी शराब पकड़ी गई, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जप्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
मनोज शुक्ला ने गैस सिलेंडर लेकर जताया विरोध
भोपाल में एलपीजी की कमी और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई रोकने के विरोध में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने नाले के किनारे प्रदर्शन किया. उन्होंने गंदे पानी से गैस बनाने का प्रतीकात्मक मॉडल बनाकर विरोध जताया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की.
भोपाल में गैंगस्टर आकाश उर्फ भूरा हड्डी का पुलिस ने निकाला जुलूस
भोपाल पुलिस ने गैंगस्टर आकाश उर्फ भूरा हड्डी का जुलूस निकाला. आकाश को उसकी ही शादी के मंडप से कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार किया था. आकाश पर पुजारी के अपहरण और युवतियों के रेप के नाम पर धमकाकर फिरौती मांगने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामले में भूरा सहित 5 आरोपियो को गिरफ्तार किया है. वहीं, 8 आरोपियों की तलाश जारी है. आकाश की होने वाली दुल्हन ने भी आज ही थाने में हंगामा किया था हंगामा. पुलिस से मांग की थी मांग-या तो थाने में फेरे करवाओ या दो घंटे के लिए आकाश को छोड़ो. फिलहाल आकाश आज तक की रिमांड पर था, पुलिस ने जुलूस निकालने के बाद जेल भेजा.
बैतूल में गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
बैतूल में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने नाले से गैस बनाने का प्रतीकात्मक मॉडल बनाकर और गैस सिलेंडर को माला पहनाकर श्रद्धांजलि देकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया.
आगर मालवा में पात्रता परीक्षा को लेकर विरोध तेज
आगर मालवा में वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को फिर से पात्रता परीक्षा देने के फैसले का विरोध बढ़ रहा है. पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार ने केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर शिक्षकों की नाराजगी और असंतोष से अवगत कराया. उन्होंने लंबे अनुभव वाले शिक्षकों को परीक्षा से छूट देने और शिक्षा का अधिकार अधिनियम में संशोधन की मांग की है. पाटीदार ने कहा कि इस फैसले से शिक्षक समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और अगर समाधान नहीं निकला तो शिक्षक आंदोलन भी कर सकते हैं.
रायपुर में पानी संकट, लाखेनगर जोन 5 के निवासियों ने जताई नाराजगी
रायपुर के लाखेनगर में जोन 5 के निवासियों ने पानी की किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन किया. एक महीने से पानी की समस्या झेल रहे लोग मटका लेकर विरोध जताए. कांग्रेस के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए.
बहनों के खाते में CM मोहन यादव भेजेंगे 1836 करोड़ रुपए
ग्वालियर के घाटीगांव में आज कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव सिंगल क्लिक के जरिए लाड़ली बहन योजना के तहत बहनों के खाते में 1,836 करोड़ रुपए भेजेंगे. एक करोड़ 25 लाख बहनों को इस राशि का लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री थोड़ी देर में कार्यक्रम में मौजूद होंगे.
गोवंश संरक्षण में सरकार लगातार काम कर रही- मंत्री राम विचार नेताम
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने गोवंश संरक्षण और गर्भाधान के मुद्दे पर कहा कि सरकार लगातार गोधन संरक्षण और बछिया गर्भाधान बढ़ाने के लिए काम कर रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ी है. उन्होंने अलसी खेती को बढ़ावा देने की बात भी कही है. मंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण न होने संबंधी सवालों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बकाया बिल पर नाराज युवक ने बिजली कार्यालय में धमकी दी, FIR दर्ज
जबलपुर में बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज युवक दर्शन भाटिया बिजली कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की. उसका धमकाते हुए वीडियो भी सामने आया. इसके बाद युवक की पत्नी ने भी बिजली अधिकारियों को धमकाया. युवक के खिलाफ ओमती थाने में FIR दर्ज की गई है. उसके घर में चार बिजली कनेक्शनों का 20 हजार रुपये से अधिक बिल बकाया है.
9 साल पुराने पारधी कांड में सुखदेव पांसे समेत आरोपी बरी
बैतूल के चौथिया गांव में 9 सितंबर 2007 को हुए पारधी कांड मामले में पूर्व केबिनेट मंत्री और पूर्व कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार को बरी कर दिया गया. इस घटना में पारधी समुदाय की बस्ती में आगजनी हुई थी और दो लोगों की मौत हुई थी. सुखदेव पांसे और अन्य पर आगजनी के आरोप लगे थे. घटना के बाद पारधी समुदाय का पुनर्वास किया गया था.
दशामाता पूजन के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 15 महिलाएं घायल
मंदसौर के चौधरी कॉलोनी में दशामाता पूजन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार करीब 40 से 50 महिलाएं पीपल के पेड़ के पास पूजा कर रही थीं, तभी पेड़ पर बैठे मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. हमले से करीब 15 महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से दो की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. बाकी महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल सभी महिलाएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं.
रीवा में गैस सिलेंडर के लिए हाहाकार, गोदाम पर उमड़ी हजारों की भीड़
रीवा में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. सिलेंडर लेने के लिए हजारों लोग गैस गोदाम पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. भीड़ को देखते हुए अपर कलेक्टर और एएसपी की मौजूदगी में सिलेंडर वितरण शुरू कराया गया. स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है. लोगों का कहना है कि वे सुबह 5 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन फिर भी सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है. वहीं प्रशासन लगातार पर्याप्त गैस उपलब्ध होने का दावा कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ अलग ही नजर आ रही है.
पीली मिट्टी लेने गई महिलाओं पर खदान ढही, मिट्टी में दबने से दो महिलाएं घायल
मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के गांव दसोरिया में खदान में मिट्टी धंसने से दो महिलाएं घायल हो गईं. जानकारी के अनुसार महिलाएं दशा माता व्रत के लिए पीली मिट्टी लेने खदान पर गई थीं, तभी अचानक खदान की मिट्टी उनके ऊपर गिर गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला गया. हादसे में घायल महिलाओं को तुरंत गरोठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. दशा माता व्रत के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं खदानों से पीली मिट्टी लेने पहुंचती हैं.
रतलाम में इंडियन बैंक में लगी आग, दस्तावेज और फर्नीचर जलकर खाक
रतलाम के महलवाला इलाके में स्थित इंडियन बैंक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग लगने से बैंक के अंदर रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फर्नीचर जलकर खाक हो गए. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया.
चलती स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान
छिंदवाड़ा में नेशनल हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. घटना कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के राजाखोह गांव के पास की है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार चालक सहित तीन लोगों ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली. सूचना मिलते ही धर्मटेकड़ी चौकी प्रभारी अविनाश पारधी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि परिवार के लोग छिंदवाड़ा में शादी समारोह से लौटकर अमरवाड़ा जा रहे थे. सभी यात्री सुरक्षित हैं.
गैंगस्टर की गिरफ्तारी के बीच थाने पहुंची दुल्हन, बोली- 2 घंटे के लिए रिहा कर दो, नहीं तो यहीं करा दो फेरे
कुख्यात गैंगस्टर आकाश भूरा हड्डी की गिरफ्तारी के बाद उसकी होने वाली दुल्हन सीमा थाने पहुंच गई. हल्दी से सजे हाथ, चेहरे पर हल्दी और गले में माला पहने दुल्हन ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके होने वाले पति को दो घंटे के लिए रिहा कर दिया जाए, ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें. उसने कहा कि अगर रिहा नहीं कर सकते तो थाने की कस्टडी में ही फेरे करवा दिए जाएं, वरना उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी. दुल्हन ने यह भी कहा कि उसे अपने मंगेतर के जुर्म की जानकारी नहीं थी. हालांकि पुलिस ने उसकी मांग नहीं मानी.
माधव चौक पर तेज रफ्तार कार का कहर, रेलिंग तोड़कर चालक फरार
शिवपुरी के माधव चौक चौराहे पर देर रात तेज रफ्तार कार ने हड़कंप मचा दिया. घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब एक कार अचानक चौराहे में घुस गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए आगे निकल गई. हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
चार दिवसीय दौरे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवपुरी में विवाह समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज से अपने संसदीय क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे. दौरे के पहले दिन वे शिवपुरी पहुंचेंगे. यहां वे भाजपा विधायक देवेंद्र जैन के पुत्र के विवाह के बाद आयोजित आशीर्वाद समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान सिंधिया स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं. उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहेंगे.
आज शिवपुरी दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, आशीर्वाद समारोह में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शिवपुरी दौरे पर रहेंगे. वे यहां भाजपा विधायक देवेंद्र जैन के पुत्र के विवाह के बाद आयोजित आशीर्वाद समारोह में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री का शिवपुरी पहुंचने का समय शाम करीब 4 बजे बताया गया है. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री कुछ समय स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वे शिवपुरी से सीधे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं.
आज लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे 1500 रुपए, 1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेगी 34वीं किस्त की सौगात
मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज बड़ा दिन है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे. इस किस्त के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की राशि मिलेगी. सरकार इसके लिए करीब 1836 करोड़ रुपये जारी करेगी. इस अवसर पर ग्वालियर जिले के भितरवार स्थित शबरी माता मंदिर, घाटीगांव में लाड़ली बहना सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हितग्राहियों से संवाद भी करेंगे और योजना से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे.
सीएम मोहन यादव आज ग्वालियर-शिवपुरी दौरे पर, लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त करेंगे ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर और शिवपुरी के दौरे पर रहेंगे. वे ग्वालियर के भितरवार से लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे. सीएम दोपहर 12:15 बजे भोपाल से रवाना होकर सबरीमाता आश्रम, घाटीगांव (भितरवार) पहुंचेंगे, जहां मार्च माह की राशि जारी करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे. इसके बाद वे दोपहर 3:25 बजे घाटीगांव से शिवपुरी के लिए रवाना होंगे और शाम 4:10 बजे नक्षत्र रिसॉर्ट एंड गार्डन पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद वे शाम 4:50 बजे शिवपुरी से भोपाल के लिए रवाना होंगे और शाम 6:15 बजे राजधानी पहुंचेंगे.
LPG गैस को लेकर कलेक्टर सख्त: अब सिर्फ घरेलू उपयोग के लिए मिलेगी, कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक
जिले में LPG गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए कलेक्टर ने सख्त आदेश जारी किए हैं. अब घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरों में उपयोग के लिए ही दिया जाएगा और इसका कमर्शियल इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. आदेश के अनुसार घरेलू गैस का अवैध अंतरण या व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इसकी निगरानी के लिए SDM, CSP और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है. अधिकारी समय-समय पर जांच करेंगे ताकि घरेलू गैस का गलत इस्तेमाल न हो सके. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

