Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:नर्मदा में डूबे दो छात्रों की दर्दनाक मौत! 2 दिन बाद मिले शव, इंदौर में महिला जज के ऊपर गिरा पंखा

Share

उज्जैन में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की मौके पर हुई मौत
उज्जैन से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले चार दोस्तों की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे. वही एक कि इलाज के दौरान मौत हुई. तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का अभी इलाज चल रहा है.

इंदौर में महिला जज के ऊपर गिरा पंखा
इंदौर में एक महिला एडिशनल सेशन जज के ऊपर पंखा गिर गया. सीलिंग फैन अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और कुर्सी पर बैठी महिला पर गिर गया. हादसे में महिला जज को चोटें आई हैं. अभी उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

रायपुर में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का दो दिवसीय प्रवास
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल अपने दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे. विमानतल पर उनका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और विधायक मोतीलाल साहू, प्रबोध मिंज ने स्वागत किया.

मुरैना में ज्वेलर्स पर तीन महिला चोरों की चोरी का प्रयास
मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दाऊजी मंदिर के पास अश्क ज्वेलर्स में तीन महिलाओं ने सोने के आभूषण देखने के बहाने चोरी करने का प्रयास किया. ज्वेलर्स द्वारा पुलिस को सूचना देने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मैहर में स्कूल वैन को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मारी
मैहर जिले के अमरपाटन कस्बे के पास विंध्यावैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की वैन को पीछे से रीवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी. वैन छतिग्रस्त हो गई, लेकिन बच्चे बाल-बाल बच गए. वैन में सवार कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं. घटना लालपुर पेट्रोल पंप के पास हुई. मामला थाने पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया.

ग्वालियर में पत्नी ने पति पर 3 शादियां और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया
ग्वालियर की एक विवाहित महिला ने जनसुनवाई में पुलिस को शिकायत दी कि उसके पति अनिकेत वर्मा ने पहली शादी के बाद बिना तलाक लिए उससे शादी की. बाद में पता चला कि उसने अन्य तीन महिलाओं से भी शादी की थी. पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पति ने उसे मारपीट और प्रताड़ित किया, साथ ही फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी. इसके अलावा, उन्होंने अनिकेत पर दिल्ली से लड़कियों को लाकर अनैतिक काम करवाने का भी आरोप लगाया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया.

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेसकी प्रदेश प्रभारी के साथ बैठक
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बोरासी ने प्रदेश प्रभारी के साथ बैठक को लेकर कहा है अभी तक किए कार्यों का ब्यौरा देगी. साथ ही आगामी रणनीति और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन पर भी बात होगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं का महत्व बढ़ा है, आधी आबादी को कोई भी नकार नहीं सकता है. महिला कांग्रेस का विस्तार होने से कांग्रेस की विचारधारा भी फैलेगी. उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी को जीत मिलेगी. उन्होंने कांग्रेस अगर सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के लोगों किसी बूथ पर खड़े है तो जीत कांग्रेस की होगी.

भारत स्काउट का अंतरराष्ट्रीय आयोजन, 7 देशों के 80 कैंडीडेट्स मध्य प्रदेश दौरे पर
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा 17 से 23 मार्च 2026 तक भोपाल और पचमढ़ी में BIMSTEC युवा सांस्कृतिक विरासत और सतत विकास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में BIMSTEC के सात देशों-बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के करीब 80 युवा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. प्रतिभागी आज मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे. प्रतिनिधि सांची स्तूप का भ्रमण करेंगे और पचमढ़ी में ट्रैकिंग सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेंगे. कार्यक्रम का मकसद युवाओं को भारत की सांस्कृतिक विविधता और विरासत से परिचित कराना है.

रायपुर में ऑरेंज और येलो अलर्ट
रायपुर में मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. ऑरेंज अलर्ट- धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जशपुर, कांकेर, कोरबा, रायपुर और सरगुजा जिलों में जारी हुआ है, जहां गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की संभावना है. वहीं, येलो अलर्ट बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, राजनांदगांव और रायगढ़ जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

नो एंट्री में घुसे ट्रक ने बच्चे को कुचला
ग्वालियर के नारायण विहार कॉलोनी में नो-एंट्री में घुसे एक लापरवाह ट्रक ने 5 साल के बच्चे आशिक को कुचल दिया. बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी तंग सड़क पर आए ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया. चालक ने रुकने के बजाय ट्रक को पीछे किया, जिससे बच्चे का दूसरा पैर भी बुरी तरह कुचल गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चे को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

शिया समाज आयतुल्ला खामनेई की मौत पर मनाएगी काली ईद
भोपाल में शिया समाज ने आयतुल्ला खामनेई की मौत के विरोध में इस बार काली ईद मनाने का ऐलान किया है. इमामों के नेतृत्व में लोग पुराने लिबास पहनकर और काली पट्टी बांधकर मस्जिद आएंगे. इसका मकसद दुनिया को संदेश देना है कि समुदाय ने एक महत्वपूर्ण शख्सियत खो दी है. डॉ. राजीउल हसन सहित नेताओं ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी.

जबलपुर: एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुलिस और छात्रों में झड़प, 30 गिरफ्तार
जबलपुर में एनएसयूआई ने विभिन्न मांगों को लेकर जंगी प्रदर्शन किया. राहुल यादव के नेतृत्व में छात्र घंटाघर से कलेक्ट्रेट घेराव की कोशिश में निकले, लेकिन पुलिस ने बेरिकेट लगाकर रोक दिया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और 30 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया.

नक्सल मुक्त हुए इलाके, ग्रामीणों को विकास और सुरक्षा के लिए जवान तैनात
नारायणपुर में बसवा राजू के मारे जाने वाले स्थान पर पुलिस और सुरक्षाबलों का नया कैंप स्थापित किया गया है. अबूझमाड़ के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर इन्हें नक्सल-मुक्त किया गया है. अब जवान इन दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में ग्रामीणों को जन सुविधाएं देने और विकास कार्यों को गति देने के लिए तैनात रहेंगे. दिवालुर में डीआरजी, बस्तर फाइटर और आईटीबीपी का नया जन सुविधा कैंप बनाया गया है.

जमशेद आलम ने नोरा फतेही के विवादित गाने पर लगाई रोक लगाने की मांग
भोपाल में मुस्लिम स्कॉलर जमशेद आलम ने नोरा फतेही के विवादित गाने की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे अश्लील गाने भारत में क्यों बनाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो लोग संस्कृति बचाने का दावा करते हैं, वे इस तरह के कंटेंट पर क्यों चुप रहते हैं. उनका कहना है कि इस तरह के गाने तुरंत बंद होने चाहिए क्योंकि ये युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं.

महादेव मंदिर भी नहीं बचा! तिजोरी तोड़कर चढ़ावा साफ, 8 महीने में दूसरी बार चोरी से हड़कंप

राजगढ़ के प्रसिद्ध खोयरी बैजनाथ महादेव मंदिर में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो तिजोरी का ताला टूटा मिला और चढ़ावा गायब था. बताया जा रहा है कि एक नकाबपोश युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसकी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है. हैरानी की बात यह है कि 8 महीने में दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश की जा रही है, वहीं मंदिर प्रबंधन ने जल्द खुलासे की मांग की है.

नर्मदा में डूबकर दिव्यांग छात्र की मौत पर बवाल! लापरवाही के आरोप, छात्रों ने निकाली रैली

अमरकंटक में पिकनिक के दौरान नर्मदा नदी में डूबने से दिव्यांग छात्र शिरीष नामदेव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. यह घटना 22 फरवरी की है, जब शासकीय राज्य अपंग कल्याण संस्थान के छात्रों को पिकनिक पर ले जाया गया था. अब इस मामले में अन्य दिव्यांग छात्रों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा है. छात्रों ने संस्थान के अधीक्षक डॉ. शिवेंद्र सिंह परिहार पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. साथ ही संस्थान की अव्यवस्थाओं को लेकर भी आक्रोश जताया गया और अधीक्षक को हटाने की मांग की गई है.

पड़ोसियों ने ही रची दरिंदगी की साजिश! विधवा महिला का अपहरण कर गैंगरेप, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

मझौली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विधवा महिला का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया. जानकारी के मुताबिक, महिला अंधमूक बायपास से पैदल जा रही थी, तभी उसके ही पड़ोसी युवक संजू और दीपक ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया. इसके बाद दोनों उसे जबरन मझौली के नेगई तालाब ले गए, जहां उसके साथ दरिंदगी की गई. वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के साथ हॉकी से मारपीट भी की और उसे पाटन बायपास पर छोड़कर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. मझौली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

RDX से उड़ाने की धमकी से हड़कंप! दूसरे दिन फिर आया धमकी भरा मेल, दफ्तर में मची दहशत

नापतोल विभाग को लगातार दूसरे दिन भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. इस बार ईमेल के जरिए दफ्तर को RDX बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई, जिसमें दोपहर 2 बजे धमाका होने की बात कही गई है. इससे पहले एक दिन पहले ही गैस सिलेंडर में सायनाइड बम लगाकर उड़ाने की धमकी मिली थी. लगातार मिल रही इन धमकियों से विभाग में डर का माहौल बना हुआ है. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

CCTV में कैद ‘शातिर चोर’! पार्किंग से सेकंडों में उड़ा ले गया पल्सर बाइक, पूरी वारदात रिकॉर्ड

चिरहुला कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां पीएम आवास की पार्किंग से एक शातिर चोर पल्सर बाइक लेकर फरार हो गया. हैरानी की बात यह है कि चोर ने पहले पूरी रात इलाके की रेकी की और फिर मौके का फायदा उठाकर कुछ ही सेकंड में बाइक का लॉक तोड़ दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ दिख रहा है कि आरोपी लॉक तोड़कर बाइक स्टार्ट करता है और आराम से मौके से निकल जाता है. अब बिछिया थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है. CCTV में चोर का चेहरा भी साफ नजर आया है, जिससे जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है.

विधायक पद पर सस्पेंस बरकरार! मुकेश मल्होत्रा केस में 19 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

मुकेश मल्होत्रा से जुड़े मामले में अब सबकी नजर 19 मार्च पर टिकी हुई है, जब सुप्रीम कोर्ट में इस केस की सुनवाई होगी. मल्होत्रा ने ग्वालियर हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है. हाईकोर्ट ने उन पर आपराधिक मामला छिपाने के आरोप में उनका निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया था. साथ ही 9 मार्च को रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया गया था. हालांकि कोर्ट ने अपने आदेश के पालन पर 15 दिन की रोक लगा दी थी, जिसकी समय सीमा 24 मार्च को खत्म हो रही है. ऐसे में अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला बेहद अहम माना जा रहा है.

पटाखे फोड़ने पर बवाल! इंदौर में शिलोम जेम्स पर केस दर्ज, पड़ोसियों से मारपीट का आरोप

इंदौर में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया. इस मामले में शिलोम जेम्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. बताया जा रहा है कि 8 मार्च को भारत की जीत के बाद शिलोम ने पटाखे फोड़ने को लेकर पड़ोसियों से विवाद किया, जो मारपीट तक पहुंच गया. शिलोम जेम्स पहले से ही राजा रघुवंशी हत्याकांड में साक्ष्य छुपाने के आरोप में चर्चा में रहा है. अब इस नए मामले में लसूडिया थाना पुलिस ने जांच के बाद शिलोम और उसके साथी विकास के खिलाफ मारपीट और धमकाने का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

भोपाल में ED की बड़ी कार्रवाई! ‘मिल्क मैजिक’ कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार, करोड़ों की गड़बड़ी उजागर

भोपाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर किशन मोदी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है. कंपनी “मिल्क मैजिक” ब्रांड के नाम से डेयरी प्रोडक्ट्स बेचती है. जांच में खुलासा हुआ है कि घी में चर्बी, पाम ऑयल और हानिकारक पदार्थ मिलाए जा रहे थे. इतना ही नहीं, विदेशों में सप्लाई के लिए फर्जी लैब रिपोर्ट भी बनाई गईं. ED को जांच में करीब 20.59 करोड़ रुपये की संदिग्ध कमाई का पता चला है. फिलहाल आरोपी को 18 मार्च तक ED रिमांड पर लिया गया है.

कटकर रखी फसल बनी राख! बैतूल में गेहूं के ढेर में लगी भीषण आग, किसान को लाखों का नुकसान

बैतूल जिले के एनस गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां खेत में काटकर रखी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई सूखी फसल होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और गेहूं का पूरा ढेर बारूद की तरह जल उठा देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई इस घटना में किसान को करीब दो लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इस घटना से किसान पूरी तरह टूट गया है और मेहनत पर पानी फिर गया

नर्मदा में डूबे दो छात्रों की दर्दनाक मौत! 2 दिन बाद मिले शव, परिवार में मचा कोहराम

नर्मदा नदी में डूबे दो छात्रों के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए हैं यह हादसा शुक्रवार को हुआ था, जब दोनों छात्र जमतरा घाट पर नहाने गए थे और अचानक गहरे पानी में चले गए मृतकों की पहचान एडविन जॉर्ज और जॉनी एक्का के रूप में हुई है घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था SDRF की टीम को जिलहरी घाट के पास दोनों शव मिले, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है फिलहाल गौर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है

रामपथगमन हाईवे पर भीषण हादसा! ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो लोग गंभीर घायल

सतना में रामपथगमन हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत सतना-रीवा रोड स्थित दिवित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में अमित सिंह (32 वर्ष), निवासी सतना शामिल हैं. टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बैतूल में आज पहुंचेंगे नरेंद्र सिंह तोमर, खंडेलवाल परिवार से मिलकर देंगे श्रद्धांजलि

मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर आज बैतूल दौरे पर रहेंगे. वे दोपहर 1:30 बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पहुंचेंगे, जहां उनकी पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे और परिवार से मुलाकात करेंगे. इस दुखद घटना से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है. जानकारी के अनुसार, कल बैतूल में एक बड़ी शोक सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. इसके बाद हेमंत खंडेलवाल धीरे-धीरे पार्टी के कामकाज को फिर से शुरू करेंगे.

तेज रफ्तार कार बनी कहर! बाउंसर्स से भरी गाड़ी ने चाट ठेले को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

मंडला में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब बाउंसर्स से भरी एक चार पहिया गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे चाट-फुलकी के ठेले में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेला करीब 10 फीट दूर जाकर उछल गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में दो बाउंसर और ठेला संचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो लोगों के मुंह में गंभीर चोट आई है, जबकि एक व्यक्ति की पसलियां टूट गई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना देवदरा ग्राम स्थित श्रम कार्यालय के पास रविवार देर शाम की बताई जा रही है. फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Exit mobile version