CM लखपति दीदियों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लखपति दीदियों से संवाद करेंगे. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम 7 मार्च 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा. यह आयोजन महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है. जो महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रहा है.
बिसासपुर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है. आने वाले महीनों में लू का खतरा बढ़ने की चेतावनी भी दी है. धूप में ज्यादा देर रहने से शरीर में पानी और नमक की कमी का खतरा बताया गया है. सिर दर्द, तेज बुखार, चक्कर, उल्टी और बेहोशी, लू के लक्षण हो सकते हैं. बिना जरूरी काम के धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. गंभीर स्थिति में नजदीकी अस्पताल या 104 आरोग्य केंद्र से संपर्क की अपील भी की गई है.
दुर्दांत हत्यारे गु्ड्डा पटेल को भेजा गया जेल
दमोह में नाबालिग युवक की हत्या करने के बाद उसका मांस खाने वाले दुर्दांत हत्यारे गुड्डा पटेल को जेल भेज दिया गया है. कल हत्या के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ा गया था. परीक्षण के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया था. इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था. पत्नी की हत्या में गुड्डा पटेल पहले भी जेल की सजा काट चुका है.
राघौगढ़ आयोजन में पुत्र के साथ शामिल हुए विधायक जयवर्धन सिंह
गुना जिले के राघौगढ़ की ऐतिहासिक धरा पर शुक्रवार को होली की तीज के अवसर पर शौर्य, विजय और अटूट परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला. रियासतकालीन परंपरा का निर्वहन करते हुए राघौगढ़ किले पर हल्ला उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस गौरवशाली आयोजन में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह अपने पुत्र के साथ सम्मिलित हुए और क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.
सागर में पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा
रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्या की साजिश मृतक की पूर्व प्रेमिका ने ही अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर रची थी. पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार बीते दिन रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी.
मामा कोचिंग पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘मामा कोचिंग’खोलने पर राजनीति हो रही है. अब इस पर
कांग्रेस प्रवक्त स्वदेश वर्मा ने तंज कसते हुए कहा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले खुद को किसान का बेटा कहा किसानों को अपना पिता बताया और उन किसानों को बिजली का बिल समय पर ना भरे जाने पर जेल में डालने का काम किया. फिर हमारी बहनों को इमोशनली ब्लैकमेल किया. उनके मामा बने और अपनी बहनों की बेटियों की अस्मत बचा न सके. 2023 में खुद ने ही वादे किए कि हम बहनों को ₹3000 उनके खातों में डालेंगे पर वह बात भी सच साबित न हो पाई. अब यह कह रहे हैं की ‘मामा कोचिंग’ खोलेंगे आप कब तक लोगों के जज्बातों से खेलेंगे कभी तो धरातल की बात करिए. सरकार आपकी है,आप केंद्र में मंत्री हैं. मुख्यमंत्री आपके हैं बहनों की सुरक्षा हो नहीं पा रही है.
ग्वालियर में लूट के मामले में सामने आई नई कहानी
ग्वालियर में दिनदहाड़े ऑटो पार्ट्स कारोबारी के साथ हुई लूट के मामले में नई कहानी सामने आई है. कारोबारी लूट का नहीं बल्कि हनीट्रैप का शिकार हुआ है. इस बात का खुलासा पुलिस के द्वारा खंगाले गए CCTV कैमरे से हुआ है. कारोबारी महिला से मिलने उसके फ्लैट पर गया था. जहां दो महिलाओं ने उसके 12 लाख कीमत के 8 तोला सोना ले लिया था. बदनामी के वजह से उसने लूट की झूठी कहानी सुनाई थी. दोनों महिलाएं फ्लैट से फरार हो गई है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर अब दोनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने बीजेपी पर कसा तंज
कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा में एक धार्मिक स्थल पर पाए गए हरे झंडे को लेकर अब विपक्ष ने सरकार और कानून व्वयवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि अमरवाड़ा में हरे झंडे लगाने वाले मामले में भारतीय जनता पार्टी की सरकार और पुलिस क्या कर रही है? अगर इस तरह की कोई हरकत करता है तो पुलिस तमाशबीन बनकर देखती रहती है. उसे बाद में पता चलता है. कानून व्यवस्था की जो बर्बादी मध्य प्रदेश में हो रही है उस पर ध्यान देना चाहिए. ऐसी घटनाओं को रोकने का उन्हें खुद काम करना चाहिए बजाय उसका तमाशा बनाकर दुष्प्रचार करके और पूरे प्रदेश में इसको फैलाने की कोशिश होती है. उसकी जगह पुलिस एक्शन होना चाहिए और पुलिस से पता किया जाना चाहिए कि आखिर कौन थे वह लोग जिन्होंने झंडा लगाया. आखिर खुफिया तंत्र क्या काम कर रहा है?
डिण्डौरी में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
डिण्डौरी में आदतन अपराधी अजय बर्मन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई हुई है. जिला दण्डाधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने 5 मार्च 2026 को जिला बदर का आदेश किया जारी किया है. वर्ष 2017 से जुआ, मारपीट, गाली-गलौज, चोरी और अपहरण जैसे कई मामलों में शामिल रहा.
सीएम हाउस जाएंगे 200 किसान
इंदौर के सांवेर विधानसभा के लगभग 20 गांव से 200 किसान कल सीएम हाउस जाएंगे. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का इंदौर उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन परियोजना के लिए आभार जताएंगे. 20 गांव के किसानों को मिलने वाली 626 करोड रुपए की मुआवजा राशि के लिए भी किसान सरकार को धन्यवाद देंगे.
2028 सिंहस्थ के पहले इंदौर उज्जैन कनेक्टिविटी के लिए ग्रीन फील्ड फोरलेन परियोजना के तहत फोरलेन बनाया जाएगा, जो 20 रास्तों से होकर गुजरेगा. मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा ये परियोजना सांवेर के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी.
भोपाल पुलिस ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक Post को लेकर पुलिस की तरफ से प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है. खंडवा और छिंदवाड़ा में माहौल बिगाड़ने वाली घटनाएं घटी हैं. भोपाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा- 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है. Comments और Cross Comments के कारण Internet पर वैमनस्यता फैलती है. हर कोई बिना विचार किए एवं बिना द्वेषपूर्ण और अश्लील शब्दों का प्रयोग कर धार्मिक भावनाओं को आहत करता है.
नरसिंहपुर जिले के चीचली में प्रशासनिक कार्रवाई
नरसिंहपुर जिले की नगर परिषद चीचली में बड़ी प्रशासनिक कार्यवाही हुई है. नगर परिषद अध्यक्ष शेख मंजूर को पद से हटाया गया है. मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश जारी किया है. प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद कार्रवाई हुई है.
हरदा पुलिस ने 98 गुम हुए मोबाइल लौटाकर लोगों के चेहरे पर लाई खुशी
हरदा पुलिस ने लगभग 13-15 लाख रुपये कीमत के 98 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए. मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी देखी गई. पुलिस ने सभी मालिकों को सूचना देकर उन्हें बुलाया और मोबाइल सौंपे.
शराबी बेटे ने बुज़ुर्ग मां का गला दबाकर हत्या
बैतूल के साईंखेड़ा थानाक्षेत्र के सेमझिरा गांव में एक शराबी बेटे ने अपनी बुज़ुर्ग माँ की हत्या कर दी. पोस्टमार्टम में कंठिका अस्थि में फ्रेक्चर पाया गया, जिससे हत्या की आशंका बढ़ गई. पड़ोसियों ने बताया कि बेटा अक्सर मां के साथ झगड़ता रहता था. पुलिस ने आरोपी बेटे लखन वाघमारे को गिरफ्तार कर लिया है.
नर्मदापुरम के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में दो बाघों की भिड़ंत
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बाघों की लड़ाई का दुर्लभ वीडियो सामने आया है. जंगल में दो बाघ रुद्र और कर्णिका के बीच हुई भिड़ंत का दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इलाके पर वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला. टाइगरों के बीच ऐसी लड़ाई के वीडियो बहुत कम देखने को मिलते हैं. जंगल में मौजूद लोगों ने इस रोमांचक दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को तिरंगा रैली मामले में अदालत का नोटिस
जबलपुर में कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को राष्ट्रध्वज के अपमान के मामले में अदालत का नोटिस जारी किया गया है. MP MLA की विशेष अदालत ने यह नोटिस 2024 में तिरंगा रैली के दौरान हुए alleged अपमान के आरोप पर जारी किया. यह शिकायत नरसिंहपुर के कौशल सिलावट ने कोर्ट में दर्ज कराई थी.
शिवपुरी में दिनदहाड़े चोरों ने महिला का मंगलसूत्र छीना
शिवपुरी में दिनदहाड़े भौंती कस्बे के बाजार में दो मोटरसाइकिल सवार चोरों ने महिला ललिता प्रजापति के गले से मंगलसूत्र छीना. पीड़िता करैरा से अपने मायके गांव महोबा दोज के त्यौहार पर आई थी. घटना पास की दुकान के CCTV में कैद हुई.
नरसिंहपुर में ईंधन अफवाह फैलने के बावजूद स्टॉक पर्याप्त
नरसिंहपुर जिले में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर बमबारी की खबरों के बाद डीज़ल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह फैल गई. इसके चलते लोग घबराकर ईंधन खरीदने लगे और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं. हालांकि प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए बताया कि जिले में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है. लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों में आकर अनावश्यक भंडारण न करें.
मिनी मुंबई इंदौर में शुरू हुई ड्रोन पेट्रोलिंग: AI ड्रोन से पकड़े गए जुआ खेलते बदमाश
इंदौर में अब पुलिस निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर रही है. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने खुद ड्रोन उड़ाकर शहर में ड्रोन पेट्रोलिंग की शुरुआत की. दिग्विजय मल्टी इलाके में रहवासियों की शिकायत पर पुलिस दबिश देने पहुंची थी, जहां बदमाश छत पर जुआ खेल रहे थे. ड्रोन कैमरे में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं. जैसे ही बदमाशों ने ड्रोन देखा, वे इधर-उधर भागने लगे और छत से नीचे उतर आए, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. मुंबई की तर्ज पर अब इंदौर में भी एआई ड्रोन के जरिए गश्त शुरू की गई है, जिससे अपराधियों पर नजर रखी जा सकेगी.
फिंगरप्रिंट का दुरुपयोग कर महिला के खाते से उड़ाए 2.11 लाख! SBI कियोस्क संचालक फरार
जबलपुर के भेड़ाघाट में एसबीआई कियोस्क संचालक द्वारा महिला के फिंगरप्रिंट का दुरुपयोग कर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी बसंत बर्मन ने महिला ग्राहक अल्लू बाई के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से करीब 2 लाख 11 हजार रुपये निकालकर अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए. पीड़िता अक्सर बसंत बर्मन के कियोस्क सेंटर पर पैसे जमा और निकासी का काम करती थी. जब महिला ने अपने पैसे के बारे में पूछा तो आरोपी सेंटर में ताला लगाकर फरार हो गया. मामले की शिकायत के बाद भेड़ाघाट पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग में बड़ा हादसा: हाउसिंग जानकारी लेने आए बुजुर्ग गिरे, इलाज के दौरान मौत
भोपाल नगर निगम के लिंक रोड नंबर-2 स्थित नए मुख्यालय में बड़ा हादसा हो गया. हाउसिंग फॉर ऑल योजना की जानकारी लेने आए एक बुजुर्ग बिल्डिंग से गिर गए, जिनकी इलाज के दौरान जेपी अस्पताल में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जिस जगह से बुजुर्ग गिरे, वहां पोर्च की बाउंड्री वॉल में करीब डेढ़ से दो फीट का गैप है. करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस बिल्डिंग का अभी औपचारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ है, लेकिन कुछ विभाग यहां संचालित हो रहे हैं. घटना के बाद सुरक्षा और निर्माण को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से भी रोका गया.
वन रक्षक भर्ती पर उठे सवाल: 728 पदों में SC के लिए एक भी सीट नहीं, आरक्षण रोस्टर को लेकर विवाद
मध्य प्रदेश में वन रक्षक भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है. कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा जारी विज्ञापन में 728 पदों में अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए एक भी पद आरक्षित नहीं किया गया है. इसे लेकर आरक्षण रोस्टर का पालन न करने के आरोप लग रहे हैं. पदों के अनुसार 185 अनारक्षित, 84 एसटी, 117 ओबीसी और 48 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं. ऐसे में भर्ती प्रक्रिया पर विवाद बढ़ने की संभावना है और परीक्षा भी प्रभावित हो सकती है. वन रक्षक भर्ती परीक्षा 7 अप्रैल को प्रस्तावित है, जबकि 28 फरवरी से इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
स्कूल नहीं खुला, बच्चे बाहर करते रहे इंतजार… लापरवाही पर 6 शिक्षकों को नोटिस, डीईओ ने मांगा जवाब
छत्तीसगढ़ के भैयाथान ब्लॉक स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल सांवारावा में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है. स्कूल समय पर नहीं खुलने और छात्रों के बाहर इंतजार करने का वीडियो सामने आने के बाद प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक समेत 6 शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है. नोटिस में सभी शिक्षकों को स्वयं उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि बीते दिन स्कूल के कई शिक्षक अनुपस्थित थे, जिसके कारण छात्र स्कूल के बाहर खड़े रहे. मामले को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है.
एमपी में मेयर फंड पर सरकार का ब्रेक, नगरीय विकास विभाग का आदेश,बजट में महापौर निधि का प्रावधान नहीं
मध्य प्रदेश में महापौर निधि को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने सभी नगर निगम कमिश्नरों को पत्र जारी कर कहा है कि वार्षिक बजट में महापौर निधि का कोई प्रावधान नहीं है, इसलिए बजट बनाते समय नियमों का पालन किया जाए. पत्र में मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 और नगर पालिक निगम नियम 2018 का हवाला दिया गया है. इस आदेश का असर भोपाल और इंदौर जैसे बड़े नगर निगमों पर भी पड़ेगा. भोपाल में महापौर को सालाना करीब 10 करोड़ रुपये की निधि मिलती है, जबकि अध्यक्ष, एमआईसी मेंबर और पार्षदों की निधि पहले ही बढ़ाई जा चुकी है.
उज्जैन में पहली बार निकलेगी भव्य रंगपंचमी गैर, सिंधी कॉलोनी से टॉवर चौक तक रंगों की बौछार में शामिल होंगे सीएम मोहन यादव
धार्मिक नगरी उज्जैन में इस बार रंगपंचमी का उत्सव खास होने जा रहा है. पहली बार शहर में सिंधी कॉलोनी से टॉवर चौक तक भव्य श्रीकृष्ण-सुदामा रंग उत्सव गैर निकाली जाएगी. इस आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे, जिससे शहर में उत्साह का माहौल है. आयोजन समिति के सदस्य कपिल यार्दे के अनुसार 8 मार्च को सुबह करीब 10 बजे गैर की शुरुआत होगी और सीएम लगभग तीन घंटे तक इसमें शामिल रहेंगे. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोक नृत्य कलाकार भी प्रस्तुति देंगे. पूरे रास्ते रंग, गुलाल और पानी की बौछार के बीच लोग रंगपंचमी का जमकर आनंद लेंगे.
एमपी में बीजेपी का ‘दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान’ आज से शुरू, कार्यकर्ताओं को मिलेगी AI और सोशल मीडिया की ट्रेनिंग
मध्य प्रदेश में बीजेपी का दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान आज से शुरू हो रहा है. इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सोशल मीडिया, नमो ऐप, संगठन ऐप और वर्क कल्चर समेत कुल 14 विषयों पर 24 घंटे का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रदेश के 1313 मंडलों में 9 मार्च से प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे. इसकी शुरुआत भोपाल के रविंद्र भवन में सुबह 11 बजे प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम से होगी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे. हर जिले से दो प्रशिक्षकों को बुलाया गया है. अभियान का उद्देश्य तकनीक के जरिए पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है.
सीएम मोहन यादव का आज व्यस्त शेड्यूल: भोपाल-इंदौर दौरा, किसान बैठक से लेकर कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है. वे भोपाल और इंदौर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. दोपहर 12:25 बजे भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित बीजेपी के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 1:20 बजे सीएम हाउस के समत्व भवन में किसान कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अहम बैठक करेंगे और 2:35 बजे वहीं अभिनंदन कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम 3:30 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे. इंदौर में 4:20 बजे स्काईलाइन रिसॉर्ट एंड कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 5:35 बजे भोपाल लौटेंगे और रात 8:45 बजे होटल वाना ग्रीन में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे.

