IAS अरविंद जोशी की संपत्ति पर ED की बड़ी कार्रवाई
भोपाल में पूर्व IAS दिवंगत अरविंद जोशी की संपत्तियों पर ED ने बड़ी कार्रवाई की है. ED ने जोशी की पांच करोड़ रुपये की अचल संपत्ति की अस्थायी कुर्की की. भोपाल स्थित रिसॉर्ट, कृषि भूमि और प्लॉट अटैच किए गए. अब तक 8.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त हो चुकी है. अरविंद जोशी पर 41.87 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. दिवंगत अरविंद जोशी जल संसाधन विभाग के पूर्व प्रमुख सचिव थे. लोकायुक्त FIR के आधार पर ED मनी लॉन्ड्रिंग जांच कर रही है. परिजनों और सहयोगी ने SP कोहली के नाम बेनामी संपत्तियां खरीदी थीं. उनपर फर्जी कंपनी बनाकर अवैध आय निवेश करने का आरोप है. PMLA एक्ट 2002 के तहत ED की कार्रवाई जारी है.
नाबालिग लड़की से गैंगरेप, वीडियो बनाकर धमकाया
नरसिंहपुर के मुंगवानी थाना क्षेत्र से एक गैंगरेप का मामला सामने आया है. घटना मुंगवानी के पास जंगल में बसे बकोरी गांव की है, जहां एक नाबालिग लड़का और एक नाबालिग लड़की जंगल में घूमने के उद्देश्य से गए थे. इसी बीच वहां पर 7-8 बदमाशों ने पहले उन्हें धमकाया, उनमें से तीन बदमाशों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया. आरोपियों ने वीडियो भी बनाया और इसी वीडियो के आधार पर वे लड़की को एक माह तक धमकाते रहे. किसी तरह उसने परिजनों को आपबीती सुनाई. जिसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. घटना नरसिंहपुर के एसपी के संज्ञान में आते ही जिले की पांच थानों की टीम गठित की गई और महज 24 घंटे में 8 लोगों को आरोपी बनाते हुए अब तक 7 को गिरफ्तार किया जा चुका है. एक फरार आरोपी की तलाश जारी है.
सीएमओ और उप-यंत्री रिश्वत लेते गिरफ्तार
छतरपुर में सीएमओ और उप-यंत्री को EOW ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा. नगर परिषद बक्सवाहा में EOW ने यह कार्रवाई की. छापेमार कार्रवारी से वहां हड़कंप मच गया. आवासीय पट्टा और पीएम आवास योजना का लाभ देने के लिए दोनों घूस ले रहे थे. आवेदक से CMO नेहा शर्मा और उप-यंत्री शोभित मिश्रा ने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. सागर से आई EOW की टीम ने बक्सवाहा नगर परिषद में उनके रंगे हाथों पकड़ लिया. आगे की कार्यवाही जारी है.

सतना में UGC का विरोध, केंद्र सरकार का फूंका पुतला
सतना में भी यूजीसी कानून को लेकर सवर्ण समाज के लोग आज सड़कों पर उतरे. सतना के सर्किट हाउस चौराहे में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया. यूजीसी कानून को काला कानून बताते हुए जमकर विरोध किया गया. सुप्रीम कोर्ट ने इस कानून पर फिलहाल रोक लगा दी है. इसके बावजूद विरोध जारी है.
टीकमगढ़ में UGC के विरोध में बाइक रैली
टीकमगढ़ में यूजीसी बिल के विरोध में सवर्ण समाज ने बाइक रैली निकाली. शहर में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज सहित साधु-संत शामिल हुए. राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप कर यूजीसी बिल वापस लेने की मांग की. कलेक्ट्रेट दफ्तर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.
: सुकमा में बड़ी सफलता, 8 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 8 लाख रुपये के इनामी चार नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है. सरेंडर करने वाले नक्सली लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल थे और सुरक्षा बलों को उनकी तलाश थी. आत्मसमर्पण के पीछे सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार दबाव को प्रमुख कारण माना जा रहा है. पुलिस ने सरेंडर को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता बताया है.
ग्वालियर में UGC के नए नियमों को लेकर सवर्ण समाज का प्रदर्शन
ग्वालियर में UGC के नए नियमों को लेकर विरोध में सवर्ण समाज के लोग प्रदर्शन कर रहे है, जिसमें क्षत्रिय और ब्राह्मण सभा भी शामिल हुए.
पारिवारिक रंजिश में खूनी संघर्ष! छतरपुर के लुगासी गांव में लाठी-डंडे चले, पुलिसकर्मी भी घायल
छतरपुर. जिले के छतरपुर के लुगासी गांव में पारिवारिक रंजिश को लेकर अहिरवार समाज के दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई और 7 टांके लगे. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. नौगांव थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
IFS मीट में बोले सीएम मोहन यादव: जंगल के साथ जो आनंद है, वो कहीं और नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने IFS मीट को संबोधित करते हुए वन और वन्यजीवन के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जंगल के साथ जो सुकून और आनंद मिलता है, वह कहीं और जाकर नहीं मिलता. सीएम ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का अनुभव साझा करते हुए कहा कि “हम अपने वाहन से चलते हैं और टाइगर अपने हिसाब से”यही जंगल की खूबसूरती है. उन्होंने बताया कि वन विभाग की भूमिका चुनौतीपूर्ण है, जहां निडरता और निर्भरता दोनों जरूरी हैं. सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की ग्रोथ सबसे अच्छी है चीते दौड़ रहे हैं, नर्मदा में मगरमच्छ और चंबल में घड़ियाल संरक्षण इसका प्रमाण हैं. उन्होंने IFS अधिकारियों और जमीनी अमले के समन्वय की सराहना की.
आयुष्मान योजना पर इलाज बंद होने का मामला: स्वास्थ्य मंत्री का बयान, एक हफ्ते में होगा भुगतान
आयुष्मान भारत योजना के तहत भुगतान नहीं मिलने पर निजी अस्पतालों द्वारा इलाज बंद किए जाने का मामला सामने आया है. इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने माना कि भुगतान में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि पिछली सरकार की लंबित राशि के साथ-साथ मार्च माह की बकाया राशि भी जारी की जा चुकी है. मंत्री ने कहा कि प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है, लेकिन किसी भी हाल में इलाज बंद नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर सभी अस्पतालों का भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा.
सागर के सरकारी स्कूल में हादसा, छत गिरने के मामले में प्रधानाध्यापक निलंबित, शिक्षिका दोषी
सरकारी स्कूल की छत गिरने के मामले में कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है. शिक्षा विभाग की जांच में शिक्षिका कृष्णा गुप्ता को दोषी पाया गया है. जांच में सामने आया कि हादसे की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया. इसके बाद शिक्षा विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की. बता दें कि सागर की एक प्राथमिक शाला में छत का प्लास्टर गिरने से एक बच्चा घायल हो गया था. मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी है.
मृतकों को बनाया जमानतदार! जिला अदालत सख्त, 14 ईरानियों की जमानत रद्द
भोपाल में मृत व्यक्तियों को जमानतदार बताकर जमानत दिलाने के गंभीर मामले पर जिला अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने फर्जीवाड़े में शामिल वकील, नोटरीकर्ता और फर्जी जमानतदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. इस मामले में निशातपुरा थाना में केस दर्ज किया गया है. फर्जी जमानतदारों के आधार पर मिली जमानत को भी निरस्त कर दिया गया है, जिससे 14 ईरानी नागरिकों की जमानत रद्द हो गई. गौरतलब है कि 27-28 दिसंबर की रात पुलिस ने ईरानी डेरे से 32 वारंटी लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से 5-6 जनवरी को 14 आरोपियों को जमानत मिली थी.
22 क्विंटल अमानक पनीर नष्ट, जांच में खाने के लायक नहीं निकला
मंडला. मंडला जिले में 12 जनवरी को जब्त किया गया करीब 22 क्विंटल (2240 किलोग्राम) पनीर जांच में अमानक पाया गया, जिसके बाद उसे नष्ट कर दिया गया. भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में सामने आया कि पनीर में मिल्क फैट प्रतिशत तय मानकों से कम था, जिससे वह खाने योग्य नहीं था और जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता था. यह पनीर राजस्थान के धौलपुर से रायपुर ले जाया जा रहा था, जिसे वाहन चेकिंग के दौरान मंडला जिले के मोतीनाला क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक समेत पकड़ा था. जांच के बाद प्रशासन ने नियमानुसार पूरे पनीर का विनष्टीकरण कराया
उज्जैन केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री ने प्रातःकालीन भस्म आरती में किए श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन
उज्जैन केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने प्रातः ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी की पावन भस्म आरती में दर्शन लाभ प्राप्त किए. दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा केन्द्रीय मंत्री वी. सोमन्ना का स्वागत एवं सत्कार किया गया.
सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे. यह भव्य पुष्प प्रदर्शनी शासकीय गुलाब उद्यान में आयोजित की गई है. राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग और मध्यप्रदेश रोज़ सोसायटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है. प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पुष्प उत्पादन, उद्यानिकी गतिविधियों और किसानों को आधुनिक तकनीकों के प्रति प्रोत्साहित करना है. इस आयोजन में आकर्षक फूलों की विभिन्न प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं.
सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे वानिकी सम्मेलन और IFS मीट-2026 का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल स्थित आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में वानिकी सम्मेलन और IFS मीट-2026 का शुभारंभ करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री वन विभाग के IFS थीम गीत का विमोचन करेंगे और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी प्रदान करेंगे. कार्यक्रम में वन, पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप सिंह अहिरवार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही.एन. अंबाडे सहित कई वरिष्ठ वन अधिकारी मौजूद रहेंगे. यह सम्मेलन वानिकी क्षेत्र के लिए अहम माना जा रहा है.
संविदा कर्मचारियों का राज्यस्तरीय महासम्मेलन आज, सीएम मोहन यादव कर सकते हैं बड़े ऐलान
राज्यस्तरीय संविदा अधिकारी-कर्मचारी महासम्मेलन आज राजधानी भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा. यह महासम्मेलन संविदा संयुक्त संघर्ष मंच और संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले हो रहा है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. सम्मेलन को लेकर संविदा कर्मचारियों में खासा उत्साह है. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस मंच से संविदा कर्मचारियों के हित में कुछ बड़े और अहम ऐलान कर सकते हैं. इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे.