Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश:डिण्डौरी ने रचा इतिहास एनीमिया जांच में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, एंबुलेंस में जुड़वा बेटियों का जन्म

Share

खंडवा: एंबुलेंस में सुरक्षित डिलीवरी, जुड़वां बेटियों का जन्म
खंडवा में एंबुलेंस सेवा की तत्परता से एक प्रसूता ने रास्ते में ही सुरक्षित रूप से जुड़वां बेटियों को जन्म दिया. महिला अनीता, पति राजेश वास्कले, को बलवाड़ा से खंडवा रेफर किया गया था. रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में मौजूद स्टाफ और परिजनों की मदद से सुरक्षित डिलीवरी कराई गई, जिससे एक साथ दो किलकारियां गूंजीं. महिला मूल रूप से खरगोन जिले के भीकनगांव तहसील की निवासी है. सफल प्रसव के बाद एंबुलेंस के पायलट पवन मुकाती और ईएमटी पवन सोनाती ने जच्चा-बच्चा को सुरक्षित खंडवा जिला अस्पताल पहुंचाया.

डिण्डौरी ने रचा इतिहास: एनीमिया जांच में वर्ल्ड क्लास रिकॉर्ड
डिण्डौरी जिले ने सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एनीमिया जांच में वर्ल्ड क्लास रिकॉर्ड बनाया है. “सुघड़ टूरी – आज स्वस्थ, कल सशक्त” अभियान के तहत एक ही दिन में 48 हजार से अधिक बालिकाओं और महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया, जिससे जिले का नाम Asia Book of Records और India Book of Records में दर्ज हुआ. जिले के 620 स्कूलों और 9 महाविद्यालयों में एक साथ जांच शिविर लगाए गए. कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता बताया. Asia Book of Records के अधिकारी डॉ. भानू प्रताप सिंह ने रिकॉर्ड की औपचारिक पुष्टि की.

दतिया कलेक्टर के नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी की कोशिश
दतिया में कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने का मामला सामने आया है. फ्रॉड करने वाले ने मोबाइल नंबर +84564948095 से व्हाट्सएप और फेसबुक पर कलेक्टर के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी आईडी बनाई है. इस फर्जी आईडी के जरिए कलेक्टर के नाम से लोगों से पैसों की मांग की जा रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी डिमांड पर लेन-देन न करें. साथ ही, यदि किसी को इस तरह का संदेश या कॉल प्राप्त हो तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है.

खरगोन में बैंक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत, बीजेपी नेता पर दबाव का आरोप
खरगोन के बिष्टान स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में सहायक लेखापाल अनिशुद्दीन जिलानी की हार्ट अटैक से मौत हो गई. बैंक मैनेजर और मृतक के परिजनों ने भगवानपुरा के बीजेपी नेता चंदर सिंह वास्कले सहित दो अन्य लोगों पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है. बताया गया कि चंदर सिंह वास्कले, भूपेंद्र नायक और आकाश नामक युवक ऋण फाइल स्वीकृति में देरी को लेकर बैंक पहुंचे थे, जहां कर्मचारियों से बहस हुई. बहस के दौरान अनिशुद्दीन जिलानी को अचानक हार्ट अटैक आया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने भाजपा नेता पर दलाली और दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

रीवा कोर्ट परिसर में तनाव, अधिवक्ताओं का हंगामा, मुख्य गेट बंद
रीवा के नए न्यायालय परिसर में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब अधिवक्ताओं और न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अनबन खुलकर सामने आ गई. वाहन पार्किंग और अन्य समस्याओं को लेकर नाराज अधिवक्ताओं ने मुख्य गेट बंद कर दिया और अधिकारियों को घेरने की तैयारी कर ली. हंगामे के दौरान ट्रैफिक पुलिस का वाहन कोर्ट परिसर में प्रवेश करने पर अधिवक्ताओं का आक्रोश भड़क गया. स्थिति बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के अनुसार दोनों पक्षों में बातचीत जारी है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है.

मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर की सीधी भर्ती को हाईकोर्ट में चुनौती
जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर की सीधी भर्ती को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है. मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर्स द्वारा इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी. याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया के अंतिम परिणाम को याचिका के निर्णय के अधीन रखने का आदेश दिया है. हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल और भारतीय नर्सिंग काउंसिल को नोटिस जारी करते हुए चार हफ्ते में जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं. याचिका में तर्क दिया गया है कि एसोसिएट प्रोफेसर के पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाने चाहिए, लेकिन सरकार असंवैधानिक तरीके से सीधी भर्ती कर रही है. वर्ष 2024 में एसोसिएट प्रोफेसर के 40 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें असिस्टेंट प्रोफेसर्स को पदोन्नत कर भरा जाना चाहिए.

भोपाल सेंट्रल जेल में जेल प्रहरियों के बीच झड़प, महिला पर हमला
भोपाल सेंट्रल जेल में जेल प्रहरियों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि पुरुष जेल प्रहरी शरीफ खान और उसके बेटों ने महिला जेल प्रहरी कमला शर्मा पर हमला किया. हमले में कमला शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा कि आरोपियों ने उनके सिर पर रॉड से वार किया. सूत्रों के अनुसार, शरीफ खान के बेटों पर महिला प्रहरी के खाते से पैसे निकालने का भी आरोप है. घायल कमला शर्मा को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की जांच गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है.

इंदौर में शराब पीने से रोकने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी का सिर फोड़ा
इंदौर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली गंभीर घटना सामने आई है. इंडिया-न्यूजीलैंड मैच समाप्त होने के बाद ड्यूटी से घर लौट रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. घटना रविवार रात कनाड़िया क्षेत्र की है. ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ आरक्षक विष्णु भदौरिया ने कुछ युवकों को बीच सड़क वाहन खड़ा कर खुलेआम शराब पीते देखा और उन्हें रोकने की कोशिश की. इसी बात पर आरोपियों ने विवाद कर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी और पत्थर से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित की शिकायत पर कनाड़िया पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

गरियाबंद: 9 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 45 लाख के थे इनामी
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. कुल 9 नक्सलियों ने हथियारों के साथ सरेंडर किया है, जिनमें तीन नक्सलियों ने AK-47 के साथ आत्मसमर्पण किया. यह सरेंडर सीनापाली एसडीके सोनाबेड़ा, धरमबंधा और कुलीभीतर क्षेत्र की टीम के समक्ष हुआ. AK-47 के साथ 8-8 लाख के इनामी नक्सली बलदेव, अंजू और डमरू ने सरेंडर किया. इसके अलावा सोनी एसी सचिव (8 लाख), रंजीत एसी सचिव (8 लाख), पार्वती एसीएम (5 लाख), रत्ना एसीएम (5 लाख), नविता पार्टी मेंबर (1 लाख) और सरुपा पार्टी मेंबर (1 लाख) भी शामिल हैं. इस तरह कुल 45 लाख रुपये के इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है.

झाबुआ मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटने से 15 बच्चे घायल
झाबुआ में मेले के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां एक झूला टूटकर गिर पड़ा. हादसे के समय झूले में स्कूल के बच्चे सवार थे. दुर्घटना में करीब 15 बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है. घायलों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलते ही झाबुआ एसपी और एसडीएम जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल जाना. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं मेले में सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

महासमुंद: दो बड़ी डकैती का खुलासा, 93 लाख का माल बरामद
छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने गरियाबंद और महासमुंद जिले में हुई दो बड़ी डकैतियों का खुलासा किया है. आईजी अमरेश मिश्रा ने महासमुंद में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि छुरा के चरौदा गांव में आरोपियों ने मई 2025 में अपने ही सगी बहन के घर परिवार को बंधक बनाकर डकैती की थी. इसके बाद महासमुंद जिले के बल्दीडीह सांकरा में अपने सगे चाचा के घर को भी लूटा गया. इन वारदातों में अंतरराज्यीय चोरों को भी शामिल किया गया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93 लाख 33 हजार 104 रुपये मूल्य का सोना-चांदी बरामद किया है. मामले में शुभम साहू, हेमंत अग्रवाल, रौनक सलुजा, योगेश साहू और दीपक चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

जबलपुर बरेला हादसे में बढ़ा आक्रोश, हाईवे जाम, मुआवजे की मांग
जबलपुर के बरेला हाईवे हादसे में मजदूरों की मौत के मामले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. मंडला जिले से सैकड़ों आदिवासी, निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े और मंडला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मर्सकोले धरने पर बैठ गए हैं. प्रदर्शनकारी NHAI और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. मौके पर एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा, NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत साहू और अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड भी सड़क पर बैठकर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है. प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को आधे घंटे का अल्टीमेटम दिया है. चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो हजारों आदिवासी शव लेकर शहर में पैदल मार्च करेंगे और बीच शहर में चक्काजाम किया जाएगा.
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि कार चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख और गंभीर घायलों को 10-10 लाख मुआवजा दिया जाए.

भोपाल में वेटिंग शिक्षकों का अनोखा प्रदर्शन

भोपाल में वर्ग-एक शिक्षक भर्ती 2023 में पद वृद्धि की मांग को लेकर वेटिंग में चल रहे शिक्षकों ने अनोखा प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी शिक्षक अर्धनग्न होकर सड़क पर लेट गए और भीख मांगकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की. वेटिंग शिक्षकों का कहना है कि दो-दो परीक्षाएं क्लियर करने के बावजूद उनकी वेटिंग सूची आगे नहीं बढ़ रही है. उनका आरोप है कि प्रदेश में करीब 60 हजार शिक्षक पद खाली होने के बावजूद पद वृद्धि नहीं की जा रही. पद वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर किया गया यह प्रदर्शन राजधानी में चर्चा का विषय बना हुआ है.

खरगोन: तेज रफ्तार कार ने मिर्ची खरीद रहे लोगों को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल

खरगोन जिले के मण्डलेश्वर थाना क्षेत्र के धरगांव में तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे मिर्ची खरीद रहे लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में हार्डवेयर व्यापारी 55 वर्षीय मुन्ना कर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री सहित तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. कार करीब 500 मीटर दूर जाकर नीम के पेड़ से टकराई और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

गौमांस मामले में सपा हमलावर, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

भोपाल गौमांस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरने की तैयारी में है. सपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने महापौर के इस्तीफे की मांग करते हुए नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर और निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस्तीफा नहीं हुआ तो सपा आंदोलन करेगी. साथ ही आरडी प्रजापति के बयान से पार्टी ने दूरी बनाते हुए कहा कि वह उनका व्यक्तिगत मत हो सकता है और पार्टी महिलाओं और संतों के अपमान का समर्थन नहीं करती है.

बेटमा में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, एक ही परिवार के 5 लोग झुलसे, बच्चा गंभीर

बेटमा थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है. इस हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी और तीन बच्चे झुलस गए. सभी घायलों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि बच्चों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह गैस लीक होना बताई जा रही है. सूचना मिलते ही बेटमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

बरेला सड़क हादसे पर फूटा गुस्सा, 5 मजदूरों की मौत के बाद परिजनों ने किया चक्काजाम

बरेला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. हादसे में 5 मजदूरों की मौत से नाराज मृतकों और घायलों के परिजनों ने बरेला–जबलपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. परिजनों ने घटना स्थल पर ही मृतकों के शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. बताया गया है कि रविवार दोपहर बिना नंबर की क्रेटा कार ने सड़क किनारे खाना खा रहे करीब 20 मजदूरों को कुचल दिया था. घटना के बाद से गुस्सा बढ़ता जा रहा है. मौके पर पहुंचा प्रशासन और पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है.

कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान मामला: विजय शाह के बयान को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

पिछले साल 11 मई 2025 को मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने एक हलमा सभा कार्यक्रम के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. अपने बयान में उन्होंने कर्नल कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताया था, जिस पर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी. इस बयान को असंवैधानिक और आपत्तिजनक बताते हुए याचिका दायर की गई थी. आज इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

ड्रग्स तस्कर दिलावर खान के गांव पहुंचे SP अमित कुमार, ग्रामीणों ने सुनाई दहशत की कहानी

ड्रग्स तस्कर दिलावर खान के खिलाफ कार्रवाई के बाद बीती रात एसपी अमित कुमार चिकलाना गांव पहुंचे और उसके मकान का मौका मुआयना किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, जहां लोगों ने दिलावर खान के आतंक और खौफ की कहानी बताई. ग्रामीणों ने बताया कि वह इलाके में लंबे समय से डर का माहौल बनाए हुए था. उल्लेखनीय है कि पुलिस ने दिलावर खान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 किलो से ज्यादा एमडी ड्रग्स, करीब 15 करोड़ रुपये का सामान, 91 जिंदा कारतूस और दो 12 बोर राइफल जब्त की थी. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.

तलेन में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को मारी टक्कर, 14 घायल

तलेन कस्बे के मुख्य चौराहे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पास ही एक मकान में जा घुसी. हादसे में बस में सवार करीब 12 से 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, चौराहे पर खड़े दो बाइक सवार भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गए. सभी घायलों को तलेन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है. मामला तलेन थाना क्षेत्र का है.

एमपी के 20 नेता बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष के समर्थक और प्रस्तावक

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल सहित डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा,डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय प्रहलाद पटेल,राकेश सिंह बनेंगे समर्थक और प्रस्तावक इसके अलावा एमपी से आने वाले पांच केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा सदस्य और पांच वरिष्ठ नेता बनेंगे समर्थक और प्रस्तावक.

तलैया थाना क्षेत्र में चाकूबाजी, पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, युवती बाल-बाल बची

तलैया थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर रोड पर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोपी और फरियादी दोनों ही ऐशबाग थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा. बताया गया है कि घटना के वक्त युवक के साथ एक युवती भी मौजूद थी, जो इस झगड़े में बाल-बाल बच गई. इससे पहले दोनों पक्षों के बीच हमीदिया अस्पताल की पार्किंग में भी विवाद हुआ था. मामले की जांच तलैया थाना पुलिस कर रही है.

जबलपुर सड़क दुर्घटना में मजदूरों को दिए जाएंगे 1 लाख रूपए

जबलपुर/लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बरेला में मंडला जिले के बम्होरी गांव के मजदूरों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर और एनएचएआई अधिकारी से बात की और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली. एनएचएआई द्वारा प्रारंभिक रूप से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया गया है, जिसमें से 1-1 लाख रुपये तत्काल स्वीकृत कर दिए गए हैं. मंत्री सिंह ने कहा कि सरकार घायलों के इलाज की पूरी चिंता करेगी और एनएचएआई द्वारा आगे भी आवश्यक सहयोग किया जाएगा.

उज्जैन भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने किए श्री महाकालेश्वर जी के प्रातःकालीन भस्म आरती में दर्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने प्रातःकालीन भस्म आरती में ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन लाभ लिए. दर्शन उपरांत मंदिर समिति की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी का स्वागत एवं सत्कार किया गया.

डीपीआई पर आज अंशकालीन कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन, न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर घेराव

न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर आज अंशकालीन और अस्थाई कर्मचारी डीपीआई का घेराव करेंगे. सुबह 11 बजे अलग-अलग विभागों में कार्यरत कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल होंगे. कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले 20 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें केवल 4 से 5 हजार रुपए मासिक वेतन दे रही है. इस प्रदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के स्कूलों व छात्रावासों में कार्यरत कर्मचारी शामिल होंगे. यह आंदोलन अस्थाई-आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा मप्र के बैनर तले किया जाएगा.

मुरैना में चोर चुस्त-पुलिस मस्त! दुकान खोलते वक्त ही चोरी, CCTV में कैद वारदात

मुरैना में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित बालाजी पेट्रोल पंप के पास एक दुकान में दुकान खोलते वक्त ही चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि चोर सोल ओढ़कर आया और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. जैसे ही महिला दुकानदार वहां पहुंची, चोर चोरी कर भागने लगा, महिला ने भी उसका पीछा किया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर भागता हुआ नजर आ रहा है. घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस जांच में जुटी है.

Exit mobile version