Site icon अग्नि आलोक

बिहार में एनडीए का परचम लहराया, पांचों उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत

Share

बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए वोटिंग जारी है. बिहार में एनडीए की तरफ से सभी विधायकों ने वोट डाल दिए हैं. वहीं महागठबंधन की तरफ से 37 विधायकों ने ही वोट डाले हैं. आरजेडी के 24 विधायक ही आज वोट डालने पहुंचे. कांग्रेस के तीन विधायकों के अलावा आरजेडी विधायक फैसल रहमान से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. बीजेपी यहां सभी 5 सीटें जीतने का दावा कर रही है. आरजेडी को एक सीट जीतने के लिए कम से कम 41 वोटों की जरूरत है. ऐसे में उसे अभी 4 और वोटों की जरूरत है. उधर ओडिशा में भी बीजेडी के 2 विधायक लापता बताए जा रहे हैं. हालांकि नवीन पटनायक की पार्टी ने भरोसा जताया है कि उसके सारे विधायक एकजुट हैं.

दरअसल इस बार राज्यसभा में खाली हुई 37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं, जबकि बाकी 11 सीटों के नतीजे आज शाम घोषित किए जाएंगे. इस चुनाव में बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. वोटिंग पूरी होने के बाद आज शाम को ही मतगणना होने के साथ राज्यसभा चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे.

इस बार बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव में दिलचस्प मुकाबला दिख रहा है. एनडीए की ओर से प्रमुख उम्मीदवारों में जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, बीजेपी नेता नितिन नवीन और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर (जेडीयू) और भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार भी मैदान में हैं. वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अपने उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के लिए समर्थन जुटाने में जुटा है.

ओडिशा में चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव ने सियासी नाटक का रूप ले लिया है. कांग्रेस ने अपने एक लापता विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि विधायकों को कथित रूप से रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में कर्नाटक के बेंगलुरु से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उधर हरियाणा में दो राज्यसभा सीटों के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है. यहां भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौध और भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल चुनाव मैदान में हैं. हरियाणा से राज्यसभा पहुंचने के लिए हर उम्मीदवार को 31 वोटों की जरूरत है.

हमारे विधायकों को भाजपा ने चोरी किया- कांग्रेस अध्यक्ष

3 कांग्रेस विधायकों के गायब होने पर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम का बयान आया है. हमारे विधायकों को भाजपा ने चोरी कर लिया है. बीजेपी के सरकार है, तीन विधायक 13 तारीख से लगातार संपर्क में थे. 13 तारीख के रात तक सभी विधायक कंफर्टेबल थे बात हो रही थी. आखिर ऐसी कौन सी बात आ गई की 13 तारीख के बाद से हमारे तीन विधायक अनरीच हो गए. भाजपा जहां पर रहती है, वोट चोरी करके सरकार बनाती है. हमारे जीते हुए प्रतिनिधियों को बीजेपी चुराती है.

Exit mobile version