भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अजमेर कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे
एस पी मित्तल, अजमेर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का जनवरी के दूसरे सप्ताह में अजमेर आने का कार्यक्रम बन रहा है। पहले यह कार्यक्रम जयपुर में होना था, लेकिन अजमेर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को अजमेर में केंद्रित किया जा रहा है। मालूम हो कि भौगोलिक दृष्टि से अजमेर राजस्थान का केंद्र है। अजमेर में प्रदेश भर के एक हजार 600 भाजपा मंडल अध्यक्षों का सम्मेलन करवाने पर भी विचार हो रहा है। अगले कुछ ही दिनों में प्रदेश प्रभारी महासचिव अरुण सिंह अजमेर आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार नड्डा अजमेर से ही प्रदेश के 10 भाजपा जिला कार्यालयों का उद्घाटन भी करेंगे। पूर्व में चार कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है। नड्डा अजमेर में उपस्थित रहेंगे और वर्चुअल तकनीक से 9 कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। अजमेर कार्यालय की भवन निर्माण कमेटी के संयोजक और पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाडिय़ा ने बताया कि अजमेर का तीन मंजिला कार्यालय बनकर तैयार है। पहले चरण में 6 हजार स्क्वायर फिट निर्माण किया गया है। इसमें भूतल पर दो कमरे, लाइब्रेरी,आईटी कक्ष, पदाधिकारियों के बैठने का स्थान तथा एक कान्फ्रेंस हाल बनाया गया है। प्रथम मंजिल पर 300 कार्यकर्ताओं के बैठने योग सभागार तैयार किया गया है। द्वितीय मंजिल पर गेस्ट हाउस आदि की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। पहाडिया ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के कार्यक्रम को देखते हुए बकाया कार्य युद्ध स्तर पर करवाए जा रहे हैं। अजमेर के लिए यह महत्त्वपूर्ण बात है कि अध्यक्ष स्वयं आकर जिला कार्यालय का उद्घाटन कर रहे हैं। पहाडिय़ा ने बताया कि इस कार्यालय में शहर और देहात भाजपा के जिलाध्यक्षों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यालय को जयपुर रोड स्थित पर बनाया गया है। इसमें शहर और देहात के भाजपा कार्यकर्ता भी आसानी से आ सकते हैं। कार्यालय के संबंध में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9928072711 पर पुखराज पहाडिय़ा से ली जा सकती है।

