Site icon अग्नि आलोक

मणिपुर-गोवा में नई सरकार ! शाह के घर BJP नेताओं की बैठक

Share

नई दिल्ली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली स्थिति आवास पर देर रात बीजेपी नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा मणिपुर के कार्यवाहक सीएम एन बीरेन सिंह और गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत शामिल रहे।

इसके साथ-साथ बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष अमित शाह के आवास पर पहुंचे हुए थे। बीजेपी नेताओं की इस मीटिंग से कयास लगाया जा रहा है कि पार्टी जल्द ही गोवा और मणिपुर के लिए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर देगी।

हाल में ही पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी को चार राज्यों में जीत हासिल हुई है। इसमें यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर शामिल है। यूपी में योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। गोवा में मुख्यमंत्री की रेस में प्रमोद सावंत पहले नंबर पर चल रहे हैं, इस बैठक में विश्वजीत राणे भी मौजूद रहे। 

दूसरी ओर मणिपुर में भी एन बीरेन सिंह रेस में सबसे आगे हैं। दोनों ही फिलहाल अपने-अपने राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री भी हैं। मणिपुर में मुख्यमंत्री की रेस में एन बीरेन सिंह पहले नंबर पर जरूर हैं, लेकिन इस बीच एक और नाम थोंगम बिस्वजीत सिंह का चर्चा में आया है। बिस्वजीत सिंह बीजेपी नेता हैं और मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि, बिस्वजीत ने अभी तक इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार किया है।

गोवा में विधानसभा की 40 सीटों में से भाजपा राज्य में 20 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।  50 फीसदी सीटों पर जीत हासिल करने वाली भाजपा को बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत थी। हालांकि, पार्टी को स्वतंत्र विधायक चंद्रकांत शेट्ये, एलेक्सियो रेजिनाल्डो लॉरेंसो और एंटोनियो वास ने पहले ही समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

इसके अलावा पार्टी को एमजीपी विधायक रामकृष्ण धवलिकर और जीत अरोलकर से भी समर्थन मिला है। अब देखना है कि क्या बीजेपी प्रमोद सावंत को ही मुख्यमंत्री बनाती है या फिर किसी नए चेहरे को लेकर सामने आती है।

Exit mobile version