भोपाल
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेताओं को अहंकार में डूबा बताया। उन्होंने कहा कि इनके नेता अति पिछड़ों को जाति सूचक गाली देते हैं और फिर माफी भी नहीं मांगते। इनके लिए अहंकार बड़ा हो गया और समझदारी छोटी। उन्होंने कांग्रेस का मतलब करप्शन, कमीशन, डिवीजन, भाई-भजीतावाद, परिवारवाद बताया। जबकि भाजपा का मतलब मिशन, समाज सेवा, महिला और समाज का सशक्तिकरण तथा रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति है, जो कहा वो किया, जो कहेंगे वो करके दिखाएंगे।
जेपी नड्डा ने भोपाल में बीजेपी के नए प्रदेश कार्यालय के लिए भूमिपूजन किया। इसके बाद मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में बीजेपी के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने मोदी सरकार और शिवराज सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां गिनाईं। कार्यकर्ताओं से कहा कि ये बातें वो जनता के बीच जाकर बताएं। आप तर्कों और मुद्दों के आधार पर जनता के बीच जाएं। ये गला खराब करने का नहीं, विरोधियों की हालत खराब करने का समय है। बता दें, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष का स्पीच के बीच गला बैठ गया था। तब शिवराज ने उन्हें पानी दिया था।
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह, सिंधिया, तोमर, विजयवर्गीय समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।
रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं गया
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के समर्थन में सत्याग्रह कर रहे कांग्रेस नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लोग सत्याग्रह कर रहे हैं। सत्याग्रह तो महात्मा गांधी ने किया था, भारत के सम्मान के लिए, भारत की अस्मिता के लिए, भारत में भारतीयता का राज हो इसके लिए। आप किस बात का सत्याग्रह कर रहे हो। जाति सूचक गाली देते हो। कोर्ट कहता है माफी मांगो। आपका अहंकार है, आप माफी नहीं मांगते हो। रस्सी जल गई बल नहीं गया, अहंकार नहीं गया। कहते हैं मैं किसी से नहीं डरता, अरे भाई संविधान और कानून से तो डरो, लेकिन नहीं। सत्याग्रह करने चले। देश इनको कभी माफ नहीं करेगा।
भूमि पूजन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा सपत्नीक बैठे।
विरोधी भी हमसे टकराने में असमर्थ महसूस करते हैं
जेपी नड्डा ने कहा कि 2014 में जब मोदी जी को संसदीय दल का नेता चुना गया था। तब वो पार्टी दफ्तर आए थे। उन्होंने पूछा था कि कहां-कहां पार्टी कार्यालय हैं। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हर जिले में पार्टी का एक अच्छा कार्यालय बने। आज की स्थिति में 290 दफ्तर बन चुके हैं। 115 बन रहे हैं। 123 कार्यालय के लिए जमीन ले ली गई है। जल्द कार्य शुरू होगा। भोपाल में बन रहा कार्यालय मोस्ट मॉर्डन कार्यालय होगा। बीजेपी का ऑफिस, ऑफिस नहीं, कार्यालय है, ये संस्कार केंद्र है, यहां कार्यकर्ता संस्कार लेता है। आज बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। हम कार्यकर्ता सम्मेलन भी करते हैं तो वो जनसभा बन जाती है। ये हमारी ताकत है। अब तो विरोधी भी हमसे टकराने में असमर्थ महसूस करते हैं, यह भारतीय जनता पार्टी की ताकत है।
पाकिस्तान वाले भी कह रहे हैं हमारे यहां मोदी होता: शिवराज
नर्मदापुरम-भोपाल संभागीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में CM शिवराज ने कहा, आज नड्डा जी शंख फूंकने आए हैं। जब कोविड था और लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे, तब नड्डा जी ने बीजेपी के लाखों कार्यकर्ताओं को सेवा में लगाया। नॉर्थ ईस्ट में एकतरफा जीत दिलाई। मध्यप्रदेश के जमाई नड्डा जी का स्वागत है। पीएम की तारीफ में कहा- हम ऐसे युग में पैदा हुए, जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। एक जमाना था, जब पिद्दी देश हमें आंख दिखाते थे, मोदी जी के पीएम बनने के बाद वैभवशाली भारत बना है। आज तो पाकिस्तान वाले भी कह रहे हैं कि या अल्लाह हमारे पास भी नरेंद्र मोदी होता। कमलनाथ पर हमला करते हुए कहा- बेईमान कमलनाथ ने हमारी सारी जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दी थीं।

स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मंत्री विश्वास सारंग ने नड्डा का स्वागत किया।
अब इंडिया इस इंडिया हो गया है: नड्डा
भोपाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रबुद्धजन समागम कार्यक्रम में शामिल हुए। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन में आयोजित समागम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ बोलने के तरीके में भी परिवर्तन आया। अंदाजा इस बात से लगाएं कि पहले हम इंडिया-पाकिस्तान की भाषा बोलते थे, लेकिन अब इंडिया इज इंडिया हो गया है। यह बदलाव भी बीजेपी की सरकार में हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि बदलते दौर में देश भी बदला। भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। पीएम मोदी सौ देशों में गए और संबंध बनाए। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के बनाने और सुधारने में मोदी जी ने बड़ा काम किया है।
भोपाल में भाजपा के प्रबुद्धजन समागम कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा, सत्यनारायण जटिया, राकेश सिंह प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय सहित राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी मौजूद हैं।
नड्डा ने अपनी बात अंतर्राष्ट्रीय संबंधों से शुरू की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय पीएम मोदी के निर्णयों कि विदेशों में भी तारीफ हुई। पुतिन ने मोदी जी को गुडडिसीजन मेकर बताया तो कई देशों ने सराहना की। ऐसा पहली बार हुआ जब दो देशों के बीच युद्ध को रुकवाया। युद्ध यूक्रेन और रूस के बीच हो रहा था। तब दोनों के ही देशों के नेताओं से बातचीत कर मोदी ने 22 हजार बच्चों की स्वदेश वापसी कराई तो 09 हजार दूसरे देशों के लोगों को भी छुड़वाया। देश के इतिहास में ऐसा दूसरा कोई प्रधानमंत्री नहीं हुआ जिसने इस स्तर पर देश को पहुंचाया हो। आज भारत बोलता है तो सारी दुनिया सुनती है। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में योगा डे मनाया जा रहा है। भारतीय संस्कृति का लोहा पूरा विश्व मान रहा है।
दुनिया की इकोनॉमी सिकुड़ रही थी तब भारत बढ़ रहा था
समागम को संबंधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कोरोना महामारी हो या यूक्रेन युद्ध। तब दुनिया की इकोनॉमी सिकड़ गई थी। लेकिन यह भारत है जिसकी अर्थव्यवस्था भी बढ़ रही है। मोदी सरकार की सही नितियों और निर्णयों ने देश को आगे ले जाने का काम किया। विश्व स्तरीय विपरीत हालातों में भी देश प्रगति पथ पर था।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा-जब नड्डाजी का दौरा तय हुआ, तब उन्होंने कहा था कि प्रबुद्धजनों से मिलने का अवसर मिलता है तो अच्छा लगेगा। यहां अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले प्रबुद्धजन मौजूद हैं। उन्होंने कहा- आजादी के अमृत काल में समाज के प्रबुद्धजनों के मार्गदर्शन और आपकी कल्पनाओं के आधार पर भाजपा अपनी भूमिका तय करती है। मन की बात में प्रधानमंत्री ने समाज में काम कर रहे व्यक्तियों, प्रबुद्धजनों के बारे में बताया। आज प्रधानमंत्री ने ऑर्गेन डोनेशन को लेकर चर्चा की।
मप्र भी तेजी से आगे बढ़ रहा है-CM शिवराजसिंह चौहान
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- हमारा देश नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चारों तरफ से आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व में मप्र भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। जब हमारी पार्टी ने मप्र में सरकार संभाली तब जीएसडीपी 70 हजार करोड़ रुपए थी। अब डेढ लाख करोड़ रुपए हो गई है। हमने कैपिटल एक्पेंडिचर को घटने नहीं दिया। पीएम ने आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया। हमने आत्मनिर्भर मप्र बनाया। आज हमने 4 लाख किमी सड़के बनाकर दीं हैं। अटल एक्सप्रेस वे, नर्मदा एक्सप्रेस वे, विंध्य एक्सप्रेस वे बना रहे हैं। भोपाल इंदौर में मेट्रो, उज्जैन में केबिल कार शुरू कर रहे हैं। आज मप्र में 45 हजार हेक्टेयर रकवे की सिंचाई हो रही है। पेयजल का इंतजाम, महाकाल लोक, एकात्म धाम बनाने का काम कर रहे हैं। मप्र अब लगातार गरीब कल्याण, किसानों, बहनों के कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है। लाड़ली बहना योजना से बहनों के स्वास्थ्य और सम्मान बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
भारतीय इकॉनमी ने 10 से 5 वें पायदान पर लगाई छलांग
नड्डा ने कहा कि नीतियों के परिवर्तन से देश आगे बढ़ता है। मोदी सरकार के निर्णयों ने भारतीय इकॉनोमी को दसवें से पांचवें पायदान पर लाकर खड़ा किया है। यूपीए सरकार के समय सिर्फ घोटालों की चर्चा होती थी। यह भी सब जानते हैं कि टिटनेस की दवा बनाने में 25 सालों का लंबा समय लगा। ऐसी बीमारियों की सूची भी लंबी है जिनकी दवाओं को बनाने में 30-30 सालों का समय लगा। मोदी सरकार के दौरान भारत में कोरोना महामारी आई। पीएम मोदी ने टास्क फोर्स बनाकर इस फील्ड में रिसर्च करने वाली कंपनियों को निर्देश दिया। दो-दो स्वदेशी वैक्सीन खोज कर तैयार की गईं। करोड़ों वैक्सीन के डोज लगाए गए। सौ देशों को भारत ने वैक्सीन पहुंचाई। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तब वैक्सीन पर भी सवाल उठाए गए। कहा गया कि यह बीजेपी का टीका है। जिन्होंने सवाल खड़े किए उन्होंने भी चुपके-चुपके उस वैक्सीन को लगवाया जो बीजेपी सरकार में लाई गई थी।
नड्डा ने नारा दिया- इस बार 200 पार
इससे पहले भोपाल पहुंचने पर गांधी नगर में हुए स्वागत समारोह में नड्डा ने कहा- राजा भोज की नगरी में आना मेरा सौभाग्य है। जिस तरह से यहां मेरा स्वागत हुआ, उत्साह दिखा, यह उत्साह आने वाले समय का संदेश दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा- इस उत्साह को लक्ष्य में बदलकर इस बार 200 पार करना है। 51% से ज्यादा वोट से हम मध्यप्रदेश में आएंगे।
दिग्विजय खेमे की सीनियर लीडर मोना BJP में शामिल
दिग्विजय खेमे की सीनियर लीडर मोना BJP में शामिल
कांग्रेस नेता मोना सुस्तानी बीजेपी में शामिल हो गईं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सीएम शिवराज चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे। बीजेपी जॉइन करने के बाद मोना सुस्तानी ने कहा, मैं 30 साल से लगातार सेवा कर रही हूं। अब मुझे लगता है कि जो स्तर है मेरा, उस क्षमता के अनुसार मैं कार्य नहीं कर पा रही। इसीलिए मुझे निर्णय लेना पड़ा। जनसेवा के लिए बीजेपी में आई हूं। कांग्रेस में ऐसा नहीं हो पा रहा था। राजगढ़ में दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोना बड़ा चेहरा होंगी? इसके जवाब में कहा- मैं खिलाफ नहीं हूं। बस जनसेवा करना है।
बीजेपी से निष्कासित प्रीतम लोधी की भी बीजेपी में वापसी हुई है। वहीं बसपा नेता उषा चौधरी ने भी BJP जॉइन की है।
भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा।सन सिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ सुनने शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पेरेंट्स भी पहुंचे। दिसंबर 2021 में तत्कालीन CDS बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश में वरुण शहीद हुए थे। इनका परिवार भी कार्यक्रम स्थल सनसिटी कैम्पस में ही रहता है।
भोपाल में ऐसा होगा BJP का प्रदेश कार्यालय
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को भोपाल में नए भाजपा प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन किया। हाईटेक बीजेपी की हाईराइज बिल्डिंग 11 मंजिला होगी। चार सौ गाड़ियों के लिए यहां अत्याधुनिक पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही ऑडिटोरियम में 1 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था भी होगी।