Site icon अग्नि आलोक

ब्रिगेड ग्राउंड से :PM बोले- ममता ने बंगाल की जनता को धोखा दिया….मोदी के मंच पर भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे। वे उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में एक मेगा रैली को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज हमारे बीच मिथुन चक्रवर्ती भी है। उनकी जीवनगाथा संघर्ष और सफलता के उदाहरणों से भरी हुई है। अपनी सफलता का पुण्य वो लोकनाथ बाबा के आशीर्वाद से सामान्य लोगों तक पहुंचा रहे हैं। आज ब्रिगेड ग्राउंड में आप लोगों की ये हुंकार सुनने के बाद किसी को कोई संदेह नहीं रह जाएगा। शायद कुछ लोगों को लगता होगा कि आज 2 मई आ गई है। पूरी ताकत से मेरे साथ बोलिए। भारत माता की जय।’

  पीएम मोदी की रैली से ठीक पहले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भाजपा में शामिल हो गए। कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। इस दौरान सभा में जय श्री राम के नारे लग और खुद मिथुन ने पार्टी का झंडा लहराया। ब्रिगेड ग्राउंड में बीजेपी बंगाल चीफ दिलीप घोष ने मिथुन को पार्टी की सदस्यता दिलाई।  मिथुन चक्रवर्ती टीएमसी से राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। 

इससे पहले मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार शाम को कोलकाता में पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की थी। कैलाश विजयवर्गीय ने इस बात की पुष्टि की थी कि मिथुन मोदी की रैली में उपस्थित रहेंगे, मगर उनके भाजपा में शामिल होने की खबर को संस्पेंस में रखा। हालांकि अब मिथुन भाजवा में शामिल हो गए हैं और बाहरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की कोशिश कर रहीं ममता बनर्जी के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं होगा। 

बंगाल के लोगों ने परिवर्तन की उम्मीदों को कभी नहीं छोड़ा : मोदी
उन्होंने कहा’ ”बीते दशकों में ब्रिगेड ग्राउंड में अनेकों बार नारा गूंजा है कि ब्रिगेड चलो। इस ग्राउंड ने अनेक देश भक्तों को देखा है। ये ग्राउंड बंगाल के विकास में रोड़ा अटकाने वालों का भी गवाह रहा है। बंगाल की भूमि को 24 घंटे हड़ताल और बंद में झोंक देने वालों की नीतियां और साजिशें भी इस ग्राउंड ने देखी हैं।”

उन्होंने कहा, ”इन लोगों ने बंगाल की महान भूमि का जो हाल किया, वो पीढ़ी दर पीढ़ी बंगाल के लोगों ने सहा और बर्दाश्त किया है। ये बंगाल के लोगों की महानता है, इच्छाशक्ति है कि उन्होंने बंगाल में परिवर्तन की उम्मीदों को कभी छोड़ा नहीं है। परिवर्तन के लिए ममता दीदी पर भरोसा किया था, लेकिन दीदी और उनके काडर ने आपका भरोसा तोड़ दिया, आपके सपनों को चूर-चूर कर दिया।”

बंगाल की धरती ने भारत का गौरव बढ़ाया : मोदी
उन्होंने कहा, “बंगाल की इस धरती ने हमारे आजादी के आंदोलन में नए प्राण फूंके, ऊर्जा दी, ज्ञान-विज्ञान में भारत का गौरव बढ़ाया। बंगाल से निकले महान व्यक्तित्वों ने एक भारत की भावना को सशक्त किया। इस धरती ने एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के लिए बलिदान होने वाले सपूत दिए हैं। इस धरती को मैं अनेक बार नमन करता हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि आज इस ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड पर मुझे फिर एक बार आपका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला है। इस ग्राउंड के आसपास स्वामी विवेकानंदजी, सुभाष चंद्र बोस, श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्मस्थान है।”

बंगाल सोनार बांग्ला चाहता : मोदी
उन्होंने कहा, “इन लोगों ने बंगाल का भरोसा तोड़ा, बंगाल की भूमि और उनकी बहन-बेटियों को अपमानित किया। ये बंगाल की उम्मीद को नहीं तोड़ पाए। ये जनसागर इस उम्मीद और उस हौसले की जीती-जागती तस्वीर है। बंगाल उन्नति, शांति, प्रगति और सोनार बांग्ला चाहता है। मैं देख रहा हूं कि इस बार के विधानसभा चुनाव में एक तरफ TMC है, कांग्रेस है, उनका बंगाल विरोधी रवैया है। दूसरी तरफ खुद बंगाल की जनता कमर कसकर के खड़ी हो गई है। आज भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए लाखों लोगों का यहां आना, लाखों लोगों का पूरे प्रदेश में आशीर्वाद बनाए रखना। सामान्य आदमी हों, कला जगत के लोग हों, सभी आशीर्वाद बरसा रहे हैं। सबके दिल में एक ही इच्छा है कि हमारा बंगाल विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचे।’

बंगाल में परिवर्तन का विश्वास दिलाने आया हूं : मोदी
उन्होंने कहा, “भारत माता के आशीर्वाद से सोनार बांग्ला का संकल्प जरूर सिद्ध होकर रहेगा। यहां आया हर आदमी, माताएं-बहनें-बेटियां, बंगाल का युवा आज बंगाल में असली बदलाव के लिए आया है यानी आशोल परिवर्तन। मैं इस ब्रिगेड ग्राउंड से आपको ही आशोल परिवर्तन का विश्वास दिलाने आया हूं। विश्वास बंगाल के विकास का, विश्वास बंगाल में स्थितियों को बदलने का, विश्वास बंगाल में निवेश बढ़ाने का, विश्वास बंगाल के पुनर्निर्माण का, बंगाल की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का।”

उन्होंने कहा, ”मैं विश्वास दिलाने आया हूं कि आपके लिए, नौजवानों-किसानों-उद्यमियों-बहनों और बेटियों के लिए हम 24 घंटे दिन-रात मेहनत से काम करेंगे। हम मेहनत करने में कोई कमी नहीं रखेंगे। हम पल-पल आपके लिए जिएंगे, हम पल-पल आपके सपनों के लिए जिएंगे। आपकी सेवा करेंगे, आपका आशीर्वाद लेंगे, आपका दिल सिर्फ चुनाव में नहीं हर पल जीतते रहेंगे। अपने काम, सेवा, समर्पण, परिश्रम के द्वारा हम ये करेंगे। भाजपा की जो सरकार बनेगी, उसकी नीतियों और निर्णयों में बंगाल के लोगों का हित सर्वोपरि होगा।”

किसी का तुष्टिकरण नहीं होगा : PM
उन्होंने कहा, “आशोल परिवर्तन का मतलब युवाओं को शिक्षा और रोजगार के पर्याप्त अवसर, लोगों को पलायन को मजबूर न होना पड़े, व्यापार और कारोबार फले-फूले, ज्यादा से ज्यादा निवेश आए, 21वीं सदी का आधुनिका इन्फ्रास्ट्रक्चर हो, गरीब से गरीब को भी आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले, हर क्षेत्र, हर वर्ग की विकास में बराबर की भागीदारी हो। उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल सभी पर बराबर ध्यान दिया जाएगा। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास शासन का मंत्र होगा। उन्नयन सबका होगा, तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा। घुसपैठ और घुसपैठियों को रोका जाएगा। गुलामी का इतना बड़ा कालखंड भी बंगाल के सामर्थ्य को कम नहीं कर सकता था। आजादी के 75 सालों में बंगाल ने जो खोया है, जो छीना गया है, वो मुझसे ज्यादा आप अच्छी तरह जानते हैं।’

जो भी बंगाल से छीना गया है, उसे वापस लौटाएंगे : मोदी
उन्होंने कहा, “आज हम इस संकल्प के साथ सामने आए हैं। लिख लीजिए मेरे शब्द कि जो भी बंगाल से छीना गया है, उसे वापस लौटाएंगे। आज जब भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष में प्रवेश कर रहा है, तो बंगाल एक नई ऊर्जा, एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा। देश की तरह ही बंगाल के विकास के लिए भी अगले 25 साल अहम हैं। इन 25 सालों के परिवर्तन का पहला पड़ाव ये विधानसभा चुनाव हैं। अगले 5 साल में बंगाल का विकास अगले 25 साल में विकास का आधार बनाएगा।’

उन्होंने कहा, ”इस बार आप सिर्फ बंगाल में सरकार बनाने के लिए वोट नहीं देंगे, बंगाल को बनाने के लिए, बंगाल को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए वोट देंगे। 2047 में जब देश आजादी के 100 साल मनाएगा, तब बंगाल पूरे हिंदुस्तान को आगे ले जाने वाला राज्य बन जाएगा। बोट से लेकर स्पोर्ट्स, टी से लेकर टूरिज्म तक, माछ से लेकर भात तक वो सबकुछ है बंगाल में, जो जीवन को बेहतर बना सके। बस साफ नीयत के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।’

विकास के डबल इंजन से सारी अड़चनें दूर होंगी : मोदी
उन्होंने कहा, “कोलकाता सिटी ऑफ जॉय है। समृद्ध अतीत है और भविष्य की संभावनाएं भी। इसे सिटी ऑफ फ्यूचर न बनाया सके, ऐसा कोई कारण नहीं है। देश के टॉप शहरों की लिस्ट निकली है और हर बंगाली की इच्छा है कि कोलकाता भी इस लिस्ट में टॉप पर हो। नए उद्योग, कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी का विस्तार, स्टार्टअप के लिए महौल बनाने के लिए हम कमिटमेंट के साथ काम करेंगे। कोलकाता मेट्रो का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। धरोहरों को सजाने-संवारने के लिए प्रयास किए हैं। जब कोलकाता में विकास का डबल इंजन लग जाएगा तो रोड़े और अड़चनें खत्म हो जाएंगी।’

शासन में पारदर्शिता जरूरी : PM
उन्होंने कहा, “आसोल परिवर्तन के लिए गांव और शहरों के ग्राम पंचायत, नगर निगम के शासन में पारदर्शिता जरूरी है। इस लोकतांत्रिक व्यवस्था को जिस तरह से तहस-नहस किया गया है, वो आप जानते हैं। इस व्यवस्था को भाजपा मजबूत करेगी। सरकारी सिस्टम, पुलिस पर जनता का विश्वास जागे, हम वो परिवर्तन लाएंगे। एग्जाम से लेकर ट्रेनिंग और रिक्रूटमेंट तक पारदर्शी व्यवस्था लाएंगे। स्किल डेवलपमेंट, नई शिक्षा नीति पर बल देंगे। इंजीनियरिंग, डॉक्टर की पढ़ाई बांग्ला भाषा में भी हो, इस पर ध्यान दिया जाएगा। गरीब का बेटा और बेटी अपने सपने से दूर नहीं रहेंगे। झुग्गी-झोपड़ी में पढ़ाई करके निकला बच्चा भी बंगाल का नाम रोशन करे, ये व्यवस्था बनाना चाहते हैं।’

वामपंथियों को भी आड़े हाथ लिया
मोदी ने कहा, “बंगाल में सत्ता परिवर्तन लक्ष्य नहीं है। बंगाल की राजनीति को विकास केंद्रित राजनीति की ओर ले जाना चाहते हैं। बंगाल को बंगाल होने से कोई नहीं रोक पाएगा। हम आसोल परिवर्तन की मांग इसीलिए कर रहे हैं। आसोल परिवर्तन के इस महायज्ञ में बंगाल के लोगों को याद रखना है कि उनके साथ किस तरह बार-बार छल किया गया है। इसे भूलना मत। आजादी के नारे पर कांग्रेस सत्ता में आई थी। आजादी के बाद कुछ समय काम हुआ, लेकिन फिर बंगाल पर वोट बैंक की राजनीति हावी होती गई।”

उन्होंने कहा, ”इस राजनीति को वामपंथियों ने बढ़ाया और नारा दिया- कांग्रेस का हाथ काला है, उसे तोड़ दो और काटकर फेंक दो। ऐसे ही नारों पर वामपंथी सत्ता में आए और 3 दशकों तक सत्ता संभाली। पूछना चाहता हूं कि आज उस काले हाथ का क्या हुआ रे। ये काला हाथ कैसे गोरा हो गया रे। जिस हाथ को वामपंथी तब काला समझते थे, वो आज सफेद कैसे हो गया। जिस हाथ को तोड़ने की बात करते थे, आज उसी का आशीर्वाद लेते हुए चल रहे हैं।’

पिछले 10 साल में TMC ने यहां कुछ नहीं किया : मोदी
उन्होंने कहा, “साथियों वामपंथियों के विरुद्ध ममता दीदी ने परिवर्तन का नारा दिया था। बंगाल से मां-माटी-मानुष के लिए काम करने का वादा किया था। आप बताइए पिछले 10 साल से यहां की TMC सरकार ने क्या सामान्य बंगाली परिवार के जीवन में वो परिवर्तन लाया है। वो वादा पूरा किया, जो आपसे किया गया था। क्या किसान, श्रमिक, कर्मचारी के जीवन में वो बदलाव आया। क्या गरीब के जीवन में परिवर्तन आया है। गरीब और गरीब हो ऐसा काम उन्होंने किया है कि नहीं। स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में कोई परिवर्तन आया। रोजगार की स्थिति, औद्योगिकिकरण की स्थिति में परिवर्तन आया। दशकों से चली आ रही खून-खराबे की राजनीति में परिवर्तन आया है क्या।”

मां-माटी-मानुष की हालत सबके सामने : मोदी
उन्होंने कहा, ”आज बंगाल में मां-माटी-मानुष की क्या स्थिति है, ये आप भलीभांति जानते हैं। मां पर गली-गली में हमले होते हैं। घर में घुसकर मां पर हमले होते हैं। हाल में 80 साल की बूढ़ी मां के साथ हुआ है, जो निर्ममता दिखाई गई, उसने इन लोगों का क्रूर चेहरा पूरे भारत को दिखा दिया है। बीते 10 साल में बंगाल की शायद ही कोई मां है, बेटी है, जो किसी न किसी अत्याचार के कारण रोई नहीं है। कोई सवाल न उठा सके इसलिए ये आंकड़े भी छिपाकर बैठ गए हैं। माटी की बात करने वालों ने बंगाल का कण-कण, तिनका-तिनका बिचौलियों, कालाबाजारियों और सिंडिकेट के हवाले कर दिया। बंगाल का मानुष अपनी आंखों के सामने अपनों का खून बहता देखता है। अपनों को अपनी आंखों के सामने लुटते हुए देखता है। इलाज के अभाव में दम तोड़ते देखता है, पलायन करते देखता है।’

बंगाल ने एक स्वर में आवाज उठाई : मोदी
मोदी बोले, “पूरा बंगाल एक स्वर में बोल रहा है- अब अन्याय नहीं सहेंगे। भ्रष्टाचार अब नहीं, अब नहीं। तोलाबाजी अब नहीं-अब नहीं। कटमनी अब नहीं-अब नहीं। सिंडिकेट अब नहीं-अब नहीं। बेरोजगारी अब नहीं-अब नहीं। हिंसा अब नहीं-अब नहीं। आतंक अब नहीं-अब नहीं। तुष्टिकरण अब नहीं-अब नहीं। अन्याय अब नहीं-अब नहीं।’

Exit mobile version