Site icon अग्नि आलोक

मध्य प्रदेश अपडेट :गरियाबंद में दो समुदायों के बीच बवाल,ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी,देवास पुलिस का ऑपरेशन मैट्रिक्स, 9 ठग गिरफ्तार

Share

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी, 77 वर्षीय बुजुर्ग शिकार
भोपाल में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए 77 वर्षीय बुजुर्ग को जाल में फंसाया. फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट ‘लैंडप्राइम’ पर रजिस्ट्रेशन कराकर निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया गया. भरोसा जीतने के लिए फर्जी डैशबोर्ड पर नकली मुनाफा दिखाया गया. इसके बाद बुजुर्ग से 1 करोड़ 49 लाख 35 हजार 273 रुपये 26 से अधिक बैंक खातों में UPI और RTGS के जरिए ट्रांसफर कराए गए. मुनाफा निकालने पर टैक्स और फीस के नाम पर और पैसे मांगे गए. रकम निकालने की कोशिश करते ही वेबसाइट बंद हो गई और आरोपी फरार हो गए. साइबर क्राइम ब्रांच भोपाल में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

 भिंड में कबाड़े के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान
भिंड के पॉश इलाके में स्थित कबाड़े के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र की हाउसिंग कॉलोनी की है. बताया जा रहा कि गोदाम के नीचे कबाड़ा रखा था, जबकि ऊपर एक परिवार रह रहा था. गोदाम में रखी बैटरियों के कारण अचानक धमाके हुए, जिससे आग और तेजी से फैल गई. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और शहर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आग में बैटरियां, कीमती सिल्वर सहित लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जांच जारी है.

फिंगेश्वर के दुतकैयां गांव में बवाल, दो समुदायों के बीच तनाव
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुतकैयां गांव में देर शाम से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. आरोप है कि एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के कुछ घरों में आग लगा दी. बताया जा रहा कि आपराधिक मामलों में जमानत से छूटे तीन आरोपी गांव में लोगों को लगातार परेशान कर रहे थे. आज सुबह 4 से 6 युवकों पर पत्थरों और रॉड से हमला किए जाने की भी सूचना है. कई घरों में महिलाएं मौजूद थीं, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल जुटे रहे. इसी दौरान पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई और लाठीचार्ज की स्थिति बनी. महिलाओं को हटाने की कार्रवाई से नाराज कुछ ग्रामीणों ने लाठियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी नियंत्रित बल प्रयोग किया. गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

नीमच में बदला मौसम, बारिश के साथ ओलावृष्टि
नीमच जिले में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया. दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाए और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. चंदू, अडखियाखाल, जीरन, पलसोड़ा और भातखेड़ा क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई. कई जगहों पर बड़े आकार के ओले गिरने से ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और दृश्यता भी कम हो गई. ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है. अचानक बदले मौसम से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.

मैराथन दौड़ के दौरान युवा धावक की मौत, ठीक लक्ष्य से पहले गिरे
इंदौर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. नेहरू स्टेडियम में आज सुबह आयोजित मैराथन दौड़ के दौरान एक युवा धावक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान आर्यन तोड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता के निवासी थे और इंदौर मैराथन के लिए विधिवत रजिस्ट्रेशन कराया था. जानकारी के अनुसार, दौड़ के दौरान लक्ष्य से करीब 100 मीटर पहले आर्यन अचानक जमीन पर गिर पड़े. मौके पर मौजूद डॉक्टर भरत रावत ने तुरंत सीपीआर दिया और उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

स्टूडेंट्स के लिए भोपाल साइबर क्राइम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भोपाल में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर साइबर क्राइम पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. बोर्ड परीक्षा के लीक पेपर और फर्जी प्रश्नपत्रों से सावधान रहने की अपील की. एडवाइजरी में कहा गया है कि बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्र लीक पेपर और फर्जी प्रश्नपत्र को लेकर सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप्स और अन्य माध्यमों पर फैलाए जा रहे भ्रम से सावधान रहें. किसी भी अनजान लिंक, ग्रुप या सोशल मीडिया में आए प्रश्नपत्र को असली न मानें. छात्रों और अमिभावकों के लिए सुझाव है कि केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल-कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें. किसी भी संदिग्ध मैसेज या फर्जी पेपर मिलने पर तुरंत पुलिस या स्कूल प्रशासन को सूचित करें.

देवास पुलिस का ऑपरेशन मैट्रिक्स, 9 ठग गिरफ्तार
देवास पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से दो लाख रुपये नकद, 19 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज, एटीएम कार्ड और एक लग्जरी कार जब्त की गई है. वहीं साइबर फ्रॉड से जुड़े करीब 13 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं. एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी युवाओं को लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे. इन खातों के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की जाती थी. ठगी की रकम म्यूल बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर ट्रांसफर की जाती थी ताकि असली अपराधियों की पहचान छुपाई जा सके.

बाबा महाकाल के दर पर क्रिकेटर ऋतुराज गायकवाड़
भारतीय क्रिकेटर ऋतुराज गायकवाड़ ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकाल जी के दर्शन किए. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया द्वारा ऋतुराज गायकवाड़ का स्वागत और सत्कार किया गया.

मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस ने निकाली आक्रोश रैली
सीहोर के बुधनी में कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने पर आक्रोश रैली निकाली. रैली में महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर नारे लगाए. कांग्रेस ने इसे षड्यंत्र बताकर यह आक्रोश रैली निकाली. शहर की सड़कों पर जमकर नारेबाजी करते हुए पुरुष और महिला एक साथ निकले. महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव कंचन शर्मा ने कहा कि जानबूझकर इसे भगवान राम से जोड़कर कांग्रेस को जनता की नजर में गिराने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा गया है.

बैतूल के दामजीपुरा में साम्प्रदायिक तनाव, वीडियो वायरल होने पर दुकानों में आग, भारी पुलिस तैनाती
बैतूल के दामजीपुरा गांव में एक मुस्लिम युवक द्वारा गाय के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का वीडियो वायरल होने के बाद साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न हो गया. सुबह से ही तनाव का माहौल है। इस बीच कुछ हिंदू संगठनों ने मुस्लिम व्यापारियों की दो दुकानों में आग लगा दी और मस्जिद की तरफ बढ़ने का प्रयास किया. गाxव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. दामजीपुरा, बैतूल जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है.

गर्म पानी के टब में गिरने से 3 साल की मासूम की मौत, परिवार में मातम
 खरगोन के झिरन्या थाना क्षेत्र के रूफाटा गांव में गर्म पानी के टब में गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. नहलाने के लिए घर में रखे गर्म पानी के टब में ठंडा पानी लाने के दौरान हादसा हुआ, तभी खेलते समय बच्ची टब में गिर गई और गंभीर रूप से झुलस गई. परिजन उसे झिरन्या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया. बच्ची की मौत के बाद मां रीना और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कार-ट्रक टक्कर में 6 घायल, खाटूश्याम दर्शन से लौट रहे थे यात्री
 नेशनल हाईवे 52 पर कार और ट्रक की टक्कर में 6 लोग घायल हो गए. शाजापुर बायपास पर हुए हादसे में घायलों को लालघाटी थाने की पुलिस ने एंबुलेंस से शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के अनुसार, कार आगे चल रहे ट्रक से टकराई थी. घायल लोग राजस्थान से खाटूश्याम जी के दर्शन कर देवास लौट रहे थे.

आईएएस नियाज खान ने ब्राह्मणों के लिए आरक्षण की मांग उठाई
 आईएएस नियाज़ खान ने ब्राह्मणों को आरक्षण देने की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ब्राह्मण सनातन धर्म के संरक्षक रहे हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आबादी के अनुसार आरक्षण दिया जाना चाहिए. उनका कहना है कि इससे ब्राह्मण मजबूत होंगे और देश, धर्म और आध्यात्म भी मजबूत होगा.

ब्राह्मण सनातन धर्म के हज़ारों सालों से संरक्षक रहे हैं।इसलिए इनका सर्वांगीण विकास आवश्यक है।इन्हें आबादी अनुसार आरक्षण दिया जाना चाहिए।हर योजनाओं में भी आरक्षण मिले। ब्राह्मण मजबूत होगा तो देश मज़बूत होगा। धर्म और आध्यात्म मज़बूत होगा। आरक्षण देने पर गंभीरता से विचार ज़रूरी है।

— NIYAZ KHAN (@saifasa) February 1, 2026

UnionBudget2026: लगातार आज 9वीं बार बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

#UnionBudget2026 : लगातार आज 9वीं बार बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण…आज के बजट में मिडिल क्लास को टैक्स स्लैब में राहत की उम्मीद तो वहीं किसानों को कृषि सेक्टर में बड़े ऐलान की उम्मीद है#UnionBudget2026 #NirmalaSitharaman #PMModiji #BudgetWithNews18 #farmer pic.twitter.com/53IcSh4X4I

— News18 MadhyaPradesh (@News18MP) February 1, 2026

सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा से हुई छेड़छाड़
 सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. छात्र क्लासरूम से बाहर पानी पीने आई थी. स्कूल परिसर में ही नाबालिग छात्रा का आरोपी ने पकड़ा हाथ था. इस घटना के बाद छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. छात्रा कक्षा 7 में पढ़ती है. यह घटना लिधौरा के शासकीय कन्या प्राथमिक शाला की है.

माघ पूर्णिमा पर बरमान घाट पर भक्तों की उमड़ी भीड़, नर्मदा में डुबकी से बढ़ी आस्था
 माघ पूर्णिमा पर बरमान घाट पर भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से श्रद्धालु नर्मदा नदी में स्नान कर आस्था प्रदर्शित कर रहे हैं. स्नान के बाद मां नर्मदा की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई. घाटों पर हर-हर नर्मदे के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना. श्रद्धालु अपने जीवन में सुख, समृद्धि और पुण्य लाभ की कामना कर रहे हैं.

स्लाटर हाउस मामले में न्याय की मांग, गौ माता न्याय संकल्प यात्रा निकाली जाएगी
 स्लाटर हाउस मामले को लेकर जय मां भवानी हिंदू संगठन दोपहर 2:30 बजे शीतल दास की बगिया में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करेगा. इसमें असलम चमड़े द्वारा हत्या की गई गौ माता की आत्मा की शांति हेतु पूजा-अर्चना और नगर निगम का प्रतीकात्मक पिंडदान शामिल होगा. संगठन के सदस्यों द्वारा सामूहिक मुंडन भी किया जाएगा. इसके बाद “गौ माता न्याय संकल्प यात्रा” के तहत एक पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसमें एक बछिया को शीतल दास की बगिया से जैन स्तंभ और राजा भोज सेतु तक ले जाया जाएगा और अंत में बछिया को नगर निगम आयुक्त, भोपाल को सौंपा जाएगा.

बजट प्रचार अभियान-2026 1 से 15 फरवरी तक, जिलों में भी आयोजित होंगे कार्यक्रम
 प्रदेश भर में बीजेपी कार्यालयों सहित केंद्रीय बजट 2026-27 का लाइव प्रसारण किया जाएगा. प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन बजट सुनेंगे. 1 फरवरी से 15 फरवरी तक “बजट प्रचार अभियान-2026” चलेगा. इसके लिए प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है. अभियान के दौरान जिलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सागर जिले का दौरा
 मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सागर जिले का दौरा करेंगे. वे भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जन्म शताब्दी समारोह, रूद्राक्ष धाम में श्रीराम कथा और श्री हनुमान प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम दोपहर 1 बजे पीटीसी ग्राउंड में होगा. पूर्व मंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे.

मंदसौर में नकली घी फैक्ट्री पर छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, 150 लीटर घी बरामद
 मंदसौर में नकली घी बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस और फ़ूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया. सीतामऊ फाटक क्षेत्र में रेड के दौरान लगभग 150 लीटर नकली घी बरामद किया गया, जो सोयाबीन तेल, केमिकल और आर्टिफिशियल फ्रेग्रेंस मिलाकर बनाया जा रहा था. मामला नई आबादी थाना क्षेत्र का है.

Exit mobile version