Site icon अग्नि आलोक

मंत्री विजय शाह एक बार फिर विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में

Share

 मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग मंत्री विजय शाह अपने बयानों के कारण एक बार फिर विवादों में हैं। रतलाम में लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए बयान के बाद फिर उनकी किरकिरी हुई है। कौन हैं विजय शाह, कौनसे बयानों से वे चर्चा में आए। कब उन्हें कार्रवाई भी झेलनी पड़ी। जानते हैं इस खबर में-

आखिर कौन हैं विजय शाह
मंत्री विजय शाह की गिनती भाजपा के सीनियर मंत्रियों में होती है। वर्ष 1990 से वे विधानसभा सदस्य हैं। इस बार आठवीं बार जीते हैं। आदिवासी नेता होने के कारण उन्हें मप्र की बाबूलाल गौर सरकार, शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव सरकार में मंत्रीपद भी मिला है। विजय शाह ने 1990 में पहली बार हरसूद से चुनाव लड़ा था। नवंबर 1962 में मकड़ाई के राजघराने में उनका जन्म हुआ था। उनका विवाह मध्य प्रदेश के देवास जिले की बागली जागीर की भावना कुशवाहा से हुआ है और उनका एक पुत्र है, दिव्यादित्य।

अब क्यों चर्चा में आए
मंत्री विजय शाह अब फिर अपने बयान से घिर गए हैं। दो दिन पहले उन्होंने रतलाम में सीएम की लाडली बहनों को कथित रूप से धमकाने की कोशिश की थी। दरअसल रतलाम में एक बैठक में जिला प्रभारी मंत्री शाह ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी से जिले की लाड़ली बहनों के आंकड़े की जानकारी ली और धमकी भरे अंदाज में कहा कि ‘मेरे सामने एक प्लान करो, जब 1500 के हिसाब से हम लोग करोड़ों रुपए दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के दो साल हो गए, बहन अपने भाई का सम्मान तो करें सब। ढाई लाख में से 50000 क्यों आएं, देखो जरा। जो आएंगे उनके ढाई सौ बढ़ा देंगे नहीं तो फिर देखते हैं। जो सरकार गरीब बहनों के जीवन में खुशहाली ला रही है तो उसको 2 साल में एक बार थैंक यू तो बोलना चाहिए। नहीं तो फिर जिनको ढाई-ढाई सौ रुपए बढ़ रहे हैं। वह कौन अधिकारी है, फिर जांच के बाद ही देखेंगे, किसी का आधार में लिंक नहीं है। जांच थोड़ी पेंडिंग कर देंगे, मतलब वह पेंडिंग हो ही जाएगी… फिर सब आएंगे। हम किसी को परेशान भी नहीं करना चाहते हैं।’ बयान के बाद बीजेपी प्रदेश संगठन की पूछताछ के बाद उन्होंने यू-टर्न लेते हुए सफाई दी है।

लाडली बहनों को धमकी देने का आरोप

लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर कथित धमकी भरे बयान के विरोध में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह का पुतला जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री का बयान महिलाओं का अपमान है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महिलाओं को डराने की कोशिश
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि मंत्री विजय शाह द्वारा अधिकारियों की बैठक में यह कहना कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने वाली लाडली बहनों की जांच कराई जाए, न केवल अनुचित है बल्कि महिलाओं को डराने की कोशिश भी है। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना के तहत मिलने वाला लाभ महिलाओं का अधिकार है, कोई एहसान नहीं, और इस तरह के बयान सरकार की सोच को उजागर करते हैं।

तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग
रीना बौरासी सेतिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्री विजय शाह को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी मंत्री द्वारा महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा चुकी हैं। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में मंत्री विजय शाह के पुतले जलाए जाएंगे और जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपकर आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान फरजाना खान, सुजाता दामले, पार्वती मौर्य, अल्फा, माया विश्वकर्मा, सरोज गुजरे, गीता बघेल, शबनम, सोनू सहित जिला महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। महिला कांग्रेस ने एक सुर में कहा कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version