छतरपुर में ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में आग
छतरपुर में ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग से इलाके में धुंए का गुबार फैला नजर आया. इस दौरान बिजली के दर्जनों ट्रांसफार्मर भीषण आग में जलकर खाक हो गए. फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील ऑयल से भरे टेंकर में भी आग लग गई. आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन आगजनी की घटना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा.
पुजारी को हनी ट्रैप में फंसाकर फिरौती मांगने वाला गैंग बेनकाब
भोपाल में कोहेफिजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘इल्लीगल’ गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी को उसकी शादी के मंडप से गिरफ्तार किया. आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर पुजारी को हनी ट्रैप में फंसाकर उसका अपहरण करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की मांग करने के मामले में शामिल था. पुलिस ने इस मामले में *गैंग सरगना सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गैंग के सदस्यों की पहचान उनकी गर्दन पर बने ‘इल्लीगल’ टैटू से होती है.
रायपुर: भाजपा प्रदेश मीडिया टीम का विस्तार
रायपुर में भाजपा की प्रदेश मीडिया टीम का विस्तार किया गया है. नई सूची में 3 सह संयोजक, 10 प्रवक्ता और 11 पैनलिस्ट शामिल किए गए हैं. प्रवीण साहू, गोविंदा गुप्ता और राहुल राय को प्रदेश मीडिया सह संयोजक बनाया गया है. भाजपा के मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से मीडिया टीम का विस्तार किया गया है.
बिलासपुर में अवैध पटाखों का गोदाम पकड़ा, दो व्यापारी गिरफ्तार
बिलासपुर के सरकंडा इलाके* में पुलिस ने छापेमारी कर एक आवासीय कॉलोनी के मकान से अवैध पटाखों का गोदाम पकड़ा है. चटर्जी गली स्थित मकान में कार्टून और बोरियों में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री (टॉप टाइगर बम, लड़ी, अनार, चकरी आदि) छिपाकर रखी गई थी. मौके से दो कारोबारी संजय थदानी और रवि गिदवानी को गिरफ्तार किया गया.पटाखों के भंडारण के लिए कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
विधायक और बिजली अधिकारी के बीच बिजली कटौती को लेकर विवाद
शाजापुर भाजपा विधायक अरुण भीमावद और बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर झा के बीच आज एक गांव की बिजली काटने की बात को लेकर मोबाइल पर तीखी बहस हो गई, कार्यपालन यंत्री मोबाइल पर विधायक से बोले, चाहे तो आप मेरा ट्रांसफर करवा दीजिए. इसके बाद विधायक अरुण भीमावद बड़ी संख्या में अपने समर्थकों से बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच गए और अधीक्षण यंत्री वर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों को इस पूरे मामले की शिकायत की. इस दौरान विधायक अरुण भीमावद ने बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर झा की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी जताई और मामले की शिकायत सीएमडी ऑफिस, सीएम, कार्यालय और कलेक्टर को करने की बात कही. दरअसल, शाजापुर विधानसभा के बिकलाखेड़ी गांव पर बिजली का 20 लाख रुपए का बिल बकाया होने पर बिजली कंपनी ने तीन दिन पहले गांव की बिजली काट दी थी और इसी बात को लेकर विधायक ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को फोन लगाया था. जबकि मंगलवार को भी बिकलाखेड़ी गांव के ग्रामीणों और बिजली कंपनी के अधिकारियों के बीच बिजली काटने की बात पर विवाद हुआ था. बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि जिन गांवों में बिजली का भारी भरकम बिल बकाया है वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश पर उन ट्रांसफार्मर की बिजली सप्लाई काट दी जाती है.
रांची से रायपुर जा रही बस में लगी आग
झारखंड से रांची जा रही रायपुर की बस में भीषण आग लग गई. ऐसा बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से बस में आग लगी है. आग लगने से कई यात्रियों के सामान जल गए. समय रहते सभी यात्री बस से नीचे उतर गए. लेकिन आग लगने की वजह से बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई.
मंडला-नैनपुर गबन कांड, करोड़ों के घोटाले में 13 आरोपी गिरफ्तार
मंडला–नैनपुर जनपद में करोड़ों रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 9 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं. इससे पहले 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जितेंद्र जंघेला ने सरकारी राशि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अन्य आरोपियों के निजी खातों में ट्रांसफर किया. गिरफ्तार सभी 13 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है.
पन्ना में दबंगों का आतंक, कट्टा लहराकर की फायरिंग
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सुरदहा गांव में चार युवकों द्वारा कट्टा लहराकर फायरिंग और एक परिवार से मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित केदारनाथ पटेल ने गुनौर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज कर मारपीट की और बाद में छत पर चढ़कर कट्टे से फायरिंग करते हुए घर पर ईंट-पत्थर फेंके. घटना के दौरान चार साल का बच्चा बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो भी बनाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बुरहानपुर में ओवरलोड ट्रक पलटा, सड़क पर फैली कपास की सरकी
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में जैनाबाद फाटा के पास स्टेट हाईवे पर कपास की सरकी से भरा एक ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रक महाराष्ट्र के खामगांव से इंदौर जा रहा था. हादसे के बाद सरकी सड़क पर फैल गई जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई.
स्वतंत्र धर्मांतरण विधेयक को मंजूरी
छत्तीसगढ़ की कैबिनेट की बैठक में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई है. सरकार का मानना है कि इस विधेयक से एक धर्म से दूसरे धर्म में परिवर्तन के लिए बल, प्रलोभन, अवैध धर्मांतरण पर रोक लगेगी. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने धर्मांतरण विधेयक को लेकर कहा कि 1968 का धर्म स्वतंत्र विधेयक लागू है. अब परिस्थितियां बदली हैं, तो नई परिस्थितियों के तहत धर्म स्वतंत्र विधेयक लाया गया है.
भोपाल में 18 मार्च को होगा भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मुख्यमंत्री दीप प्रज्ज्वलित करेंगे शुभारंभ
भोपाल में 18 मार्च को हिंदू नववर्ष के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रात 8 बजे अटल पथ, तात्या टोपे स्टेडियम मार्ग पर भव्य काव्य मंच सजाया जाएगा. सम्मेलन में फेमस कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित कई राष्ट्रीय स्तर के कवि हास्य, व्यंग्य, गीत, श्रृंगार और ओज रस की कविताएं पेश करेंगे. यह कार्यक्रम हिंदू नववर्ष के स्वागत में भारतीय संस्कृति और साहित्य का उत्सव रूप में आयोजित किया जा रहा है.
रायपुर विधानसभा में उठा स्वामी आत्मानंद स्कूल का मुद्दा
रायपुर में विधानसभा में स्वामी आत्मानंद स्कूल का मुद्दा उठा. कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार ने स्कूल की प्री-प्राइमरी कक्षाएं बंद करने की घोषणा की है. उनका आरोप है कि भाजपा सरकार बनने के बाद स्कूल को बंद करने का षड्यंत्र किया जा रहा है. आत्मानंद स्कूल गरीब बच्चों को इंग्लिश मीडियम शिक्षा देने का माध्यम था, लेकिन अब प्री-प्राइमरी में नया एडमिशन नहीं लिया जाएगा. शुक्ला ने बताया कि सालों से स्कूल को जरूरी सुविधाएं नहीं दी गई थीं.
फोटो मांगने पर 13 साल की बच्ची की बेरहमी से पिटाई, पिता-दादी पर आरोप; FIR को लेकर भी हंगामा
जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र के भैरव नगर में 13 साल की बच्ची के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि फोटो मांगने पर पिता और दादी ने बच्ची को बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित की मां का आरोप है कि बच्ची करीब पांच घंटे तक थाने में बैठी रही, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की और दबाव बनाती रही. मां ने थाना प्रभारी, पिता और दादी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच 14 साल से पारिवारिक विवाद चल रहा है.
जैन मंदिर में बड़ी चोरी: ताले तोड़कर मूर्तियां, छत्र और नकदी ले उड़े चोर
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के रामनिवारी गांव स्थित जैन मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने मंदिर के चार ताले तोड़कर अंदर रखी कीमती सामग्री चोरी कर ली. चोर मंदिर से 11 छत्र, 2 सिंहासन, 2 भगवान की मूर्तियां और करीब 50 हजार रुपये नकद ले गए. घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है. चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये आंकी जा रही है. सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने ताले टूटे देखे तो हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
माइनिंग फर्म पर IT का सर्वे: दिलीप गुप्ता के ऑफिस में टैक्स चोरी की जांच
आयकर विभाग ने माइनिंग कारोबार से जुड़ी फर्म पर सर्वे कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक दिलीप गुप्ता की फर्म के चुना भट्टी स्थित कार्यालय में आईटी की टीम पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स चोरी की आशंका को लेकर की जा रही है. आयकर विभाग इन दिनों देशभर में अलग-अलग जगहों पर सर्वे अभियान चला रहा है. इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है. सूत्रों के मुताबिक टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाल रही है. इससे पहले इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भी कार्रवाई कर चुका है.
जगदलपुर में माओवादियों का बड़ा सरेंडर आज, 108 कैडर छोड़ेंगे हथियार
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आज माओवादियों का बड़ा सरेंडर होने जा रहा है. दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के कुल 108 माओवादी कैडर आत्मसमर्पण करेंगे. यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शौर्य भवन स्थित पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा. इस दौरान बीजापुर सहित बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए हथियारों और विस्फोटकों के डंप को भी प्रदर्शित किया जाएगा. बताया जा रहा है कि यह भारत में नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में बरामद अब तक की सबसे बड़ी डंप में से एक है. कार्यक्रम में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
MP में डेढ़ लाख शिक्षकों पर संकट! TET पास करना अनिवार्य, फेल होने पर जा सकती है नौकरी
मध्यप्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की नौकरी पर संकट मंडराने लगा है. स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 लागू होने से पहले हुई है, उन्हें सेवा में बने रहने के लिए टीईटी (Teacher Eligibility Test) पास करना अनिवार्य होगा. विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. आदेश के अनुसार जिन शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में पांच साल से ज्यादा समय बचा है, उन्हें दो साल के भीतर टीईटी परीक्षा पास करनी होगी, जबकि जिनकी नौकरी पांच साल से कम बची है, उन्हें परीक्षा से छूट दी गई है.
कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत, छोटे व्यापारियों पर संकट; बंद हो सकती हैं चाय-नाश्ते की दुकानें
कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत का असर अब बाजार में साफ दिखाई देने लगा है. सिलेंडर नहीं मिलने से छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर चाय, समोसा और अन्य नाश्ते की दुकानों पर इसका सीधा असर पड़ा है. दुकानदारों का कहना है कि उनके पास केवल एक-दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है. अगर जल्द सिलेंडर की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो मजबूरन दुकानें बंद करनी पड़ सकती हैं. वहीं ग्राहकों का कहना है कि अगर दुकानें बंद हुईं तो उन्हें अपने मनपसंद नाश्ते से वंचित रहना पड़ेगा. व्यापारियों ने जल्द आपूर्ति शुरू करने की मांग की है.
नगर निगम की बकायादार सूची में माधवराव सिंधिया का नाम, 33 लाख टैक्स बकाया
ग्वालियर नगर निगम की बकायादार सूची में स्वर्गीय माधवराव सिंधिया का नाम सामने आया है. जानकारी के अनुसार कटोरा ताल के सामने स्थित एक खाली पड़ी बेशकीमती जमीन पर करीब 33 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया है. यह जमीन अब भी स्व. माधवराव सिंधिया के नाम पर दर्ज बताई जा रही है. नगर निगम इस मामले में संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए सिंधिया ट्रस्ट को भी जानकारी दी जाएगी. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
CM मोहन यादव आज सागर, दमोह और दिल्ली दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर, दमोह और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे. अपने दौरे की शुरुआत सागर से करेंगे, जहां वे ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री दमोह जिले के हटा पहुंचकर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी महिलाओं से संवाद भी करेंगे. दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम को दिल्ली रवाना होंगे. दिल्ली में वे एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और कई महत्वपूर्ण बैठकों में भी शामिल हो सकते हैं. मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश के विकास और सामाजिक कार्यक्रमों से जोड़कर देखा जा रहा है.
ईरान-इजराइल युद्ध का असर: MP में 2 दिन से गैस सिलेंडर सप्लाई ठप्प, होटल-रेस्टोरेंट और शादियों पर संकट
ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखने लगा है. प्रदेश में पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप्प पड़ी है, जिससे सबसे ज्यादा परेशानी होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री को हो रही है. गैस की कमी के कारण कई जगहों पर काम प्रभावित हो रहा है. इसका असर शादियों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि भोपाल में अगले 20 दिनों में एक हजार से ज्यादा शादियां तय हैं. इसके अलावा सोना-चांदी के आभूषण बनाने वाले कारीगरों और रेहड़ी-ठेला कारोबारियों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है. अगर जल्द सप्लाई शुरू नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
भीषण गर्मी का असर: इंदौर एयरपोर्ट का रनवे पिघला, दो फ्लाइट्स भोपाल डायवर्ट
मध्यप्रदेश में बढ़ती गर्मी का असर अब बुनियादी ढांचे पर भी दिखने लगा है. इंदौर के देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट पर तेज धूप के कारण रनवे पर लगा डामर पिघलकर ढीला पड़ गया. इससे रनवे की पकड़ कमजोर हो गई और सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन में हड़कंप मच गया. स्थिति को देखते हुए इंडिगो की दिल्ली और रायपुर से आने वाली दो फ्लाइट्स की लैंडिंग इंदौर में नहीं कराई जा सकी. दोनों विमानों को भोपाल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया. अधिकारियों ने तुरंत रनवे की जांच और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है ताकि उड़ान संचालन जल्द सामान्य किया जा सके.

