हुबली
बंगाल चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार भाजपा के खिलाफ बयानबाजी कर रही हैं। अब उन्होंने हुबली में एक कार्यक्रम के दौरान सोमवार को नारा दिया कि “हरे कृष्णा-हरे राम, विदा हो BJP-वाम।’ इसके बाद ममता ने नया नारा दिया, ‘हरे कृष्ण हरे-हरे, तृणमूल-कांग्रेस घोरे-घोरे।’ यानी तृणमूल और कांग्रेस घर-घर पहुंचेंगी।
प्रधानमंत्री के सामने कुछ लोग मुझे चिढ़ा रहे थे- ममता
हुबली में ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि भाजपा के पास तांडव के अलावा कोई काम नहीं बचा है। नेताजी की जयंती पर मोदी के कार्यक्रम के बारे में ममता ने कहा कि वहां कुछ लोग मुझे प्रधानमंत्री के सामने चिढ़ा रहे थे। मैं बंदूकों में नहीं, राजनीति में भरोसा रखती हूं। भाजपा ने बंगाल और नेताजी का अपमान किया है।
भाजपा के पास वॉशिंग मशीन है, इसलिए चोर वहां जा रहे- ममता
अपनी पार्टी से लगातार भाजपा में जा रहे नेताओं के बारे में ममता ने कहा, ‘तृणमूल से वही लोग जा रहे हैं, जिन्हें पता है कि चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिलेगा। भाजपा के पास एक वॉशिंग मशीन है, चोर उनके पास भाग रहे हैं और साफ हो रहे हैं। कुछ ऐसे लालची हैं, तो उनके पास जा रहे हैं। जो लोग TMC छोड़कर जाना चाहते हैं, मैं उनसे कहना चाहूंगी कि जल्दी करो और पार्टी छोड़ो।’
जय श्रीराम के नारे पर भड़क गई थीं ममता
नेताजी सुभाष चंद्र बोल की जयंती के कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी जब बोलने के लिए आईं तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। इससे नाराज ममता सरकारी कार्यक्रम में अपमान का आरोप लगाते हुए पांच मिनट का भाषण कुछ सेकंड में पूरा कर चली गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां मौजूद थे।

