Site icon अग्नि आलोक

मंत्री शकुंतला रावत ने धर्मेन्द्र राठौड़ के साथ पुष्कर में जलाभिषेक किया

Share

एस पी मित्तल,अजमेर

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को पुष्कर में राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ के विभिन्न समारोह हुए। राठौड़ के कार्यक्रमों में कांग्रेस के विधायक और गुजरात के प्रभारी रघु शर्मा को भी शामिल होना था, लेकिन अस्वस्थ्य हो जाने के कारण रघु शर्मा नहीं आ सके। ऐन मौके पर रघु की जगह उद्योग और देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत को बुलाया गया। राठौड़ और रावत ने पुष्कर के आरटीडीसी के सरोवर टूरिस्ट बंगलो के जीर्णोद्धार के कार्यों का शुभारंभ किया और प्रेम प्रकाश आश्रम में पूजा और सहस्त्रधारा के कार्यक्रमों में शिरकत की। इस अवसर आरटीडीसी के प्रबंध निदेशक विजय पाल सिंह, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक डीबी चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। लेकिन पुष्कर की पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष श्रीमती नसीम अख्तर और उनके पति इंसाफ अली किसी भी कार्यक्रम में नजर नहीं आए। जानकार सूत्रों के अनुसार धर्मेन्द्र राठौड़ की पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता से श्रीमती अख्तर और उनके समर्थक नाराज हैं। असल में श्रीमती अख्तर पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार कांग्रेस उम्मीदवार के दावेदारी कर रही हैं। पिछले तीन चुनावों में से अख्तर को एक चुनाव में जीत मिली है। वहीं आरटीडीसी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ स्वयं को पुष्कर के नांद गांव का बताकर विधानसभा का अगला चुनाव पुष्कर से ही लड़ना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता दिखाई है। पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर राठौड़ ने पिछले दिनों लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मुलाकात की। इतना ही नहीं पुष्कर सरोवर में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए मुख्यमंत्री से बड़ा बजट देने का आग्रह भी किया है। चूंकि राठौड़ स्वयं आरटीडीसी के अध्यक्ष हैं, इसलिए पुष्कर के टूरिस्ट बैंगलों पर एक करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। पुष्कर में आयोजित होने वाले विभिन्न समारोह में भी राठौड़ का कहना है कि पुष्कर के विकास के लिए जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा। राठौड़ की सक्रियता से पुष्कर का राजनीतिक माहौल अचानक गरम हो गया है। आमतौर पर सक्रिय दिखने वाली श्रीमती नसीम अख्तर इन दिनों शांत नजर आ रही हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से निकटता के चलते धर्मेन्द्र राठौड़ अगले चुनाव में आसानी से टिकट ले आएंगे। भले ही श्रीमती अख्तर खुश न हो, लेकिन अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी के समर्थन से पुष्कर में राठौड़ की स्थिति मजबूत हुई है। चौधरी पिछले 25 वर्षों से अजमेर डेयरी के अध्यक्ष हैं और गांव गांव में डेयरी के दूध संग्रहण केंद्र बने हुए हैं। यही वजह है कि चौधरी का जिले भर के ग्रामीणों से खास संपर्क है। 

Exit mobile version