Site icon अग्नि आलोक

*स्वच्छ शहर पर ‘गंदा धब्बा’ लगा रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय?इंदौर को बता रहे असुरक्षित*

Share

इंदौर: ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ के आरोपी अकील खान को जेल भेज दिया गया है। देश को शर्मसार करने वाली इस घटना पर मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बेतुका बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने होटल से बाहर निलते समय स्थानीय अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। कैलाश ने कहा कि भारत में क्रिकेटरों के लिए बहुत दीवानगी है। इसलिए उन्हें घूमते समय सावधानी बरतनी चाहिए।ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ छेड़छाड़ के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बाहर निकलें तो पुलिस-प्रशासन को बता दें। ऐसे में सवाल है कि क्या इंदौर इतना असुरक्षित है कि बेटियां बताकर बाहर निकलें।

हां, तो इंदौर की बेटियों आपका शहर ऐसा नहीं है। छप्पन दुकान से लेकर सरफा बाजार तक की दुकानें बेटियों और महिलाओं से गुलजार रहती हैं। बेटियों बेखौफ होकर शहर में घूमती हैं। मगर एक घटना से इंदौर पर सवाल नहीं उठा सकते हैं। लेकिन मंत्री जी की बात को बेटियां जरूम मानें। आप घर से निकलें तो इन्हें और इनकी पुलिस प्रशासन को बता जरूर दें। तभी अब सुरक्षित घूम पाएंगी।

देश शर्मसार
इंदौर की घटना से देश शर्मसार है। पुलिस ने पहले मामले को दबाने की कोशिश की। मीडिया में छेड़छाड़ की खबरें आईं तो पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना उस वक्त घटी थी, जब इंदौर के खजराना रोड पर एक कैफे में खिलाड़ी टहलने निकलीं। इसी दौरान अकील ने बाइक से उनका पीछा किया और उनके साथ छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद इंदौर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर को बता रहे असुरक्षित
घटना के दो दिन बाद मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने होटल से बाहर निकलते समय स्थानीय अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेटरों के लिए बहुत दीवानगी है, इसलिए खिलाड़ियों को भी बाहर घूमते समय सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना अधिकारियों और खिलाड़ियों दोनों के लिए एक सबक होनी चाहिए ताकि भविष्य में बेहतर संचार और सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित किए जा सकें।

इंग्लैंड की घटना का जिक्र किया
मंत्री ने एक घटना का भी जिक्र किया जब उन्होंने इंग्लैंड में एक प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी के साथ हुई ऐसी ही घटना देखी थी। उन्होंने बताया कि कैसे प्रशंसकों ने एक होटल में उस खिलाड़ी के कपड़े फाड़ दिए थे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट खिलाड़ी बहुत लोकप्रिय होते हैं और उन्हें भी बाहर घूमते समय सावधान रहना चाहिए।

कांग्रेस ने घेरा
वहीं, इस घटना को लेकर कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय पर हमला किया है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा है कि क्या लड़कियां इंदौर में सुरक्षा लेकर घूमने जाएंगी। मुंबई में तो बेटियां रात दो बजे घूमती हैं, वहां कोई छेड़छाड़ नहीं करता है। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था की साइकोलॉजिकल प्रजेंस नहीं है। यही कारण है कि अपराधी बेखौफ होकर इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि प्रदेश में जिस तरह महिलाओं के खिलाफ हिंसा और अत्याचार बढ़ रहे हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है। उस पर नियंत्रण करने के बजाय भाजपा और उसके मंत्री अब हास्यास्पद बयानबाज़ी में लगे हुए हैं। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ घटना पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट खिलाड़ियों को लोकल आदमी को बता कर जाना चाहिए था… हम लोग भी कहीं जाते हैं तो लोकल आदमी को लेकर जाते हैं। वैसे यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी भाजपा के मंत्री कभी महिलाओं के पहनावे पर टिप्पणी करते हैं, कभी राहुल-प्रियंका जी के भाई-बहन के रिश्ते पर बोलते हैं, तो कभी महिलाओं को “शूर्पणखा” बताने से भी नहीं चूकते। भाजपा सरकार को महिला सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। केवल बयानबाज़ी करने से प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरेगी।

देश का सबसे स्वच्छ शहर है असुरक्षित
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की बातों से यह प्रतीत हो रहा है कि इंदौर असुरक्षित शहर है। विदेश की महिला खिलाड़ी बाहर निकलें तो प्रशासन को बताकर निकलें। इस बयान से इंदौर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के एक और गंदा धब्बा लगा रहे हैं कि आप शहर में बिना सुरक्षा के नहीं घूम सकते हैं। ऐसे में सवाल है कि अब कोई भी लड़की इस शहर में निकलेगी तो पुलिस को बताकर जाएगी। पुलिस एस्कॉट करते हुए उन्हें घुमाएगी। मंत्री कैलाश पुलिस की नाकामी को छुपाने के लिए इस तरह की बातें कर रहे हैं। क्या पुलिस को उन इलाकों सजग नहीं होना चाहिए था। क्या उन्हें नहीं पता था कि यहां विदेशी टीमें रुकी हुई हैं। देश की फजीहत के बाद महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा अब बढ़ा दी गई है।

बेतुकी बातें करते रहें कैलाश
गौरतलब है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहली बार ऐसी बात नहीं कर रहे हैं। वह पहले भी बेतुकी बातें करते रहे हैं। लड़कियों के पहनावे से लेकर उनके संस्कार तक पर सुझाव देते रहते हैं। इन्हीं बेतुके तर्कों के सहारे अपनी नाकामियों को छुपाने की कोशिश में लगे रहते हैं।

Exit mobile version