खंडवा/
खंडवा में ला-इलाज सिस्टम की बात करें, तो प्रशासन की अलग भूमिका है, जिसकी सर्जरी की आवाज उठ रही है, लेकिन यहां राजनीति भी कम नहीं है। गुरुवार शाम मंत्री विजय शाह और विधायक देवेंद्र वर्मा ने शहर के प्राइवेट अस्पताल में ICU वार्ड का शुभारंभ फीता काटकर किया। उस प्राइवेट अस्पताल में फीता काटा, जिसे पूर्व कलेक्टर ने सील कराया था। इसके अलावा इसमें इलाज के नाम पर सरकारी मदद भी नहीं मिलती।
मामला सिंधी कॉलोनी स्थित हिंदुजा हॉस्पिटल का है। यहां प्रशासन की अनुमति पर कोविड संक्रमित मरीजों को इलाज कराया जा रहा है, जबकि प्रदेश सरकार ने इस प्राइवेट अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना में भी शामिल नहीं किया है। यानि यहां भर्ती होने वाले कोविड मरीज को सरकारी मदद भी नहीं मिलेगी। यहां तक कि मरीजों की सहूलियत के लिए प्रशासन ने यहां जांच व अन्य चार्ज के लिए रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की है। अस्पताल प्रबंधन अपनी मर्जी से राशि वसूलेगा।राजनीति के दंश फीता काटते रहेंगे। फीता उस दौर में काटा जा रहा है, जब देश व प्रदेश में संक्रमण पसरा है। बेड, ऑक्सीजन की कमी से लोग दम तोड़ रहे हैं।
मात्र 8 बिस्तरों का ICU वार्ड और फीता काटा
हिंदुजा हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए मात्र 8 बिस्तरों का ICU वार्ड बनाया गया है। इसका शुभारंभ वन मंत्री विजय शाह और विधायक देवेंद्र वर्मा ने किया है। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के आला-अफसर भी मौजूद थे। मप्र शासन के जनसंपर्क विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर भी इसे शेयर किया है।
पूर्व कलेक्टर ने अस्पताल कराया था सील
कोरोना संक्रमण के पहले फेज का दौर था। रहवासी इलाके में बने हिंदुजा हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा था। तत्कालीन कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने मामले में जांच कराई, तो डॉक्टर और स्टाफ संक्रमित पाए गए। कलेक्टर सुंद्रियाल ने अस्पताल को सील करा दिया थ, लेकिन बाद में अस्पताल संचालक ने रसूख के दम पर अस्पताल खुलवा लिया।

