Site icon अग्नि आलोक

न्यूज ब्रीफ:गलवान पर पहली बार चीन का कबूलनामा, नासा का मंगल मिशन कामयाब और कोहली ने किया डिप्रेशन का खुलासा

Share

जम्मू-कश्मीर में किस आतंकी संगठन ने खुलेआम गोलियां बरसाईं? मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नींद क्यों उड़ी? बंगाल के कोर्ट ने गृह मंत्री अमित शाह को समन क्यों किया? जानिए सभी जरूरी खबरें। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ।

सबसे पहले देखते हैं मार्केट का हाल…

आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर..

देश-विदेश
आतंकी ने बीच बाजार गोलियां बरसाईं, दो जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार दोपहर एक आतंकी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसमें 2 जवान शहीद हो गए। घटना बारजुल्ला में हुई। आतंकी हमला एक दुकान पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में दिख रहा है कि एक आतंकी कपड़ों के अंदर राइफल छिपाकर आया। उसने दुकान पर खड़े कॉन्स्टेबल मोहम्मद यूसुफ और कॉन्स्टेबल सुहैल अहमद पर गोलियां बरसाईं फिर फरार हो गया।

गलवान पर पहली बार चीन का कबूलनामा
गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साथ हुई झड़प के बाद चीनी सेना ने पहली बार अपने सैनिकों के मारे जाने की बात कबूल की है। चीनी सेना के ऑफिशियल न्यूज पेपर PLA डेली के मुताबिक, इस झड़प में 5 सैनिकों की मौत हुई थी। इनमें एक रेजिमेंटल कमांडर भी शामिल था। सेना ने उन्हें हीरो का दर्जा दिया है। पिछले साल 15-16 जून की रात ईस्टर्न लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर दोनों देशों के सैनिकों में हिंसक टकराव हुआ था। इसमें भारत के कर्नल संतोष बाबू समेत 20 जवान शहीद हुए थे।

कोहली भी डिप्रेशन का शिकार हो चुके
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भी डिप्रेशन से गुजर चुके हैं। कोहली ने शुक्रवार को इस बात का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 2014 में इंग्लैंड टूर उनके लिए भयावह रहा था। रन नहीं बना पाने पर वे खुद को दुनिया का सबसे लाचार व्यक्ति समझ रहे थे। कोहली ने 2014 में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की 10 पारियों में 13.50 की औसत से 134 रन बनाए थे। उन्होंने 1, 8, 25, 0, 39, 28, 0,7, 6 और 20 रन की पारियां खेली थीं।

नासा का मंगल मिशन कामयाब
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का पर्सीवरेंस मार्स रोवर (Perseverance Rover) गुरुवार को मंगल पर जीवन की तलाश के लिए उतरा। इसने भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे मार्स की सबसे खतरनाक सतह जजीरो क्रेटर पर लैंडिंग की। इस सतह पर कभी पानी हुआ करता था। नासा ने दावा किया कि यह अब तक के इतिहास में रोवर की मार्स पर सबसे सटीक लैंडिंग है। पर्सीवरेंस रोवर लाल ग्रह से चट्‌टानों के नमूने भी लेकर आएगा।

MP के CM की नींद में खलल से खलबली
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सीधी में 16 फरवरी को हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद 17 को वहां के हालात जानने पहुंचे थे। यहां हर जगह उनका पाला अपने ही प्रशासन की खामियों से पड़ा। दिनभर के दौरे के बाद जब सर्किट हाउस आराम के लिए पहुंचे तो सीएम की नींद मच्छरों ने उड़ा दी। रातभर शिवराज को मच्छर काटते रहे। नींद नहीं आई तो आधी रात अधिकारियों की क्लास लगी और ढाई बजे मच्छर मारने की दवा छिड़की गई।

उन्नाव में दलित लड़कियों की मौत पर खुलासा
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दलित लड़कियों की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि एकतरफा प्यार के चलते ये घटना हुई है। एक आरोपी दलित लड़की को जानता था और उससे प्यार का इजहार किया था। इनकार पर लड़के ने पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाकर लड़की को पिला दिया। अनजाने में यही पानी बाकी दोनों लड़कियों ने भी पी लिया।

भोपाल में निर्भया जैसा कांड
भोपाल के कोलार इलाके में रहने वाली 24 साल की निक्की (बदला हुआ नाम) से 16 जनवरी को जेके हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे दुष्कर्म की कोशिश की गई। निक्की ने विरोध किया तो आरोपी ने सिर पर पत्थर पटक दिया। धक्के से गिरी तो रीढ़ की हड्‌डी टूट गई। एम्स में ऑपरेशन हुआ, 42 टांके आए, लेकिन अब वो हिल भी नहीं सकती। खबर छपने के बाद कोलार TI सुधीर अरजरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही मामले की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को सौंपी गई है।

बंगाल चुनाव से पहले एक्शन में CBI
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सेंट्रल इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (CBI) एक्शन में आ गई है। शुक्रवार को CBI ने कोयला घोटाला मामले में बंगाल के पुरुलिया, बांकुरा, बर्दवान और कोलकाता में 13 जगहों पर छापेमारी की। ये छापे युवा तृणमूल कांग्रेस के नेता विनय मिश्रा, व्यवसायी अमित सिंह और नीरज सिंह के ठिकानों पर हुई है।

पायलट-गहलोत में बहुत कुछ बाकी
जयपुर के कोटखावदा में शुक्रवार को हुई किसान महापंचायत से एक बार फिर ये साफ हो गया कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट का टकराव खत्म नहीं हुआ है। अभी बहुत कुछ बाकी है। महापंचायत में सचिन पायलट ने 16 विधायकों को मंच पर बैठाया, भारी भीड़ जुटाकर कांग्रेस हाईकमान को जमीन पर अपनी पकड़ और ताकत का अहसास कराया। कार्यक्रम में अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और गहलोत खेमे के कई नेताओं को बुलाया गया था, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।

भास्कर एक्सप्लेनर
6 साल में 559 लोग देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार, पर सजा 10 को ही मिली

किसान आंदोलन के दौरान सरकार ने कई एक्टिविस्ट को गिरफ्तार किया है और उन पर देशद्रोह की धारा 124A लगाई गई है। ग्रेटा थनबर्ग ने ट्विटर पर जो टूलकिट शेयर की थी, उस मामले में दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु की एक्टिविस्ट 21 साल की दिशा रवि पर भी देशद्रोह की धारा लगाई है। NCRB के मुताबिक, 2014 से 2019 तक 124A के तहत 559 लोगों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन इनमें से सिर्फ 10 लोगों को ही दोषी ठहराया गया।

पॉजिटिव खबर
नौकरी छोड़ शुरू की खेती, अब 15 लाख सालाना कमा रहे

महाराष्ट्र के सांगली जिले में रहने वाले सचिन तानाजी येवले कई साल मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी कर चुके हैं। अब पत्नी वर्षा सचिन येवले के साथ मिलकर ऑर्गेनिक और इनोवेटिव खेती कर रहे हैं। वे अपनी ढाई एकड़ जमीन पर गन्ना, फल, सब्जियां उगा रहे हैं। इसके साथ ही इनकी प्रोसेसिंग करके वे ऑर्गेनिक गुड़, मसाला गुड़, गुड़ की शक्कर, लॉलीपॉप और कैंडी जैसे उत्पाद भी बना रहे हैं। इससे उनकी हर साल 15 लाख रुपए की कमाई हो रही है।

पाकिस्तान में रेप विक्टिम को मेडिकल के लिए फीस देनी होगी
पाकिस्तान में अब रेप विक्टिम को मेडिकल टेस्ट और ऑटोप्सी का बिल खुद भरना होगा। इसके लिए बाकायदा चार्ज लिस्ट जारी की गई है। दुष्कर्म पीड़ित को 25 हजार पाकिस्तानी रुपए मेडिकल टेस्ट के, जबकि 5 हजार रुपए ऑटोप्सी के लिए देने होंगे। अब तक पुलिस की गाड़ी में डीजल भी पीड़ित ही भरवाते थे। नए चार्ज का ऐलान खैबर मेडिकल कॉलेज द्वारा जारी लिस्ट में किया गया है।

सुर्खियों में और क्या है..

Exit mobile version