Site icon अग्नि आलोक

मंत्री गोपाल भार्गव को गेट पर रोका,मंत्री आग बबूला हो गए,कहा- किन नालायकों को खड़ा कर दिया

Share

ग्वालियर

ग्वालियर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए PWD मंत्री गोपाल भार्गव को सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर रोक लिया। इससे मंत्री आग बबूला हो गए। गुस्से में वे बाहर की तरफ निकले। इसके बाद पुलिस अफसरों ने मंत्री के सामने हाथ जोड़े। इस पर कांग्रेस का कहना है कि सिंधिया समर्थकों ने जानबूझकर पुलिस से ऐसा करवाया है।

मंत्री भार्गव को गेट पर रोका तो वे भड़क गए और नाराज होकर बाहर चले गए।

ग्वालियर में रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई है। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई बड़े नेता पहुंचे हैं।

मंत्री गोपाल भार्गव को सिक्योरिटी ने रोक लिया

PWD मंत्री गोपाल भार्गव जीवाजी यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे। वे गेट नंबर दो से प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान वहां खड़े सुरक्षाकर्मियाें ने उन्हें स्थानीय नेता समझकर रोक लिया। गोपाल भार्गव ने अंदर नहीं जाने देने का कारण पूछा, तो सुरक्षाकर्मियों ने जवाब दिया कि आपको एंट्री नहीं है। इतना कहते ही मंत्री गोपाल भार्गव भड़क गए।

मंत्री भार्गव ने कहा कि ‘मैं अभी मुख्यमंत्री से बात करता हूं। यह क्या मजाक बना रखा है। यह कहते हुए वे बाहर निकल गए।

मंत्री गोपाल भार्गव जब बाहर जाने लगे, तो पुलिस अफसर उन्हें मनाने के लिए पीछे-पीछे दौड़े।

जब भार्गव के मंत्री होने की बात पता चली तो सुरक्षाकर्मियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। इस दौरान पुलिस के बड़े अधिकारी भी पहुंच गए, लेकिन मंत्री भार्गव का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह बाहर की ओर जाने लगे। मंत्री को गुस्से में देख मौजूद पुलिस अफसर उनके पीछे-पीछे दौड़ पड़े।

मंत्री ने कहा कि ये क्या मजाक बना रखा है। ये क्या तमाशा है। पहचान नहीं पाए। क्या सिखा-पढ़ा दिया है आपने। इन नालायकों को लगा दिया। पहले तलाशी लेंगे। क्या है ये? किसी तरह वरिष्ठ नेताओं ने उनको समझाकर अंदर पहुंचाया। शोर सुनकर अंदर सभागार से अन्य वरिष्ठ नेता बाहर आए। उन्होंने मामले काे संभाला। मंत्री को अंदर बैठक में ले गए।

मंत्री बोले- थोड़ी त्रुटि हुई है

इसे लेकर मंत्री ने कहा कि वहां कुछ नहीं हुआ। मैंने सुझाव दिया था कि पार्टी के परिचित नेताओं को बिठाएं। थोड़ी त्रुटि हो जाती है। वह कोई विषय नहीं है। जवान सिविल ड्रेस में था। वह अपना दायित्व पूरा कर रहा था। यह कोई विषय नहीं है।

पुलिस अफसरों ने मंत्री के सामने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।

कांग्रेस बोली- सिंधिया समर्थकों ने जानबूझकर करवाया

कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि भाजपा में अवसरवादी और व्यवसायी नेता किस कदर हावी होते जा रहे हैं, इसका उदाहरण ग्वालियर में दिखा है। जिस तरह सीनियर मंत्री गोपाल भार्गव के साथ पुलिस ने बदतमीजी की है, वह पीड़ादायक है, क्योंकि वे सम्मानित नेता हैं। आशंका है कि उनका अपमान सिंधिया समर्थकों ने जानबूझकर पुलिस के माध्यम से करवाया है। यदि ऐसा है, तो उन कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा आघात है, जो समर्पण से पार्टी के लिए काम करते हैं।

Exit mobile version