इंदौर इंदौर से दिल्ली,मुंबई, बेंगलुरु के लिए पहले से उड़ानें है, लेकिन अब एक और नई उड़ान बेंगलुरु के लिए मिलने जा रही है। दस मार्च से इसका संचालन इंदौर एयरपोर्ट से होगा। एयर इंडिया इस उड़ान को संचालित कर रहा है। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू की दी है।दस मार्च से शुरू होने वाली उड़ान सुबह 8.45 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी, जो इंदौर में 10.45 बजे आएगी। वापसी में उड़ान इंदौर से 11.15 बजे रवाना होगी, जो बेंगलुरु में 1.15 बजे लैंड करेगी।
ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के चेयरमैन हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि इस उड़ान के लिए कंपनी बोइंग 737 एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल करेगी। इसमें एक साथ 180 यात्री सफर कर सकते है। इंदौर से महानगरों के लिए विमान कंपनियों को अच्छा प्रतिसाद मिलता है, इसलिए बेंगलुरु के लिए एक और उड़ान मिली है।
इस उड़ान के कारण यात्रियों को त्रिवेंद्रम, चेन्नई, मैंगलुरु सहित अन्य शहरों के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट मिल जाएगी। दस मार्च से शुरू होने वाली उड़ान सुबह 8.45 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी, जो इंदौर में 10.45 बजे आएगी। वापसी में उड़ान इंदौर से 11.15 बजे रवाना होगी, जो बेंगलुरु में 1.15 बजे लैंड करेगी। इस विमान का किराया अलग-अलग केटेगरी के हिसाब से रहेगा। छह हजार रुपये से लेकर 14 हजार तक का किराया यात्रियों को चुकाना होगा।
पांच से ज्यादा उड़ानें
इंदौर से बेंगलुरु के लिए पांच उड़ाने पहले से संचालित हो रही है। अब छठी उड़ान भी शुरू होगी। दरअसल इंदौर के कई युवा बेंगलुरु की आईटी व बड़ी कंपनियों में जाॅब करते है। इसके अलावा टूरिज्म के हिसाब से भी बेंगलुरु से मध्य प्रदेश आते है। इसके चलते यात्री संख्या दूसरे शहरों की अपेक्षा बेहतर मिलती है। आने वाले दिनों में इंदौर से नए शहर भी जुड़ जाएंगे।

