पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने इंदौर में ऐसा बयान दिया है जिसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह आग में घी डालने का काम करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के बयान पर सियासत गरमा गई है। उन्होंने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान लव जिहाद और शीतला माता बाजार में विशेष वर्ग के कर्मचारियों को हटाने से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बयान दिया था। अब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उन पर निशाना साधते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह हमेशा आग में घी डालने का काम करते हैं। यह उनके कैरेक्टर में ही है।
दरअसल, दिग्विजय सिंह शनिवार को इंदौर आए थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान लव जिहाद के मुद्दे पर कहा था कि इस शब्द को गलत तरीके से पेश कर समाज में नफरत फैलाई जा रही है। उनका कहना था कि जिहाद का मतलब बुराइयों से लड़ना और खुद को बेहतर बनाना होता है, लेकिन इसे मुसलमानों के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई बीजेपी नेता खुद मुस्लिम लड़कियों से शादी कर चुके हैं, तो फिर इसे लेकर इतनी राजनीति क्यों की जा रही है?
आई लव मोहम्मद पर आपत्ति क्यों
दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे खुद हिंदू हैं और राम, कृष्ण, शिव, विष्णु सभी से प्रेम करते हैं। अगर कोई आई लव मोहम्मद कहता है तो उसमें आपत्ति क्यों होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमें भारतीय होना चाहिए, उसके बाद किसी धर्म से जोड़ना चाहिए।
दिग्विजय सिंह के बयान पर भड़के विजयवर्गीय
इन्हीं बयानों को लेकर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पलटवार करते हुए कहा की दिग्विजय सिंह हमेशा जलती हुई आग में घी डालने का काम करते हैं। यह उनके कैरेक्टर में ही है। एक वरिष्ठ नेता होकर इस तरह से बड़े समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है।

