एस पी मित्तल, अजमेर
देवर्षि नारद सम्मान समारोह समिति की ओर से अजमेर में 15 मई को जिला स्तर पर पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी के स्वराज सभागार में दोपहर 3 बजे से होने वाले देवर्षि नारद पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता जगत में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के चयनित पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। ब्रह्माण्ड के आद्य संवाददाता देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर होने वाले समारोह का आयोजन एमडीएस यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।विभाग प्रचार प्रमुख भूपेंद्र उबाना ने बताया कि समारोह में सम्मानित करने के लिए अजमेर जिले के उन सभी पत्रकारों की प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। इनमें से सम्मानित होने वाली प्रविष्टियों के चयन के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। इस निर्णायक मंडल में दैनिक भास्कर के संपादक डॉ. रमेश अग्रवाल, अधिवक्ता जगदीश राणा, उमरदान लखावत, शिक्षाविद् सुरेंद्र अरोड़ा, प्रसिद्ध ब्लॉगर एसपी मित्तल और स्वामी न्यूज के कंवल प्रकाश किशनानी शामिल हैं। समारोह के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध पत्रकार श्रीपाल शक्तावत होंगे। 1989 से पत्रकारिता में सक्रिय शक्तावत लिंग जांच और भ्रूण हत्या पर स्टिंग ऑपरेशन से देश विदेश में चर्चा में रहे थे। उन्हें रेडियो, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई सम्मान भी मिल चुके हैं। समारोह में अजमेर जिले के सभी मीडियाकर्मी भी आमंत्रित हैं। इस साल उपखंड स्तर के पत्रकारों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। उल्लेखनीय है कि देवर्षि नारद सम्मान समारोह समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष देश भर में जिला स्तर पर इस प्रकार का पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। कोरोना के कारण पिछले दो वर्षों से इस समारोह का आयोजन नहीं हो पाया था। जयंती के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9511594284 तथा 7412029005 पर ली जा सकती है।
अजमेर में 15 मई को पत्रकारों के सम्मान के साथ मनाई जाएगी नारद जयंती

