Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले में गाड़ियों की टक्कर, बैतूल में कोयला खदान मजदूरों का विरोध,LPG को लेकर टेंशन,जानें MP में कहां कैसे हालात 

Share

नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले में गाड़ियों की टक्कर, कुछ लोगों को मामूली चोटें
गुना में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. वह पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने महुहन जा रहे थे. ईसागढ़-देहरदा मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान धूल और गिट्टी के ढेर के कारण हादसा हुआ. काफिले की आगे चल रही स्टाफ गाड़ी गिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, जिससे पीछे की गाड़ी टकरा गई. इसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन बड़ा हादसा टल गया.

बैतूल में कोयला खदान मजदूरों का विरोध, ठेकेदारों पर वेतन की कटौती का आरोप
बैतूल में कोयला खदान मजदूरों ने ठेकेदारों द्वारा शोषण के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है. मजदूरों का मासिक वेतन 32,000 से 35,000 रुपये है, लेकिन ठेकेदार तनख्वाह मिलने के दिन ही 27,000 से 28,000 रुपये वापस ले लेते हैं. यह अनियमितता कई सालों से जारी है और कोल फील्ड प्रबंधन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. मजदूरों ने न्याय के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई और कलेक्टर ने इस मामले को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.

जबलपुर में गैस संकट गहराया, ऑनलाइन-ऑफलाइन बुकिंग ठप
जबलपुर में खाड़ी युद्ध के असर के चलते गैस सप्लाई की समस्या सामने आने लगी है. कमर्शियल गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थान प्रभावित हो रहे हैं और एक-दो दिन में इनके बंद होने की आशंका है. वहीं, घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है और एजेंसियां ऑफलाइन बुकिंग से भी मना कर रही हैं. सर्वर डाउन होने की बात कही जा रही है, जिससे उपभोक्ता तीन-तीन दिन से परेशान हैं. फिलहाल, गैस की सप्लाई सिर्फ हॉस्टल और अस्पतालों को ही दी जा रही है.

ADVERTISEMENT

ग्वालियर के बाबा गार्डन में ड्रामा, दूल्हे के अफेयर का खुलासा, दुल्हन ने ठुकराया
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित बाबा गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान हंगामा हो गया, जब दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि दूल्हे का किसी दूसरी लड़की से अफेयर था. उस लड़की ने दुल्हन को मैसेज और फोटो भेजकर दूल्हे को अपना प्रेमी बताया. इसके बाद मामला थाने पहुंच गया. पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई. वहीं, दुल्हन पक्ष दूल्हे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहा है.

सतपुड़ा की पहाड़ियों में दिखे दुर्लभ प्रजाति के उल्लू, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में सतपुड़ा की पहाड़ियों में दुर्लभ प्रजाति के उल्लू दिखाई दिए हैं. वन ग्राम धरमपुरी के पास पहाड़ी की एक गुफा के नजदीक दो उल्लू के बच्चों का वीडियो सामने आया है, जो सामान्य उल्लुओं से अलग नजर आ रहे हैं. सतपुड़ा के जंगलों में वैसे तो कई तरह के वन्य जीव और पक्षी पाए जाते हैं, लेकिन इस तरह के उल्लू दिखाई देने से इलाके में आदिवासियों और ग्रामीणों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया है. दुर्लभ उल्लू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इन दुर्लभ उल्लुओं के दृश्य सबसे पहले न्यूज18 पर दिखाए जा रहे हैं.

छतरपुर में गैस सिलेंडर फटने से मकान के उड़े परखच्चे, आगजनी का वीडियो आया सामने

छतरपुर जिले के राजनगर कस्बे में गैस सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया. वार्ड नंबर 14 में रहने वाले एक परिवार के घर में घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान के परखच्चे उड़ गए और घर में आग लग गई. विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारें और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के समय का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर के अंदर आग लगी दिखाई दे रही है और फटा हुआ गैस सिलेंडर मौके पर पड़ा नजर आ रहा है. हादसे में पीड़ित राजन कोरी का परिवार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और अब प्रशासन से मदद की मांग कर रहा है.

ईरान-इजरायल युद्ध का असर मध्य प्रदेश में, कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक

मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है. गैस कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी पर फिलहाल रोक लगा दी है. इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और छोटे-बड़े उद्योगों पर पड़ सकता है. राजधानी भोपाल में रोजाना करीब 10 हजार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होती है. युद्ध के बाद सिलेंडर की कीमत भी 1773 रुपये से बढ़कर 1888 रुपये हो गई थी. हालांकि इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, बल्कि गैस कंपनियों ने यह निर्णय अपने स्तर पर लिया है.

ADVERTISEMENT

शादी में जा रही सवारियों से भरी तूफान गाड़ी नहर में पलटी, 16 घायल; 6 की हालत गंभीर

नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया. शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ियाभाउ के पास सवारियों से भरी एक तूफान गाड़ी नहर में पलट गई. हादसे में करीब 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि लोग खंडवा जिले के दग्गडखेड़ी गांव से नर्मदापुरम में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

धर्म परिवर्तन और रेप केस में नया खुलासा, आरोपी बहनों का ईरानी डेरा कनेक्शन सामने आया

भोपाल में सामने आए कथित धर्म परिवर्तन और रेप केस में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. जांच में पता चला है कि आरोपी बहनों का संबंध ईरानी डेरे से है. बताया जा रहा है कि यह परिवार करीब 20 साल पहले लखनऊ से भोपाल आया था. पिता की मौत के बाद आरोपी अमरीन सेक्स रैकेट की सरगना बन गई. पुलिस के मुताबिक अमरीन नर्मदापुरम रोड स्थित एक स्पा में काम करती थी और अपनी बहनों के साथ मिलकर 5 से 7 लड़कियों को देह व्यापार में धकेल चुकी है. फिलहाल अमरीन, आफरीन और चंदन यादव जेल में हैं, जबकि यासिर, चानू और बिलाल फरार हैं.

LPG को लेकर टेंशन, शादियां हो रही कैंसिल, जानें MP में कहां कैसे हालात 

मध्य प्रदेश में गैस संकट गहराता नजर आ रहा है. कई जिलों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है. घरेलू गैस के लिए एजेंसियों पर लाइनें लग रही है. इसका सीधा असर शादी समारोह और बड़े आयोजन पर पड़ रहा है.

 इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच हो रही जंग का 10 मार्च को 11वां दिन है. लंबी खिंच रही इस जंग का असर अब ईरान से करीब 5000 किलोमीटर दूर भारत के मध्य प्रदेश राज्य में भी दिखाई देने लगा है. सबसे बड़ी किल्लत कमर्शियल और घरेलू गैस की नजर आ रहा है. प्रदेश के अधिकतर जिलों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेडरों की मारा-मारी भी बढ़ गई है. एजेंसियों पर  लोगों की भीड़ लग रही है. लोग का कहना है मुश्किल से सिलेंडर मिल रहा है, होम डिलेवरी भी नहीं हो रही है. 

गैस के संकट को लेकर NDTV ने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट बीएस शर्मा से बातचीत की. उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है. घरेलू गैस सिलेंडरों पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई हैं. पहले 15 दिन में कॉल और मैन्युअल बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब सिर्फ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बुकिंग हो सकती है. 

दो महीने में मिलेगा एक सिलेंडर 

बीएस शर्मा ने बताया कि पहले अब महीने में सिर्फ एक सिलेंडर की बुकिंग होगी, एक से दूसरे सिलेंडर के बीच 25 दिन का अंतर होना चाहिए, ऐसा नहीं होने पर बुकिंग नहीं होगी. उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के प्रोडक्शन और वितरण पर पूरी तरह रोक है. आने वाले समय में सरकार दो महीने में सिर्फ एक सिलेंडर देने पर विचार कर रही है. 

शादियां हो रही कैंसिल   

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट बीएस शर्मा ने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के वितरण पर रोक के कारण बहुत सारी शादियों की तारीख आगे बढ़ाई जा रही है. क्योंकि केटर्स ने हाथ खड़े कर दिए हैं.  

मध्य प्रदेश में कहां कैसे हालात 

मृत भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंचा युवक, जज की डाइस पर रखकर बोला- न्याय दो या इच्छा मृत्यु की इजाजत

जबलपुर हाईकोर्ट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रीवा निवासी दयाशंकर पांडे मृत बच्चे का भ्रूण लेकर कोर्ट पहुंच गया और जज की डाइस पर रख दिया. उसने दावा किया कि उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है और न्याय नहीं मिला तो उसे इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए. दयाशंकर का आरोप है कि वह जबलपुर की शुभ मोटर्स में अकाउंटेंट था, जहां उसे करीब 200 करोड़ के घोटाले की जानकारी मिली. इसके बाद उस पर जानलेवा हमले हुए, जिनमें पत्नी का गर्भपात हो गया. फिलहाल पुलिस ने उसे और उसकी पत्नी को समझाइश देकर थाने ले जाकर पूछताछ की.

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज ओंकारेश्वर दौरे पर, नर्मदा परिक्रमा यात्रा में होंगे शामिल

खंडवा. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 10 मार्च को ओंकारेश्वर दौरे पर रहेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12:35 बजे रवाना होकर करीब 1:25 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगे. यहां वे दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगे. कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:55 बजे ओंकारेश्वर से हेलीकॉप्टर द्वारा इंदौर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

कटनी में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 4 लोगों की मौत

कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बड़वारा थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिया के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चारों एक ही बाइक पर सवार थे. मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है. वहीं कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.

जन्मदिन की हर्ष फायरिंग में पड़ोसी युवक घायल, आरोपी सिक्योरिटी गार्ड हिरासत में

रतलाम जिले के आलोट कस्बे के प्रमिलागंज क्षेत्र में जन्मदिन की खुशी में की गई हर्ष फायरिंग एक युवक पर भारी पड़ गई. फायरिंग के दौरान चली गोली पड़ोसी 18 वर्षीय युवक के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि आरोपी श्याम नायक महाकाल मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए घर आया हुआ था. सूचना मिलने पर आलोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Exit mobile version