भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज एक बार फिर से चर्चा में हैं। रक्षाबंधन के खास मौके पर सिराज ने जनाई भोसले से राखी बंधवाई, जिनसे उनके साथ अफेयर के चर्चे हुए थे।
इंग्लैंड दौरे पर धूम मचाने के बाद मोहम्मद सिराज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सिराज ने टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों में 23 विकेट लिए। खास तौर से ओवल में तो उन्होंने करिश्माई गेंदबाजी की। इंग्लैंड से वापस लौटने के बाद रक्षाबंधन के मौके पर अब उनका एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह राखी बंधवा रहे हैं। सिराज के इस प्यारी सी वीडियो को फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं, लेकिन असली ट्विस्ट कुछ और है।
दरअसल मोहम्मद सिराज को जो राखी बांध रही हैं उन्हीं के साथ कुछ महीने पहले उनके अफेयर के चर्चे रहे थे। सिराज को कई बार उनके साथ स्पॉट किया गया था। ये कोई और नहीं बल्कि सिंगर आशा भोसले की पोती जनाई भोसले हैं। सिराज को जनाई के साथ मुंबई में कई बार स्पॉट किया गया था, जिसके बाद यह अफवाह फैल गई कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं, लेकिन जनाई ने रक्षाबंधन के मौके पर सिराज को राखी बांध कर साफ कर दिया कि वे उन्हें अपना भाई मानते हैं।
कौन हैं जनाई भोसले?
जनाई भोसले अपनी दादी आशा भोसले की तरह बॉलीवुड से जुड़ी हुई हैं। जनाई काफी मल्टी टैलेंटेड हैं। दादी की तरह जनाई भी एक सिंगर हैं। इसके अलावा वह गाने लिखती और कंपोज भी करती हैं। सिंगिंग के अलावा जनाई डांस और एक्टिंग भी करती हैं। जल्दी उनकी पहली फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ आने वाली है।
इस फिल्म में जनाई रानी साईं भोसले के किरदार निभा रही हैं। बता दें कि जनाई ने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक से की थी। इसके अलावा जनाई भारत के पहले ट्रांसजेंडर बैंड के साथ भी काम कर चुकी है। जनाई का पहला सोलो गाना ‘केहंदी है’ काफी लोकप्रिय हुआ था। जनाई अपनी दादी के साथ स्टेज शोज पर भी नजर आ चुकी हैं।

