Site icon अग्नि आलोक

*जमीन विवाद में हत्या: गुना में बीजेपी नेता ने किसान को थार से कुचलकर मारा, बेटियों के कपड़े फाड़े, मुख्य आरोपी अब भी फरार*

Share

फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में 6 बीघा जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में घायल रामस्वरूप नागर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी पूर्व सरपंच महेंद्र नागर फरार है। पुलिस ने मामला धारा 302 के तहत दर्ज किया है।जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में रविवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक को थार गाड़ी से कुचल दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो लड़कियां भी शामिल हैं।

घटना दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। घायल रामस्वरूप नागर (40) अपनी पत्नी विनोद बाई (38), पुत्री तनीषा (17) और कृष्णा (17) के साथ खेत पर जा रहा था। तभी पुराने जमीनी विवाद को लेकर गांव के ही महेन्द्र, जितेन्द्र, कन्हैयालाल, लोकेश, नवीन सहित करीब 10 से 15 लोग मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। 

मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना झगड़ा चल रहा था। रविवार दोपहर रामस्वरूप अपने खेत पर जा रहा था तो महेंद्र नागर और अन्य 10 से 15 आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रामस्वरूप को बचाने गए उसके भाई और दोनों बेटियों के साथ भी दुर्व्यवहार कर दिया, कपड़े फाड़ दिए। रामस्वरूप नागर पर थार गाड़ी चढ़ाने से उसके दोनों हाथ और पैर फैक्चर हो गए।

परिजन आनन-फानन में रामस्वरूप को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर करने का कहा। रेफर करने से पहले ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। हालांकि, रामस्वरूप की मौत के बाद अब पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 302 का इजाफा कर दिया है। मुख्य आरोपी महेंद्र नागर गणेशपुरा गांव से पूर्व सरपंच भी है और कई बड़े-बड़े राजनेताओं के साथ इसके फोटो भी वायरल हो रहे हैं

एसडीओपी विवेक अष्टाना ने बताया कि देर शाम रामस्वरूप नगर की मौत के बाद फतेहगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 302 का इजाफा कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version