Site icon अग्नि आलोक

होली पर कर्मचारियों को मध्य प्रदेश सरकार का तोहफा! महंगाई भत्ता 58% किया

Share

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों को बड़ा तोहफा दिया है. आज मुख्यमंत्री निवास पर उन्होंने राज्य के सभी शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर उसे 58 प्रतिशत करने का ऐलान किया.

छह किश्तों में एरियर
सरकार के इस फैसले के अनुसार सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 (मई में भुगतान) के वेतन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा. जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक का बकाया एरियर मई 2026 से शुरू होकर छह समान किस्तों में कर्मचारियों के खाते में जमा किया जाएगा. पेंशनभोगियों को भी जनवरी-फरवरी 2026 की पेंशन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता का लाभ दिया जाएगा.

सीएम ने बधाई भी दी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, “हमारी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. आज दिन में बड़वानी में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. शाम को कर्मचारी बंधुओं और पेंशनर्स के हित में यह निर्णय लिया गया है. सभी को होली की हार्दिक बधाई.”

सालों पुरानी मांग मानी
इसके अलावा, मुख्यमंत्री के एक और अधिकारी-कर्मचारी हितैषी फैसले में राज्य शासन ने सभी जिला कोषालय अधिकारियों को वाहन व्यवस्था रखने की अनुमति प्रदान कर दी है. वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए यह राहत दी गई है.

ये फैसले कर्मचारियों और पेंशनर्स में खुशी की लहर पैदा कर रहे हैं. पार्टी और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा और शासन की छवि को और मजबूत करेगा. होली के इस पावन अवसर पर सरकार का यह कदम सभी को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है.

Exit mobile version