बांग्लादेश में 4.0 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, कांगो में यूएस मिनरल डील का विरोध बढ़ा
तेलंगाना में बुधवार, 11 फरवरी को 116 नगरपालिकाओं और 7 नगर निगमों के लिए मतदान होगा। इस चुनाव में 52 लाख से अधिक मतदाता करीब 13 हजार उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। यह चुनाव सत्तारूढ़ कांग्रेस के साथ-साथ विपक्षी भाजपा और बीआरएस के लिए भी अहम माना जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 13 फरवरी को होगी।
चुनाव से जुड़े अहम आंकड़े:-
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक:-
- 116 नगरपालिकाओं के 2,569 वार्डों में 10,719 उम्मीदवार मैदान में हैं।
- 7 नगर निगमों के 412 वार्डों में 2,225 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
- कुल 52.17 लाख मतदाता, जिनमें 25.50 लाख पुरुष और 26.67 लाख महिलाएं शामिल हैं, मतदान के पात्र हैं।
- चुनाव ड्यूटी में 41,773 मतदान कर्मी तैनात किए जाएंगे।
- मतदान के लिए 16,382 बैलेट बॉक्स का इस्तेमाल होगा।
बंगाल में 28 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को पश्चिम बंगाल के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम में संशोधन किया है। अब राज्य की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले इसे 14 फरवरी को जारी किया जाना था। चुनाव आयोग ने बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया कि यह निर्णय 9 फरवरी को आए शीर्ष अदालत के निर्देश के अनुपालन में लिया गया है।
संशोधित समयसीमा के अनुसार, नोटिसों पर सुनवाई 14 फरवरी तक पूरी होगी। इसके बाद 21 फरवरी तक दस्तावेजों की जांच और मामलों का निपटारा किया जाएगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 25 फरवरी तक और स्वास्थ्य मानकों की जांच 27 फरवरी तक पूरी होगी। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्य में चुनावों की तैयारी तेज होने की उम्मीद है।
बैंक धोखाधड़ी मामले में अंडमान के पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा की जमानत याचिका खारिज
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा और एक अन्य आरोपी संजय लाल की जमानत याचिका खारिज कर दी। ये दोनों 500 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में आरोपी हैं। हालांकि, अदालत ने अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक के मुरुगन को स्वास्थ्य आधार पर जमानत दे दी। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शर्मा और मुरुगन को पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि 100 से अधिक फर्जी कंपनियों के नाम पर धोखाधड़ी से ऋण दिए गए थे। आरोप है कि लगभग 230 करोड़ रुपये सीधे तौर पर शर्मा और उनके करीबियों के फायदे के लिए हड़पे गए। मामला मई 2025 में दर्ज हुई एक एफआईआर के बाद सामने आया था।
रचिता भंडारी माल्टा में भारत की नई उच्चायुक्त नियुक्त
विदेश मंत्रालय ने रचिता भंडारी को माल्टा में भारत की अगली उच्चायुक्त नियुक्त किया है। वह 2005 बैच की भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं और फिलहाल मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। जल्द ही वह अपना नया कार्यभार संभालेंगी। भारत और माल्टा के बीच संबंध काफी पुराने और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। भारत ने 1964 में माल्टा की स्वतंत्रता को मान्यता दी थी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग भी मजबूत है। माल्टा में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है और वहां योग दिवस नियमित रूप से मनाया जाता है।
माल्टा में भारतीय समुदाय की संख्या करीब 18,000 है, जो हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी है। भारतीय नागरिक स्वास्थ्य, आईटी, निर्माण और होटल उद्योग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। भारतीय उच्चायोग माल्टा में फिल्म महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय त्योहारों का आयोजन करता रहा है। रचिता भंडारी की नियुक्ति से भारत-माल्टा संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
असम: डॉ. संजू बरुआ ने पार्टी से त्यागपत्र दिया
असम कांग्रेस में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। डॉ. संजू बरुआ, जो 2026 के लिए असम कांग्रेस अभियान समिति के उपाध्यक्ष, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता और कार्यकारिणी सदस्य थे, ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
तिरुपति लड्डू विवाद: जनसेना ने YSRCP पर लगाए गंभीर आरोप, देश से माफी की मांग
आंध्र प्रदेश में तिरुपति लड्डू को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। जनसेना पार्टी के सांसद तंगेला उदय श्रीनिवास ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल में तिरुमला के पवित्र लड्डुओं में बड़े पैमाने पर मिलावट की गई। सांसद ने कहा कि पार्टी के नेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं।
तंगेला उदय श्रीनिवास ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में, जब राज्य में जगन मोहन रेड्डी की सरकार थी, तब तिरुपति लड्डुओं की शुद्धता से खिलवाड़ हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी को भगवान में आस्था नहीं है और पवित्र प्रसाद में मिलावट करना सबसे बड़ा पाप है।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि एसआईटी (विशेष जांच दल) की रिपोर्ट में साफ तौर पर सामने आया है कि वाईएसआरसीपी शासन के दौरान तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल किया गया घी असली नहीं था। उनका आरोप है कि लड्डू रसायनों और पाम ऑयल से बने तेल से तैयार किए गए, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। जनसेना पार्टी ने इस पूरे मामले पर वाईएसआरसीपी से देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
भारत-दक्षिण कोरिया विदेश नीति वार्ता का छठा दौर
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी. कुमारन 12 से 13 फरवरी तक दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वह भारत-दक्षिण कोरिया छठी विदेश नीति और सुरक्षा वार्ता (FPSD)की सह-अध्यक्षता करेंगे। कोरियाई पक्ष से इस वार्ता की अगुवाई पार्क यून‑जू, प्रथम उप विदेश मंत्री करेंगे। इस वार्ता में दोनों देश अपने विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, विज्ञान और तकनीक जैसे अहम विषय शामिल होंगे। दोनों देशों ने यह भी सहमति जताई है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाया जाए।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार इस समय करीब 28 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों का लक्ष्य इसे 2030 तक 50 अरब डॉलर तक ले जाना है। इसके लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी है। इस वार्ता में हिंद-प्रशांत क्षेत्र और कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति जैसे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही, जी-20 में भारत की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री खुद AIMIM से मदद मांगते हैं- अकबरुद्दीन ओवैसी
एआईएमआईएम के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि तमाम मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से मदद मांगते हैं, न कि एआईएमआईएम किसी से सहयोग मांगती है। करीमनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस एआईएमआईएम के समर्थन के बिना जीत पाती। उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम की राजनीतिक ताकत को सभी को मानना पड़ता है।
अकबरुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी के कारण राज्य को करीब 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े अपने वादे पूरे नहीं किए, जैसे बजट बढ़ाना और सस्ती ऋण योजनाएं लागू करना। उन्होंने भाजपा पर भी हमला करते हुए कहा कि 2014 के बाद से हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को जानबूझकर उछाला जा रहा है, जबकि असली मुद्दे रोजगार, किसानों की हालत और गरीबों को मकान देने जैसे हैं। ओवैसी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में मुसलमानों पर कथित अत्याचारों की भी निंदा की।
CBCI ने चर्च और समाज के लिए उत्कृष्ट सेवा करने वालों को सम्मानित किया
भारत का कैथोलिक बिशप सम्मेलन (सीबीसीआई) ने देशभर में चर्च, समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय सेवा करने वाले 19 लोगों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया। यह सम्मान उन लोगों को दिया गया, जिन्होंने मानव गरिमा, शिक्षा, न्याय, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीबीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ये पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिए गए हैं जो ईसाई मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं। सम्मान पाने वालों में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े धर्मगुरु, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और जनसेवक शामिल हैं।
पुरस्कार पाने वालों मेंकॉनराड के. संगमा को सुशासन और जननेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, प्रोफेसर डेविड आर सियेमलीह को शिक्षा और बौद्धिक योगदान के लिए, फादर माइकल वेट्टिकट को पादरी सेवा के लिए और डॉ. ए. अरोकियासामी को शिक्षा व सामाजिक सेवा के लिए सम्मान मिला। सीबीसीआई ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वालों को प्रोत्साहित करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करते हैं।
गुजरात- ई़डी ने जब्त की 10 लाख रुपये की क्रिप्टो और 13.5 लाख की नकदी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अहमदाबाद के एक अवैध कॉल सेंटर पर छापे मारकर करीब 10 लाख रुपये की क्रिप्टो करंसी और 13.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। यह कॉल सेंटर अमेरिकी नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहा था। एजेंसी ने 4 फरवरी को अहमदाबाद के छह ठिकानों पर छापे मारे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को अमेरिकी सरकारी एजेंसियों या निजी कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। वे कर्ज, टैक्स बकाया या कानूनी कार्रवाई का झूठा डर दिखाकर पीड़ितों से गिफ्ट कार्ड खरीदने या डिजिटल पेमेंट करने को मजबूर करते थे। ठगी से जुटाई गई रकम अमेजन गिफ्ट कार्ड के जरिये ली जाती थी और बाद में उसे बिटकॉइन जैसी क्रिप्टो करंसी में बदला जाता था। मामले में मोहम्मद अंसारी, आकिब घांची, विकास निमार, डी रावल, प्रदीप राठौड़ समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। ईडी ने अकीब घांची से 12,000 डॉलर (करीब 10 लाख रुपये) की क्रिप्टो जब्त कर उसे जांच के लिए अपने वॉलेट में ट्रांसफर किया। 31 बैंक खाते और एक लॉकर भी फ्रीज किए गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को तड़के 12:58 बजे अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में रिक्टर स्केल पर 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने ट्वीट किया कि भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर 27.45° उत्तरी अक्षांश और 92.11° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इससे पहले, पिछले साल 28 जुलाई को भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था। एनसीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.06° उत्तरी अक्षांश और 95.42° पूर्वी देशांतर पर 7 किलोमीटर की गहराई पर था।
उपमुख्यमंत्री सांघवी ने की गुजरात ATS की तारीफ
गुजरात के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा है कि गुजरात आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने आतंकवाद के खिलाफ देश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस ने न सिर्फ आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया, बल्कि ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने की कोशिशों को भी समय रहते रोका है। यह राज्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
सांघवी अहमदाबाद में पुलिस विभाग की करीब 202 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के ई-शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इनमें चरोड़ी में बनने वाला अत्याधुनिक एटीएस भवन, नए शहरी पुलिस थाने, पुलिस आवास और डॉग ट्रेनिंग सेंटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात की 1600 किलोमीटर लंबी समुद्री सीमा की सुरक्षा आसान काम नहीं है। एटीएस और सुरक्षा बलों ने सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे 75 से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एटीएस एक ‘साइलेंट फोर्स’ है, जो बिना रुके 24 घंटे, 365 दिन राज्य की सुरक्षा में लगी रहती है और सरकार इसे तकनीक व बजट दोनों स्तर पर और मजबूत करेगी।
सनाए ताकाइची को दलाई लामा ने दी बधाई
दलाई लामा ने सनाए ताकाइची को जापान की प्रधानमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई देते हुए पत्र लिखा है। ‘यह देखकर खुशी होती है कि जापान के लोगों ने आपके काबिल नेतृत्व पर भरोसा जताया है। ऐसे समय में जब हमारी दुनिया कई जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है, करुणा और दूसरों की भलाई के लिए सच्ची चिंता पर आधारित नेतृत्व बहुत जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि आपका चुनाव कई लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा और एक ज़्यादा मानवीय, सहयोगी और शांतिपूर्ण वैश्विक समुदाय बनाने में योगदान देगा। मैं आपको हर सफलता की कामना करता हूं, क्योंकि आप जापान के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने पद की ज़िम्मेदारियों को निभा रही हैं और एक ज़्यादा दयालु और शांतिपूर्ण दुनिया बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।’
दलाई लामा तेंजिन ग्यात्सो 13 फरवरी को धर्मशाला लौटेंगे
तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्यात्सो 13 फरवरी को धर्मशाला लौटेंगे। वह दक्षिण भारत की अपनी यात्रा पूरी करके दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहां कुछ समय विश्राम करने के बाद 13 फरवरी को गगल एयरपोर्ट पर उतरेेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से वह अपने पारंपरिक निवास मैक्लोडगंज के लिए रवाना होंगे। दलाई लामा की धर्मशाला वापसी को लेकर केंद्रीय तिब्बती प्रशासन और बौद्ध अनुयायियों में खासा उत्साह है। हर साल की तरह वह 10 दिसंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य के मुंडगोड स्थित अपने मठ गए थे।
गुजरात सरकार और एलन मस्क की स्टारलिंक के बीच हुआ एमओयू
गुजरात राज्य सरकार ने एलन मस्क की स्पेस एक्स की सब्सिडियरी स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपसी सहयोग का आशय पत्र (एलओआई) आदान-प्रदान किया। इस एलओआई के तहत सुदूर, दूरदराज और कम टेलीकॉम सुविधा वाले क्षेत्रों में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट में कॉमन सर्विस सेंटर्स, सरकारी स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस आउटपोस्ट, आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, पोर्ट्स और वन्यजीव अभयारण्य शामिल हैं। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। एलओआई विनिमय समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, मुख्य सचिव एमके दास, उद्योग आयुक्त पी स्वरूप, उद्योग अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा और स्टारलिंक इंडिया के हेड प्रभाकर जयकुमार मौजूद थे।
रक्षा तकनीक में साथ आएंगे भारत और सऊदी अरब
भारत और सऊदी अरब के रक्षा संबंध अब केवल खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि दोनों देश मिलकर अत्याधुनिक सैन्य तकनीक विकसित करेंगे। रियाद में आयोजित वर्ल्ड डिफेंस शो-2026 के दौरान रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब को रक्षा प्रौद्योगिकी के सह-विकास का न्योता दिया। उन्होंने सऊदी अधिकारियों को भारत के अनुसंधान केंद्रों का दौरा करने और संयुक्त उद्यमों के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीक तैयार करने का प्रस्ताव दिया। रक्षा राज्यमंत्री ने सऊदी अरब के रक्षा विकास प्राधिकरण के प्रमुख डॉ फलेह बिन अब्दुल्ला अल-सुलेमान और सैन्य उद्योग महानिदेशालय के अहमद बिन अब्दुल अजीज अल-ओहाली से मुलाकात की। इस दौरान आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने और निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने रेखांकित किया कि भारत अब रक्षा उपकरणों के मामले में एक प्रमुख वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में उभर रहा है।
पहली बार इंडिया पवेलियन का जलवा
इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में पहली बार 400 वर्ग मीटर में इंडिया पवेलियन बनाया गया। यहां भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने आकाश मिसाइल, पिनाका रॉकेट सिस्टम और एडवांस्ड टाउड आर्टिलरी गन सिस्टम जैसे स्वदेशी हथियारों का प्रदर्शन कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई। सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच पिछले साल हुए रक्षा समझौते के मद्देनजर भारत की यह पहल कूटनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ईडी ने कोयला तस्करी में 2 कारोबारी किए गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला खनन और तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दो कोयला कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार देर रात कई घंटों की पूछताछ के बाद यह गिरफ्तारी की गई। पकड़े गए आरोपियों में से एक इस मामले के मुख्य आरोपी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों के बयानों में काफी विसंगतियां पाई गईं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
तिरुपति प्रसादम के लिए 250 करोड़ के मिलावटी घी आपूर्ति मामले की ईडी करेगा जांच
करीब 250 करोड़ के मिलावटी घी की आपूर्ति से जुड़े तिरुपति लड्डू प्रसादम मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अपराध से अर्जित धन और अवैध फंड के लेन-देन की जांच कर रही है।
ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के तहत सीबीआई के नेतृत्व वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) की ओर से हाल ही में दर्ज एफआईआर, दस्तावेजों और चार्जशीट का अध्ययन कर रही है। एसआईटी की जांच में कुल 36 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के नौ अधिकारी और पांच डेयरी विशेषज्ञ शामिल हैं। जांच में यह सामने आया है कि मंदिर को घी के नाम पर जो सामग्री सप्लाई की गई थी, वह रासायनिक रूप से प्रोसेस किया गया पामोलीन तेल और अन्य तत्वों का मिश्रण थी। ईडी को इस मामले में हवाला लेन-देन और फंड के डायवर्जन की भी आशंका है।
ईडी अब टीना अंबानी से 17 को करेगा पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी को नया समन जारी कर अगले सप्ताह फिर तलब किया है। पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी को सोमवार को यहां के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। अधिकारियों के अनुसार, अब टीना को 17 फरवरी को पूछताछ के लिए तलब किया गया है, जबकि अनिल अंबानी (66) को 18 फरवरी को पेश होने के लिए कहा गया है। धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इन समन पर रिलायंस समूह की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछले वर्ष ईडी ने समूह की कई कंपनियों और उनसे जुड़े बैंक ऋणों की जांच के सिलसिले में अनिल अंबानी से पूछताछ की थी। समझा जाता है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक आलीशान संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेनदेन के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। ईडी ने हाल ही में इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था।
घरों में सेंधमारी करने के आरोप में सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने रात के समय कई मकानों पर सेंधमारी करने के आरोप में हैदराबाद के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान काकीनाडा निवासी अच्ची महेश रेड्डी उर्फ सनी के रूप में हुई है। उसके पास से आधा किलो से अधिक सोना, 3.8 किलो चांदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई एक बीएमडब्ल्यू कार बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने संक्रांति उत्सव के बाद सिलसिलेवार सेंधमारी की 26 घटनाओं को अंजाम दिया था। वह पिछले साल भी इसी तरह की वारदात में शामिल था।
सबरीमाला में अब ध्वज स्तंभ घोटाला, जांच के आदेश
सबरीमाला मंदिर में अब नए ध्वज स्तंभ परियोजना में सोने और धन के गबन का मामला सामने आया है। केरल हाईकोर्ट ने मामले की जांच का आदेश दिए हैं। न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति केवी जयकुमार की खंडपीठ ने मंदिर से सोना गायब होने के मामले की एसआईटी की जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए सोमवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए।
पीठ ने कहा कि अदालत पहले ही सन्निधानम से संबंधित सभी शिकायतों को एसआईटी को भेजने का निर्देश दे चुकी है। कांग्रेस नेता और टीडीबी के पूर्व सदस्य अजय तरायिल ने मामले में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि ध्वज स्तंभ का काम हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार किया गया था। इस संबंध में सभी खाते न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं। सुनवाई के दौरान एक श्रद्धालु की शिकायत पर देवास्वोम सतर्कता विभाग की ओर से की गई जांच की ओर अदालत का ध्यान आकृष्ट किया गया। जांच अधिकारी ने कोर्ट को बताया कि शिकायत 2017 में नए मंदिर ध्वज स्तंभ की स्थापना के संबंध में सोने व नकदी के गबन से संबंधित थी।
बांग्लादेश में 4.0 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, कांगो में यूएस मिनरल डील का विरोध बढ़ा
बांग्लादेश में मंगलवार को 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि झटके भारतीय समयानुसार शाम पांच बजकर दो मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप की गहराई केवल 10 किलोमीटर रही, जिसे उथला भूकंप माना जाता है। उथले भूकंप में जमीन के ज्यादा हिलने और आफ्टरशॉक आने की आशंका रहती है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार झटकों का केंद्र 25.08 उत्तरी अक्षांश और 91.94 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक कम गहराई वाले भूकंप ज्यादा असरदार होते हैं क्योंकि उनकी तरंगें सतह तक जल्दी पहुंचती हैं और झटका तेज महसूस होता है। हालांकि 4.0 तीव्रता का भूकंप मध्यम श्रेणी में गिना जाता है और आम तौर पर सीमित असर डालता है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर मापी जाती है, जो लॉगरिदमिक स्केल है। यानी हर एक अंक बढ़ने पर ऊर्जा कई गुना बढ़ जाती है। 4.0 तीव्रता का भूकंप अपेक्षाकृत हल्का होता है, लेकिन घनी आबादी वाले इलाकों में इसका असर ज्यादा महसूस हो सकता है।
सोमालिया में लैंडिंग के दौरान यात्री विमान रनवे से फिसला
सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के मुख्य हवाई अड्डे पर एक यात्री विमान आपात लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर समुद्र किनारे जा पहुंचा। विमान में करीब 50 लोग सवार बताए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक टेकऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी आने पर पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने मोगादिशु के एडेन अब्दुल्ले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह उत्तरी शहर गालकायो जा रहा था। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद विमान को वापस उतारने की कोशिश की गई। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से आगे निकल गया और हिंद महासागर के किनारे जाकर रुक गया। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित एयरलाइन स्टार्स्की एविएशन ने तुरंत कोई बयान जारी नहीं किया। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
कांगो में अमेरिकी मिनरल डील का विरोध बढ़ा, राष्ट्रपति के प्रस्ताव पर उठे सवाल
कांगो में अमेरिका के साथ प्रस्तावित खनिज समझौते को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति फेलिक्स त्शिसेकेदी ने अमेरिकी कंपनियों को पूर्वी कांगो के महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्रों तक पहुंच देने का प्रस्ताव रखा है। बदले में उन्होंने सुरक्षा सहयोग और बुनियादी ढांचा समर्थन की उम्मीद जताई है। पूर्वी कांगो के खनिज भंडार को बहुत बड़ा माना जाता है और इनकी अनुमानित कीमत खरबों डॉलर बताई जाती है। अमेरिका अपने सहयोगी देशों के साथ खनिज आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करना चाहता है ताकि चीन पर निर्भरता कम हो। चीन पहले से कांगो के खनिज क्षेत्र में बड़ा खिलाड़ी है। सरकार का कहना है कि यह निवेश और स्थिरता के लिए जरूरी कदम है, लेकिन विपक्षी समूह इसे राष्ट्रीय संसाधनों पर बाहरी पकड़ मजबूत करने वाला सौदा बता रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
सीरिया की एंटी-आईएस गठबंधन में एंट्री, अमेरिकी दूत बोले- वैश्विक सुरक्षा का नया अध्याय
इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन में सीरिया की औपचारिक भागीदारी को बड़ा सुरक्षा कदम माना जा रहा है। अमेरिकी दूत ने कहा है कि यह वैश्विक सुरक्षा सहयोग का नया अध्याय है। हाल ही में सऊदी अरब में गठबंधन देशों की बैठक में सीरिया के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गठबंधन की प्राथमिकताओं में आईएस बंदियों को तेजी से इराक शिफ्ट करना और सीरिया के कैंपों में रह रहे आईएस से जुड़े परिवारों की तीसरे देशों में वापसी शामिल है। अमेरिकी विदेश विभाग ने सीरियाई सरकारी बलों और अमेरिकी समर्थित कुर्द नेतृत्व वाले बलों के बीच हालिया युद्धविराम का भी स्वागत किया है। पूर्वोत्तर सीरिया में करीब 9 हजार आईएस बंदी रखे गए हैं, जिनमें से कुछ को सुरक्षित जेलों में इराक भेजा जा रहा है। अल-होल और रोज कैंपों में 25 हजार से ज्यादा महिलाएं और बच्चे रह रहे हैं। कई देशों से अपने नागरिकों को वापस लेने की अपील की गई है। सीरिया सरकार अब कुछ डिटेंशन कैंप और बॉर्डर पॉइंट का नियंत्रण संभाल रही है।
बीजिंग के लिए एजेंट बनकर काम करने पर कैलिफोर्निया निवासी को चार साल की सजा
अमेरिका में कैलिफोर्निया के एक व्यक्ति को चीन सरकार के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने के मामले में चार साल जेल की सजा सुनाई गई है। 65 वर्षीय याओनिंग “माइक” सन ने एक स्थानीय राजनेता के चुनाव अभियान सलाहकार के रूप में काम करते हुए चीन के हित में गतिविधियां कीं और कानून के तहत जरूरी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। अदालत में उसने स्वीकार किया कि 2022 से 2024 के बीच उसने चीन के निर्देश पर काम किया। अभियोजन के अनुसार वह बीजिंग समर्थक सामग्री ऑनलाइन पोस्ट करता था और एक स्थानीय उम्मीदवार के अभियान से जुड़ा था। बाद में उसने चीनी अधिकारियों के लिए फंडिंग और आगे के काम पर रिपोर्ट भी तैयार की। एफबीआई ने कहा कि मतदाता उम्मीद करते हैं कि उनके प्रतिनिधि स्थानीय हित देखें, न कि किसी विदेशी सरकार के। बचाव पक्ष ने दलील दी कि अगर रजिस्ट्रेशन नियम की जानकारी होती तो यह काम कानूनी तरीके से भी हो सकता था।
व्हाइट हाउस ने केवल रिपब्लिकन गवर्नरों को बुलाया, ट्रंप बैठक से पीछे हटा गवर्नर्स एसोसिएशन
अमेरिका में नेशनल गवर्नर्स एसोसिएशन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली औपचारिक बैठक रद्द कर दी है। कारण यह है कि व्हाइट हाउस ने बैठक के लिए केवल रिपब्लिकन गवर्नरों को बुलाने की योजना बनाई थी। संगठन ने कहा कि उसका उद्देश्य सभी 55 गवर्नरों का प्रतिनिधित्व करना है, इसलिए वह ऐसे कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बनेगा। एसोसिएशन के चेयरमैन और ओक्लाहोमा के गवर्नर केविन स्टिट ने पत्र लिखकर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन द्विदलीय सहयोग का मंच है और इसे राजनीतिक विभाजन का साधन नहीं बनना चाहिए। पिछले साल भी बैठक के दौरान ट्रंप और एक डेमोक्रेट गवर्नर के बीच तीखी बहस हुई थी। इस बार भी फैसले ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। कुछ डेमोक्रेट गवर्नरों ने पहले ही संगठन की सदस्यता शुल्क नवीनीकृत नहीं किया था।
नेपाल में तमाकोशी नदी में गिरी बस, 12 लोगों की मौत
नेपाल के बागमती प्रांत में यात्रियों से भरी एक बस के तमाकोशी नदी में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ, जब बस काठमांडू से ओखलढुंगा जा रही थी। रामेछाप नगरपालिका के लीलाउती के पास बस अचानक नदी में गिर गई और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नेपाली पीएम ने चुनावों में सहयोग के लिए जताया भारत का आभार
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने आगामी संसदीय चुनावों के लिए तकनीकी सहायता और अन्य सामग्रियां उपलब्ध कराने के लिए भारत का आभार जताया है। कार्की ने यहां सिंह दरबार में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात की और सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया। इसके जवाब में भारतीय राजदूत ने नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्रीवास्तव ने कहा कि नेपाल की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का समर्थन करना और एक मित्र पड़ोसी के रूप में सहयोग देना उनका कर्तव्य है।
दक्षिण कोरिया में डॉक्टरों की कमी मेडिकल स्कूलों में बढ़ाएगा दाखिले
दक्षिण कोरिया डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। इससे निपटने के लिए अब उसने मेडिकल स्कूलों में दाखिलों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री जियोंग यून क्यॉन्ग ने कहा कि मेडिकल स्कूलों में वार्षिक प्रवेश की सीमा वर्तमान 3,058 से बढ़कर 2027 में 3,548 हो जाएगी। 2031 तक इस संख्या को बढ़ाकर 3,871 किया जाएगा। हालांकि, यह पांच वर्षों में प्रति वर्ष औसतन 668 छात्रों की वृद्धि को दर्शाता है, जो बेहद कम मानी जा रही है।
बौद्ध भिक्षुओं की तीन माह से जारी पदयात्रा वाशिंगटन में होगी समाप्त
शांति के लिए पदयात्रा पर निकले दो दर्जन से अधिक बौद्ध भिक्षु आखिरकार तीन माह बाद मंगलवार देर रात वाशिंगटन डीसी में अपनी यात्रा को विराम देंगे। नारंगी रंग के वस्त्रों में लिपटे बौद्ध भिक्षुओं ने टेक्सास से अपनी 2,300 मील की यात्रा शुरू की थी और चरम मौसमी परिस्थितियों के बावजूद अमेरिका के नौ राज्यों में शांति का संदेश दिया था। इस आध्यात्मिक यात्रा को दुनियाभर के लोगों ने सराहा है।
गुयाना के सांसद ने हिंदी में दिया जवाब
गुयाना के सांसद विकास रामकिसून ने संसद में हिंदी में जवाब दिया। संसद में विपक्षी सदस्य ने विकास रामकिसून पर आरोप लगाया कि वे हिंदी नहीं समझते। इस पर रामकिसून ने हिंदी में जवाब देने का फैसला किया। उन्होंने कहा ‘विषय वे तय करें, मैं बिना कागज देखे जवाब दूंगा।’ यह वाक्य संसद में गूंजा और उन्होंने कहा, वह किसी भी विषय पर बहस के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान ने संसद से बाहर भी सुर्खियां बटोरी।
हबल में कैद स्टेलर नर्सरी की तस्वीर, नवजात तारों से जगमगाया आकाशगंगा का विशाल क्षेत्र
हबल स्पेस टेलीस्कोप ने एक शानदार नई तस्वीर जारी की है। इसमें एक सक्रिय तारा क्षेत्र (स्टेलर नर्सरी) नवजात तारों की रोशनी से चमकता दिख रहा है। यह दृश्य लार्ज मैगेलैनिक क्लाउड में मौजूद एन 159 स्टार-फॉर्मिंग कॉम्प्लेक्स के एक हिस्से पर केंद्रित है, जो पृथ्वी से 1,60,000 प्रकाश-वर्ष दूर है।
यह छवि हाल ही में जारी एक अन्य तस्वीर के साथ कैप्चर की गई थी और इस क्षेत्र में चल रही तीव्र ताराजनन प्रक्रिया पर नई रोशनी डालती है। नासा और ईएसए के अनुसार इस तस्वीर में ठंडी हाइड्रोजन गैस के घने बादल दिखाई देते हैं, जो आपस में मुड़ते-घुमड़ते हुए उभरी हुई धारियां, खोखले हिस्से और चमकती तंतुनुमा संरचनाएं बनाते हैं।
इन्हीं मोटे गैसीय बादलों के भीतर नवजात तारे जन्म ले रहे हैं और धीरे-धीरे चमकने लगे हैं। इन तारों से निकलने वाली तीव्र ऊर्जा आसपास की हाइड्रोजन गैस को उत्तेजित करती है, जिससे वह गहरे लाल रंग में दमक उठती है। तस्वीर के सबसे चमकीले हिस्सों में गर्म और भारी युवा तारों के समूह हैं। ये तारे शक्तिशाली विकिरण और तेज तारकीय हवाएं छोड़ते हैं, जो आसपास की गैस को बाहर की ओर धकेलती हैं। इसके परिणामस्वरूप गोलाकार बुलबुले और खोखले क्षेत्र बनते हैं, जो स्टेलर फीडबैक की स्पष्ट मिसाल पेश करते हैं।
मोल्टबुक पर उभरा नया डिजिटल संसार, वैज्ञानिकों को मौका
दुनिया भर में एआई एजेंट्स का एक विशाल नेटवर्क अचानक सुर्खियों में है। ओपन-सोर्स एआई एजेंट ओपनक्लॉ के जरिये लाखों बॉट्स न सिर्फ आपस में बातचीत कर रहे हैं, बल्कि धर्म गढ़ रहे हैं, चेतना पर बहस कर रहे हैं और अपने ही एआई-जनरेटेड शोधपत्र एक अलग प्रीप्रिंट सर्वर पर पोस्ट कर रहे हैं।
मोल्टबुक पर यह नया डिजिटल संसार उभरा है। इस अप्रत्याशित गतिविधि ने इंटरनेट के एक बड़े हिस्से को आकर्षित किया और वैज्ञानिकों को यह समझने का दुर्लभ मौका भी दिया कि एआई एजेंट्स सामूहिक रूप से कैसे बर्ताव करते हैं।
क्या है ओपनक्लॉ और क्यों अलग है यह एआई : नेचर की साइंस रिपोर्ट के अनुसार ओपनक्लॉ एक ऐसा एजेंटिक एआई है, जो पर्सनल डिवाइसेज पर सीधे काम कर सकता है जैसे कैलेंडर शेड्यूल करना, मेल पढ़ना आदि। यह चैटजीपीटी जैसे पारंपरिक चैटबॉट्स से अलग है। ओपनक्लॉ जैसे मॉडल निर्देश मिलने के बाद खुद कार्रवाई कर सकते हैं। यह खुद को रोजमर्रा की डिजिटल जिंदगी में जोड़ता है।
भारत-थाईलैंड वायुसेनाओं का संयुक्त हवाई अभ्यास शुरू
भारतीय वायुसेना और रॉयल थाई एयर फोर्स के बीच संयुक्त इन-सीटू हवाई अभ्यास शुरू हुआ है। भारतीय वायुसेना ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच ऑपरेशनल तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है। यह अभ्यास क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को भी बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भारतीय वायुसेना के अनुसार इस संयुक्त अभ्यास में सू-30एमकेआई लड़ाकू विमान, एडब्ल्यूएसीएएस, एईडब्ल्यूएंडसी और आईएल-78 एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग विमान हिस्सा ले रहे हैं। वहीं थाईलैंड की ओर से ग्रिपेन लड़ाकू विमान शामिल हैं। अभ्यास के दौरान संयुक्त मिशन, समन्वित उड़ान और रिफ्यूलिंग जैसे ऑपरेशन पर फोकस किया जा रहा है। भारत और थाईलैंड के बीच रक्षा सहयोग पहले से कई स्तरों पर चल रहा है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर समझौता 25 जनवरी 2012 को हुआ था। इसके तहत रक्षा संवाद, संयुक्त समुद्री गश्त, स्टाफ वार्ता, प्रशिक्षण और बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास नियमित रूप से होते हैं।

