महाराष्ट्र की राजनीति के लिए सोमवार का दिन अहम होने जा रहा है। आज यहां की 14,234 ग्राम पंचायतों पर मतगणना जारी है। बीते शुक्रवार को 12,711 ग्राम पंचायतों पर मतदान हुआ था। शेष सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध विजयी हुए हैं। अब तक रुझानों के मुताबिक, शिवसेना और भाजपा में कड़ी टक्कर हो रही है। शिवसेना 278 सीट पर आगे चल रही है तो भाजपा के प्रत्याशी 257 सीटों पर आगे है। एनसीपी के खाते में 218, तो कांग्रेस को 124 सीट मिलती दिख रही है। 5 सीट पर मनसे के उम्मीदवार आगे हैं। पहला परिणाम हतनकंगल ग्राम पंचायत से आया है। यहां जनलीक्षा पार्टी ने पडली ग्राम पंचायत पर झंडा फहराया है। जनसुरक्षा पार्टी के विनय कोरे ने जीत हासिल की है।
बीते शुक्रवार को महाराष्ट्र के 34 जिलों की इन 12,711 ग्राम पंचायतों पर 79 फीसदी वोटिंग हुई थी। इससे पहले पिछले साल 11 दिसंबर को प्रदेश की 14,234 ग्राम पंचायतों पर चुनाव की घोषणा की गई थी, लेकिन कुछ स्थानीय निकायों में निर्विरोध उम्मीदवार चुन लिए गए थे। माना जा रहा है कि 2 बजे तक पूरा रिजल्ट घोषित हो सकता है। सभी की नजर महाविकास अघाड़ी और भाजपा पर है। इसे उद्धव ठाकरे का पहला बड़ा टेस्ट माना जा रहा है। उद्धव ठाकरे ने करीब 15 माह पहले राकांपा और कांग्रेस की मदद से मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया था। सभी प्रमुख दलों के अलावा स्थानीय दलों और निर्दलियों ने भी इन चुनावों में किस्मत आजमाई है।
कोरोना महामारी के कारण चुनावों में हुई देरी: कोरोना महामारी का असर इन चुनावों पर पड़ा है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, पिछले साल अप्रैल से जून के बीच 1,566 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने थे, लेकिन कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण 17 मार्च 2020 को चुनाव कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम पूरी तरह रद्द कर दिया गया और बाद में नया कार्यक्रम बनाया गया।

