भारी बारिश की वजह से बेहाल महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है। मुंबई के गोवंदी इलाके में एक इमारत के ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इमारत गिरने की इस घटना में सात लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दरअसल, मुंबई में गुरुवार को रुक-रुककर भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से सड़कों से लेकर रेल पटरियों पर पानी भर आया है, जिसकी वजह से रेल एवं सड़क यातायात प्रभावित हो गया।
रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि ठाणे जिले में उम्बेरमाली और कसारा स्टेशनों के बीच पानी जमा होने के कारण रात को सवा दस बजे से मध्य रेलवे के खारदी और इगतपुरी स्टेशनों के बीच रेल सेवा निलंबित करनी पड़ी। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने बताया कि लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में पुणे-दरभंगा स्पेशल और सीएसएमटी-वाराणसी स्पेशल का समय बदलना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट जारी किया था, वहीं आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के रायगढ़ में चार जगहों पर लैंडस्लाइड हुई है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है, वहीं 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

