Site icon अग्नि आलोक

नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- काम मांगने नहीं जाऊंगा, घर या जूते बेचकर फिल्म बना लूंगा, सड़क पर एक्टिंग कर लूंगा

Share

नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस वक्त अपने एक इंटरव्यू के कारण चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने अपने करियर से लेकर फिल्मों के ऑफर और असुरक्षा की भावना पर बात की। नवाजुद्दीन ने कहा है कि अगर उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गईं, तो वह किसी के पास काम मांगने नहीं जाएंगे। वह अपना सबकुछ बेचकर या तो फिल्म बना लेंगे या फिर सड़क पर या ट्रेन में एक्टिंग कर लेंगे। नवाजुद्दीन 2023 में चार फिल्मों में नजर आए, पर एक भी नहीं चली। इस साल भी उनके पास करीब 4-5 फिल्में हैं।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने Unfiltered by Samdish को दिए इंटरव्यू में अपनी जिंदगी की कई अनकही बातें उजागर कीं। नवाजुद्दीन से जब पूछा गया कि कभी लाइफ में ऐसा हुआ है, जब कोई ऐसा आया हो, जिसने दुनियाभर का प्यार दिखाया हो? किसी एक व्यक्ति से प्यार मिला है बहुत?

‘मैं काम नहीं मांग सकता, घर बेचकर फिल्म बना लूंगा’

तो Nawazuddin Siddiqui ने कहा कि उन्हें अनुराग कश्यप से बहुत प्यार मिला। अगर कल को मेरे पास काम ना रहा, मेरे अंदर इतनी भी हिम्मत नहीं कि मैं जाकर किसी से काम मांग सकूं। मैं आपके पास आकर ये बोलूं कि मुझे काम दो? मैं नहीं मांग सकता। मैं काम मांगने नहीं जाऊंगा। मैं अपना घर और सारी चीजें बेचकर फिल्म बना लूंगा। मैं जूते बेचकर फिल्म बना लूंगा। मुझे खुद पर इतना विश्वास है कि सबकुछ न्योछावर करके फिल्म बना लूंगा। लेकिन काम मांगने नहीं जाऊंगा।

‘मैं बस या ट्रेन में एक्टिंग कर लूंगा’

नवाजुद्दीन ने आगे कहा, ‘मैं किसी के पास जाऊं और बोलूं कि यार काम नहीं है, काम दे दो। मैं वो तो नहीं कर सकता। सॉरी। एक्टिंग करना अहम है, जरूरी नहीं कि फिल्मों में करो। मैं सड़क पर एक्टिंग कर लूंगा। मैं ट्रेन में, बस के ऊपर कर लूंगा।’

खबरी के रोल से शुरुआत, इन फिल्मों में दिखेंगे नवाजुद्दीन

करियर की बात करें, तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने 1999 में आई आमिर खान स्टारर ‘सरफरोश’ में एक छोटे से रोल से करियर शुरू किया था। उसमें वह एक खबरी के रोल में थे, और किसी ने नोटिस नहीं किया। बाद में उन्होंने कुछ और छोटे-मोटे रोल किए। लेकिन पहले ‘कहानी’ और फिर अनुराग कश्यप की ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को सफल एक्टर बना दिया। अब वह जल्द ही ‘बोलें चूड़ियां’, ‘नूरानी चेहरा’, ‘संगीन’, ‘अदभुत’ और ‘सैंधव’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगे।

Exit mobile version