राजगढ़ के अस्पताल में BMO और नर्सिंग अफसर के बीच विवाद
राजगढ़ के खिलचीपुर सिविल अस्पताल में BMO डॉ हिमांशु मीणा और नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे के बीच धक्कामुक्की हो गई. नर्सिंग ऑफिसर का आरोप है कि बीएमओ ने मारपीट की, मोबाइल छीनने की कोशिश और कमरे में बंद किया. नर्सिंग ऑफिसर ने कहा कि उसकी फरवरी की अटेंडेंस शून्य भेजी, जिसके चलते उसे वेतन नहीं मिला. वहीं BMO ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर ने स्टाफ से अभद्रता की. नर्सों से हाथापाई की. दोनों पक्षों ने खिलचीपुर थाना में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने कहा कि तथ्यों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.
भोपाल में निकली विशाल भगवा यात्रा
भोपाल में विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में कर्मश्री संस्था द्वारा विशाल भगवा यात्रा निकाली गई. यात्रा में भोपाल के हजारों युवा और नागरिक शामिल हुए. यात्रा में शामिल नागरिकों ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर हिंदू नववर्ष के आगमन का शंखनाद किया. यात्रा में विधायक रामेश्वर शर्मा ने नागरिकों से हिंदू नववर्ष के अवसर पर हर घर पर भगवा ध्वज लहराने का आह्वान किया.

संदिग्ध को रोकना पड़ा भारी, एसबीआई के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली
शिवपुरी के करेरा में ड्यूटी से लौट रहे एसबीआई के एक सुरक्षाकर्मी पर गोली चला दी. सुरक्षाकर्मी को राईन मार्केट इलाके में एक संदिग्ध को रोकना भारी पड़ा. बदमाश ने कट्टे से फायर किया. गोली लगने से सुरक्षाकर्मी घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी.
कनाडा में उज्जैन के गुरकीरत सिंह मनोचा की हत्या
मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाडा में हत्या कर दी गई. वह लगभग सवा साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे. मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को वहां कुछ युवकों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान उनपर हमला किया गया. हमले में उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना कनाडा में रह रहे उनके एक मित्र द्वारा देर रात उनके भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा निवासी रायपुर को फोन पर दी गई. घटना के संबंध में कनाडा में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.
खाद्य विभाग की छापेमारी, होटल में मिले घरेलू सिलेंडर
डिंडौरी के शहपुरा तहसील में खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई लगातार तीसरे दिन जारी रही. शहरी क्षेत्र के बाद टीम ने कस्बों की ओर रुख किया. टीम ने मेंहदवानी में कार्रवाई की. सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के नेतृत्व में होटल पर छापा मारा. मेंहदवानी जनपद कार्यालय के सामने स्थित अभिलाष दास लारिया होटल से तीन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए. निरीक्षण के दौरान होटल संचालक घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया. उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. अचानक हुई कार्रवाई से मेंहदवानी के होटल संचालकों में हड़कंप मचा. कलेक्टर के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग रोकने के लिए अभियान चलाया गया है.
सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किए 4 नक्सली स्मारक, नक्सलियों को आखिरी चेतावनी
छत्तीसगढ़ के कांकेर के छोटेबेठीया क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षाबलों ने सर्चिंग के दौरान चार नक्सली स्मारक ध्वस्त किए. 31 मार्च 2026 डेडलाइन से पहले सर्चिंग अभियान तेज किया गया. बचे हुए नक्सलियों को आखिरी चेतावनी दी जा रही है. लगातार सर्चिंग अभियान में सफलता हासिल करने के बाद जवानों के हौसले बुलंद हैं.
देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जलवा है- मंत्री विश्वास सारंग
पांच राज्यों में चुनावों की घोषणा को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जलवा है. पीएम मोदी ने डबल इंजन की सरकार की भाषा को प्रतिपादित किया है. देश के हर राज्य का हर नागरिक और हर वोटर यह चाहता है कि उसके राज्य में भी डबल इंजन की सरकार हो. केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में भाजपा की सरकार हो. ये चुनाव एक बार फिर भाजपा और नरेंद्र मोदी मय होगा. डबल इंजन की सरकार के माध्यम से हर राज्य में विकास हो रहा है. पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतकर सरकार में आएगी. ममता दीदी का बंगाल में वैमनस्य और विघटन की राजनीति का अंत होगा. बंगाल में नया सवेरा होगा, कमल खिलेगा और नरेंद्र मोदी के विश्वास के साथ भाजपा की सरकार बनेगी.
आकाशीय गाज की चपेट में आकर महिला पंच की मौत
छत्तीसगढ़ के जशपुर में आकाशीय गाज की चपेट में आकर महिला पंच की मौत हो गई. खेत में काम करने के दौरान वह गाज की चपेट में आ गई. महिला पंच खेत में मिर्ची की फसल लगा रही थी. मृतका जसिंता पैंकरा ग्राम पंचायत चंपा की पंच थी. सन्ना थाने के चंपा की यह घटना है.
बाबा महाकाल के दर पर गायक सुरेश वाडकर और गायिका इशिता विश्वकर्मा
प्रसिद्ध गायक पद्मश्री सुरेश वाडकर और गायिका इशिता विश्वकर्मा ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन लाभ लिए. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवाकांत पांडे द्वारा उनका स्वागत और सत्कार किया गया.
कच्चे मकान में लगी भीषण आग
मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के ग्राम थानम के मटिया टोला में एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि लगभग 8 कमरों का पूरा मकान धू-धूकर जला. आग लगने के कारण अज्ञात हैं. घटना के समय घर में केवल एक बुजुर्ग महिला थी. महिला ने बाहर निकलकर ग्रामीणों को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी, जिससे पूरा घर जलकर खाक हो गया. निवास पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नेपानगर में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, कांग्रेस पर भी कसा तंज
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नेपानगर के जनजातीय सम्मेलन में सिंगल क्लिक से 363 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्प और भूमिपूजन किया. सीएम ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के हर सरकारी स्कूल में अब बच्चों को दूध के पैकेट मिलेंगे ताकि बच्चे स्वस्थ और मजबूत बनें. उन्होंने जमीन पट्टों को रजिस्ट्री में बदलने की घोषणा भी की, जिससे लोगों को मालिकाना हक और कागजी झंझट से राहत मिलेगी. सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उनके राज में स्कूलों में पानी नहीं था, हम बच्चों को दूध पिलाएंगे. कांग्रेसियों की छाती पर मूंग दलते हुए विकास जारी रहेगा. कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक अर्चना चिटनिस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मंदसौर में खेत में लगी आग, शॉर्ट सर्किट बनी वजह
मंदसौर में एक खेत में आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से आग लगी है. खेत में खड़ी अलसी की फसल में आग लगी है. जिले के गरोठ में वसुंधरा होटल के पास यह खेत है. दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है.
गैस की किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन
सीहोर में जिला कांग्रेस ने गैस किल्लत को लेकर प्रदर्शन किया. कोतवाली चौराहे पर प्रदर्शन किया और अनूठे अंदाज में नाली में गैस पाइप डालकर चाय पकाई और बीजेपी का उपहास उड़ाया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे पीएम मोदी के ज्ञान का उपयोग कर रहे हैं. इस दौरान कांग्रेसियों ने सड़क पर खाली गैस सिलेंडर रखकर नारेबाजी की और बीजेपी शासन से गैस किल्लत दूर करने की मांग की.
भोपाल पुलिस ने किया 55 लाख रुपये लूट का खुलासा
भोपाल में 55 लाख रुपये लूट मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र की यह घटना है. 8 मार्च को लूट हुई थी. पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी फरार चल रहा है. अकाउंटेंट गौरव चेतवानी लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला. गौरव ने अपने दो और अन्य दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी. उन्होंने 6 अपराधियों को हायर किया था. पुलिस ने 35 लाख रुपये बरामद किए. वहीं लूट का पैसा हवाला का निकला. पुलिस द्वारा इनकम टैक्स को सूचना दी गई.
शाजापुर जिले में पेयजल संकट
गर्मी की शुरुआत के साथ ही शाजापुर जिले में भी पेयजल संकट गहराया. शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत से लोग परेशान हो रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश हैंडपंप सूखे. नल जल योजना भी ठप हुई. महिलाओं और बच्चों को कई किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाना पड़ रहा है. कई गांवों में पानी टैंकर के जरिए लाना पड़ रहा है, तो कुछ गांवों में पानी के लिए मीलों का सफर तय करना पड़ रहा है.
शिक्षक की गर्भवती पत्नी की हत्या
पन्ना जिले के ग्राम पड़वार में 8 माह की गर्भवती महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. 27 वर्षीय नीता साहू का शव घर के अंदर लहूलुहान हालत में मिला. बताया जा रहा है कि धारदार कुदारी से हमला कर उसकी हत्या की गई, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई. सूचना मिलते ही मोहन्द्रा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मायके पक्ष ने सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
चारों तरफ नदियों से घिरा लेकिन फिर भी पानी को तरसे लोग
मध्य प्रदेश का सीधी जिला जो चारों तरफ से नदियों से घिरा हुआ है, बावजूद इसके गर्मी के दिन शुरू होते ही जल संकट शहरी और ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है. शहरी इलाके के लोग टैंकर के भरोसे हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों में आज भी लोग पानी के लिए कावड़ और सिर पर रखकर कई किलोमीटर की दूरी तय कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं. केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत अब तक सिर्फ 25 गांवों में पानी सप्लाई संभव हो पाई है. इस योजना के तहत जिलेभर के सभी गांव और शहरी इलाके मिलाकर घर-घर पानी पहुंचाया जाना है लेकिन निर्माण कार्य में चल रही हीलाहवाली की वजह से यह योजना मूर्त रूप नहीं ले पा रही है. यही वजह है कि सीधी जिले के वासियों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है. इस मामले में रीवा संभाग के कमिश्नर का दावा है कि जून महीने तक घर-घर पानी पहुंचने लगेगा.
राजनीतिक स्वार्थ के लिए माहौल खराब करने की कोशिश: बीजेपी
बीजेपी के प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि आजम खान ने 15 मार्च 2026 को जारी संदेश में ईरान-इजराइल संघर्ष के दौरान हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मुस्लिम समुदाय से ईद सादगी से मनाने की अपील की है. उन्होंने विरोधस्वरूप काले कपड़े पहनने, काली पट्टी बांधने और नए कपड़े न पहनने को कहा है. इसपर बीजेपी का कहना है कि कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश के करीब 22.5 लाख बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनर्स को झटका
मध्य प्रदेश के करीब 22.5 लाख बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनर्स को झटका लगा है. सामाजिक सहायता कार्यक्रम NSAP के तहत दी जाने वाली पेंशन में बढ़ोतरी नहीं होगी. नीति आयोग ने सहायता राशि में वृद्धि किए जाने की सिफारिश की थी. केंद्र सरकार ने सहायता राशि बढ़ाने से इनकार कर दिया है. केंद्र की ओर से कहा गया है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है. मध्य प्रदेश में 1,01,470 दिव्यांगों को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता राशि मिलती है. दिव्यांग पेंशन देने में एमपी देश में नंबर 2 पर है. बुजुर्ग और दिव्यांगों को 600 रुपये पेंशन मिलती है.
शाजापुर जिला जेल से कैदी फरार
शाजापुर जिला जेल से आज एक कैदी दीवार कूदकर फरार हो गया. कैदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया. सूचना मिलते ही लाल घाटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस टीमें अब फरार कैदी को तलाशने में जुट गई हैं. मिली जानकारी के अनुसार, कैदी जेल में पाइप से पानी भर रहा था. इसी दौरान जेल परिसर से फरार हो गया. पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी. लाल गाड़ी थाने पर पदस्थ एसआई हेमंत पटेल का कहना है कि जेल के अंदर से कैदी जीवन उर्फ जयराम फरार हुआ है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे हैं और फरार कैदी की तलाश की जा रही है. वहीं जेल प्रबंधन ने भी अब इस पूरे मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है.
घबराती बच्ची का हाथ पकड़ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगवाई एचपीवी वैक्सीन
गुना जिले के म्याना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केंद्रीय संचार मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का अलग अंदाज देखने को मिला. एचपीवी वैक्सीन लगवाने से डर रही एक बच्ची को केंद्रीय मंत्री ने खुद पास बुलाया और उसका हाथ पकड़कर हिम्मत दिलाई. बच्ची को समझाते हुए कहा, ‘यह वैक्सीन तुम्हारे जीवन का कवच है, इससे डरने की जरूरत नहीं है.’ मंत्री की मौजूदगी में स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्ची को एचपीवी वैक्सीन लगाई. वैक्सीनेशन के बाद केंद्रीय मंत्री ने बच्ची को शाबाशी दी और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किया. स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद लोगों ने मंत्री के इस संवेदनशील व्यवहार की सराहना की.
महेश्वर पहुंचे मोनालिसा की फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा
महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा की फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा आज महेश्वर पहुंचे. मिश्रा ने मोनालिसा की फरहान से शादी को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात की. सनोज मिश्रा ने न्यूज 18 से खास बातचीत की. उन्होंने कहा कि मोनालिसा की शादी नहीं बल्कि यह लव जिहाद है. सरकार को कदम उठाने चाहिए. उन्होंने कहा कि यह पीएफआई का षड्यंत्र है. सनातन धर्म को बदनाम किया जा रहा है. डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने केरल में शादी पर सवाल उठाए. वह सीएम डॉ मोहन यादव से मुलाकात करेंगे. प्रयागराज महाकुंभ में माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में मौका दिया है.
रायसेन में धर्मांतरण का मामला, लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
रायसेन के मंडीदीप थाना क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आया है. हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में परिवर्तन कराया जा रहा था. पैसों और इलाज का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है. सूचना मिलते ही बजरंग दल और हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे. हिंदू संगठन के लोगों को मौके से बाइबल की कई प्रतियां मिलीं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
छत्तीसगढ़ में गैस की कोई किल्लत नहीं- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ में LPG गैस की दिक्कतों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में गैस की कोई किल्लत नहीं है. विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है. उन्होंने कहा कि कहीं कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी. ये सब अफवाह है. दो जहाज ईरान से चल चुके हैं. कल या परसों पहुंचने वाले हैं. जो भी थोड़ी बहुत कमी है, उसकी भी पूर्ति की जाएगी. विपक्ष के लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं.
होटल और ढाबों पर छापेमारी, सिलेंडर और शराब जब्त
मंडला में खाद्य विभाग और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की है. होटल और ढाबों पर छापेमारी की गई. यहां कमर्शियल की जगह घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग करते हुए गैस सिलेंडर जब्त किए गए. टीम ने एनएच-34 रेस्टोरेंट और राजस्थानी ढाबे से 3-3 और विशाल भोजनालय और विशाल ढाबा से 1-1 सिलेंडर जब्त किया. इस दौरान टीम को ढाबे और रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस परोसी जा रही विदेशी शराब भी बरामद हुई. यहां से बीयर और व्हिस्की की बोतलें बरामद हुईं. राजस्थानी ढाबे से सबसे ज्यादा 56 बीयर कैन और करीब 84 क्वार्टर व्हिस्की मिली. खाद्य विभाग और प्रशासन की टीम ने ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे बलरामपुर, शोकसभा में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलरामपुर पहुंच चुके हैं. हेलीपैड पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. मंत्री रामविचार नेताम, राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ भाजपा नेता वहां मौजूद रहे. सीएम भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के निवास पर शोकसभा में शामिल होंगे. ओमप्रकाश जायसवाल के पिता के निधन पर शोकसभा आयोजित की जा रही है.
विकलांग छात्रावास की महिला रसोईया ने खाया जहर, हॉस्टल अधीक्षक पर लगाया आरोप
अनूपपुर के विकलांग छात्रावास में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महिला रसोईया ने जहर खा लिया. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज चल रहा है. पीड़िता ने हॉस्टल अधीक्षक पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर द्वारा विकलांग छात्रावास में भोज कार्यक्रम रखा गया, जिसपर सामग्री महिला रसोईया को दी गई. रसोईया द्वारा गैस खत्म होना बताकर गैस की मांग की गई. रसोईया का आरोप है कि अधीक्षक द्वारा गाली-गलौज की गई, जिससे आहत होकर उसने जहर खा लिया. उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उपचार जारी है.
इस समय प्रेम और भाईचारे की सबसे ज्यादा जरूरत- कांग्रेस नेता
ईद को लेकर सपा नेता आजम खान की अपील पर भोपाल कांग्रेस ने कहा कि ईद हमेशा से ही सादगी के साथ मनाई जाती है. कांग्रेस नेता फिरोज सिद्दीकी ने कहा कि ईद प्रेम और भाईचारे का त्योहार है, जिसकी इस समय विश्व को सबसे ज्यादा जरूरत है. ईरान-इजरायल युद्ध के कारण वैश्विक हालात चिंताजनक बने हुए हैं. बेगुनाह मासूम लोगों की जान जा रही है. बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हो रहा है. तेल के भंडार नष्ट किए जा रहे हैं. भारत हमेशा से महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चलने वाला देश रहा है. हमें इस ईद और रामनवमी के मौके पर विश्व शांति का संदेश देना चाहिए.
बीजेपी पांचों राज्यों में प्रचंड बहुमत के लिए तैयार- मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बीजेपी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है और पांचों राज्यों में पार्टी प्रचंड बहुमत से जीतेगी. पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति को रिसीव न किए जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए और इसकी घोर निंदा करते हैं. 17 मार्च को कांग्रेस के घेराव पर उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन हो गया है और कुछ ना कुछ विपक्ष धर्म अपनाना ही पड़ेगा.
शाहपुर में जंगली सुअर का शिकार करने वाले दो आरोपियों को दबोचा
बुरहानपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार कर मांस बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को पुलिस और वन विभाग ने देर रात गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से 8 किलो जंगली सुअर का मांस, चाकू, दराती, जाल और दोपहिया वाहन जब्त किया गया. पकड़े गए आरोपी बादलसिंग (35) और मेहदुरसिंग (38) जिला खंडवा के निवासी हैं. उन्होंने कबूला कि बंभाड़ा गांव के पास खेत की मेड़ पर जाल लगाकर शिकार किया था. वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा.
ADVERTISEMENT
बुरहानपुर: चैत्र नवरात्रि में मां वाघेश्वरी धाम में भव्य ग्रामोदय मेला
चैत्र नवरात्रि में बुरहानपुर के धामनगांव स्थित मां वाघेश्वरी मंदिर में 19 से 27 मार्च तक भव्य ग्रामोदय मेला लगेगा. मेले का शुभारंभ 19 मार्च को बंभाड़ा से धामनगांव तक दिंडी पदयात्रा के साथ होगा. प्रत्येक शाम धार्मिक कीर्तन, भजन संध्या, लावणी डांस, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मेले में क्रिकेट-कबड्डी प्रतियोगिताएं, किसानों के लिए खेती कार्यशालाएं, हस्तशिल्प बाजार, कोल्हापुरी चप्पल, साड़ियां, झूले, ऊंट-घोड़े की सवारी और स्वादिष्ट चौपाटी की विशेष रौनक रहेगी. विधायक एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया.
मोनालिसा की शादी के बाद परिजन परेशान
खरगोन: वायरल गर्ल मोनालिसा की मुस्लिम युवक फरहान से शादी के बाद परिजनों में मातम सा माहौल बन गया है. मोनालिसा की शादी के चार दिन बीत जाने के बावजूद परिवार से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे परिजन बेहद दुखी और परेशान हैं. माता लता भोसले रो-रो कर बेटी को याद कर रही हैं. मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम में फरहान से शादी की थी. पिता जयसिंह और मां लता ने न्यूज18 को बताया कि बेटी के साथ फिल्म में एक्टिंग सिखाने के नाम पर धोखा हुआ और शादी के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो रहा है.
भोपाल में फ्लाईओवर निर्माण पर ग्रामीणों का सड़क जाम प्रदर्शन
भोपाल: इंदौर खजूरी बायपास पर फ्लाईओवर निर्माण के विरोध में आसपास के ग्रामीण सड़क पर उतर आए. ग्रामीणों ने अंडरपास बनाने की मांग करते हुए रास्ता बंद होने पर विरोध जताया. वर्तमान में फ्लाईओवर निर्माण के कारण 2-3 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा है. उन्होंने मांग न माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.
दुर्ग- नाली में मिला नवजात का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
दुर्ग जिले के जिला अस्पताल के पीछे नाली में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई. नाली की सफाई के दौरान सफाई कर्मी को शव दिखाई दिया. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. खबर के मुताबिक, यह लगभग 6 महीने का भ्रूण हो सकता है. मामला दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
अफीम खेती मामले पर कार्रवाई, 58 पटवारियों का ट्रांसफर
बलरामपुर जिले में अफीम की खेती मामले उजागर होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई. राजस्व पटवारी का बड़े पैमाने पर ट्रांसफर किया गया है. जिले भर से कुल 58 पटवारियों का तबादला किया गया, जो लंबे समय से एक ही विकासखंड में तैनात थे. बलरामपुर कलेक्टर ने इस संबंध में ट्रांसफर आदेश जारी किए हैं.
ग्वालियर- होटल रिसेप्शनिस्ट का अपहरण, 4 बदमाशों ने कार में उठाकर की मारपीट
ग्वालियर में गायत्री विहार के बागवान होटल में 12 मार्च देर रात रिसेप्शनिस्ट श्यामू राणा का अपहरण किया गया. चार बदमाश होटल के बाहर से श्यामू को कार में उठा ले गए और रास्ते में मारपीट की. मारपीट के बाद उन्हें छोड़कर बदमाश भाग गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. थाटीपुर थाने में फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कटनी जिला जेल में बंद कैदी की मौत
मध्य प्रदेश के कटनी जिला जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सजा काट रहे एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान रमेश पटेल के रूप में हुई है, जो साल 2024 में धारा 304(बी) के मामले में अपने दो भाइयों के साथ 10 साल की सजा काट रहा था. बताया जा रहा है कि रमेश पटेल ने देर रात भोजन करने के बाद बैरक में आराम किया था. इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. जेल प्रशासन ने तुरंत उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गरियाबंद की घटारानी में आग से तबाही
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी में लगी भीषण आग से कई अस्थायी दुकानें जलकर खाक हो गईं. बांस और लकड़ियों से बनी इन दुकानों में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है. आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं है. हालांकि, जंगल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
UGC कानून के विरोध में सवर्ण समाज का महाआंदोलन
UGC कानून के विरोध में सवर्ण समाज एक बार फिर महाआंदोलन का आयोजन कर रहा है. इस दौरान करणी सेना समाज सहित विभिन्न सवर्ण समाज के लोग खुशीलाल ग्राउंड में एकत्र होंगे. कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
डिण्डौरी में खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई, होटल से गैस सिलेंडर जब्त
शहपुरा नगर में खाद्य विभाग ने लगातार दूसरे दिन सख्त कार्रवाई की. सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के निरीक्षण में शहीद स्मारक के पास राम जोधपुर मिष्ठान भंडार से 2 और मुड़की शहपुरा स्थित प्रेम ढाबा से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया. जांच में होटल संचालक इन सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे पाए गए. आम उपभोक्ताओं को गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई. दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ जरूरी वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया. कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहने के संकेत हैं.
दुर्ग में कबाड़ कारोबारियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में स्क्रैप जप्त किया. आरोपियों द्वारा कई वाहनों को काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी. यह कार्रवाई मोहन नगर, सिटी कोतवाली और थाना अंडा के विभिन्न क्षेत्रों में की गई थी.
मुरैना: नीलगाय शिकार गैंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीलगाय का शिकार कर उसका मास ढाबों पर बेचने वाली गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के घर से 50 किलो से अधिक नीलगाय का मास बरामद किया गया. दो दिन पहले खंडोली-सिहोरी के जंगल में आरोपियों ने नीलगाय का शिकार किया था और मौके से नीलगाय का सिर और चमड़ी भी जप्त की गई. आरोपी रिंकू खान शिकार करता था, जबकि सोनू नागर के घर से मास मिला. पूरे मामले में सराएछोला थाना क्षेत्र के जारह गांव से जुड़े आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वन विभाग पूछताछ में जुटी है.
रीवा में अवैध पशु तस्करी का बड़ा भंडाफोड़
अवैध पशु तस्करी का एक बड़ा भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें पुलिस ने ट्रक समेत 34 भैंसों को अपने कब्जे में लिया. इन भैंसों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है, जबकि ट्रक की कीमत 60 लाख रुपये है, जिससे कुल 80 लाख रुपये की कार्रवाई की गई है. ये भैंसें उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थीं, जिन्हें सेमरिया पुलिस ने गेरूआर मोड़ पर दबोच लिया. पुलिस को देख तस्करी में शामिल तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया. फरार तस्कर की तलाश जारी है और इस मामले में पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है.
रायपुर में मांस-मटन बिक्री पर बैन
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 20 मार्च (चेट्रीचंड), 27 मार्च (रामनवमी) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को मांस और मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इस आदेश के तहत सभी पशुवध गृह और मांस-मटन दुकानें बंद रहेंगी. महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह आदेश जारी किया है. जोन और स्वच्छता अधिकारी निरीक्षण करेंगे और उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें होटलों में मांस-मटन बिक्री पर जप्ती और अन्य कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
भिंड: नेशनल हाईवे 719 चौड़ीकरण को लेकर 16 मार्च को बड़ा जनांदोलन
भिंड में नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर 16 मार्च को बरेठा टोल पर बड़ा जनांदोलन होगा. संत समाज के आवाहन पर इस आंदोलन में भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी संगठन, किसान, व्यापारी, नौजवान और विपक्षी दलों के नेता बड़ी संख्या में शामिल होंगे. संत समिति के जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज ने कहा कि इस बार आंदोलन आर-पार का होगा. प्रशासन से परमिशन न मिलने के बावजूद आंदोलन करने का ऐलान किया गया है. आंदोलन से पहले प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला की मौजूदगी में कलेक्टर, विधायक, दंदरौआ धाम के महंत और आंदोलनकारियों के बीच बैठक हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. करीब दो घंटे चली बैठक में NHAI और MPRDC के अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण का काम फरवरी 2027 तक शुरू होने की संभावना है, जबकि आंदोलनकारी रोड नहीं तो टोल नहीं के नारे के साथ जल्द काम शुरू कराने की मांग पर अड़े हुए हैं.
एसपी आफिस के बाहर बाइक में लगी आग
छतरपुर के एस पी आफिस के सामने उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान में खडी बाइक में अचानक आग की लपटें उठने लगी और देखते ही देखते आग की लपटें भीषण आग में बदल गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि बाइक रिपेयरिंग की दुकान के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी. आग बढ़ते देख आसपास बैठे लोगों और राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए पानी और धूल डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, आग लगने से बाइक को नुकसान पहुंचा है. घटना के दौरान कुछ देर के लिए वहां हड़कंप की स्थिति बनी रही. फिलहाल आग लगने के कारणों का साफ पता नहीं चल पाया है.