*सोशलिस्ट पार्टी सहारा के निवेशकों को पैसे वापस दिलाने के लिए चलाएगी अभियान*
*आज सहारा के मरीमाता कार्यालय पर किया प्रदर्शन*
इंदौर । सहारा इंडिया में अपनी छोटी-छोटी बचत को जमा करा कर लोगों को यह उम्मीद थी कि जरूरत पर उन्हें ब्याज सहित बड़ी पूंजी मिल जाएगी ,इसी उम्मीद से उन्होंने अपने खर्च में कटौती का सहारा इंडिया में पैसे जमा कराए थे , लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बावजूद भी अब उन्हें उनका पैसा वापस नहीं मिल रहा है। पूरे पूरे देश भर में करोड़ों निवेशक तथा इंदौर में ही लाखों निवेशकों का पैसा सहारा इंडिया में जमा है । लेकिन उसकी वापसी की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में निराश निवेशकों को सहारा देने का बीडा सोशलिस्ट पार्टी ने उठाया है।

सोशलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सहारा इंडिया के सभी निवेशकों को एकजूट कर उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत आज सोशलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सहारा इंडिया के मरी माता स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया ।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामस्वरूप मंत्री ने कहा सहारा इंडिया के सुब्रत सहारा ने देश के छोटे-छोटे निवेशकों को विश्वास दिलाया था कि कुछ ही समय में उनकी जमा पूंजी दुगनी कर वापस कर दी जाएगी। लेकिन उन्हें ब्याज तो दूर मूलधन भी वापस नहीं मिला है एसे में परेशान निवेशक आत्महत्या करने को मजबूर हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने ₹5000 करोड निवेशकों को वितरित करने का निर्देश दिया था लेकिन वह भी अभी तक बाटा नहीं गया । इंदौर सहित देश के अधिकांश सहारा इंडिया के कार्यालय पर ताले लगे हुए हैं । निवेशक आते हैं चक्कर लगा ताला देख कर चले जाते हैं ।
सोशलिस्ट पार्टी सहारा इंडिया के निवेशकों को न्याय दिलाने के लिए कानूनी और मैदानी दोनों संघर्ष करेंगी। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के नगर अध्यक्ष मुकेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अली सिद्दीकी, उपाध्यक्ष मनोज हार्डिया, जिला महामंत्री कैलाश यादव, तथा उपाध्यक्ष अवधेश यादव प्रमुख रूप से शामिल थे । पार्टी ने कहा है कि सोशलिस्ट पार्टी सहारा के सभी निवेशकों को एकजूट ् कर उनके लिए संघर्ष करेगी। रणनीति बनाने के लिए जल्द ही निवेशकों की बैठक बुलाई जाएगी ।