भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (PCC) के बाहर ब्लैक कलर के होर्डिंग लगाए गए हैं। लिखा है- सच्चे कांग्रेसियों को सजा मत दो, 2018 के निर्दलीयों को इस बार न कहो। सवाल तो करना होगा, सिंधिया जब गद्दार हैं तो 2018 के निर्दलीय क्या वफादार हैं? इनकी विश्वसनीयता पर सवाल तो बनता है।
यह होर्डिंग शनिवार को तब लगाए गए, जब PCC में MP कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ, पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेंद्र सिंह ने जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय कुमार ‘लल्लू’ और कांग्रेस इलेक्शन कमेटी के मेंबर सप्तगिरी शंकर उल्का इसमें शामिल हुए।
शनिवार को PCC में शिवपुरी जिले की कोलारस सीट से BJP विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, गुना के कांग्रेस विधायक की बेटी अंशु रघुवंशी, धार जिले के बदनावर सीट से BJP के पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत और ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के बसपा नेता चंद्र भूषण सिंह बुंदेला ‘गुड्डू राजा’ कांग्रेस में शामिल हुए। 2018 में कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर जावद से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके समंद पटेल की भी घरवापसी हुई।
भाजपा छोड़कर आए विधायक वीरेंद्र रघुवंशी (कमलनाथ के लेफ्ट), गुड्डू राजा बुंदेला, पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत (कमलनाथ के राइट) ने समर्थकों के साथ कांग्रेस जॉइन की।
उम्मीदवारों की वायरल लिस्ट पर कमलनाथ बोले- कोई सूची जारी नहीं की
बैठक में जिला अध्यक्षों को आरोप पत्र की कॉपियां दी गई हैं। हर विधानसभा में 50-50 हजार आरोप पत्र बांटे जाएंगे। कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची की लिस्ट को फेक बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘मैंने कोई सूची जारी नहीं की है। जो नाम जिलाध्यक्ष और प्रभारी तय करेंगे, उनमें से ही उम्मीदवार बनाए जाएंगे।’
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में भारी उत्साह है। यहां के उम्मीदवार मुझे खोजते हुए अलवर से लेकर दिल्ली तक पहुंचे। यहां जब आया तो देखा कि उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं में गजब का जोश है।’
बुंदेलखंड की सभी सीट जीतने का दावा
चंद्र भूषण सिंह बुंदेला झांसी-ललितपुर लोकसभा से पूर्व विधायक सुजान सिंह बुंदेला के बेटे हैं। उन्होंने जॉइनिंग पर कहा, ‘मेरे DNA में कांग्रेस है। बुंदेलखंड की सभी सीट पर कांग्रेस जीतेगी। बुंदेलखंड से भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है। इन्होंने लूटमारी की है। ये सिर्फ पैसे गिनते हैं, जनता का काम नहीं करते। मध्यप्रदेश से चुनाव लड़ने के सवाल पर बोले कि जो पार्टी तय करेगी, वैसा करेंगे।
इंदौर के पूर्व विधायक शेखावत के BJP छोड़ने की वजह
इंदौर-बदनावर के पूर्व विधायक और अपेक्स बैंक के अध्यक्ष रह चुके भंवरसिंह शेखावत ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने शनिवार दोपहर भोपाल में कांग्रेस जॉइन की। शेखावत बोले- बीजेपी में कार्यकर्ता घुटन महसूस कर रहा है। अज्ञात भय पार्टी को अंदर से खाए जा रहा है। वहां बोलने की आजादी तक नहीं है। शेखावत इंदौर से भोपाल पहुंचे। यहां सुबह महेश जोशी के बंगले से बेटे पिंटू जोशी के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। इधर, शेखावत के भाजपा छोड़ने पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा बोले, ‘इतना बड़ा समुंदर है, दो चार लोटा पानी निकल जाए तो फर्क नहीं पड़ता’।

