Site icon अग्नि आलोक

इंदौर में इंजीनियर की मौत के मामले में नया खुलासा,पेंटहाउस में आती थी विदेशी महिलाएं, बिना लाइसेंस कार चला रहा था आरोपी

Share

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के निपानिया स्थित शिव वाटिका टाउनशिप में बुधवार रात हुए चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस मामले में महिला इंजीनियर शंपा पाठक पांडे की मौत के बाद आरोपी पिता-पुत्र को कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहनीश चौधरी और उसके पिता कुलदीप चौधरी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। दोनों को रविवार को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि मोहनीश बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहा था। वो कुछ दिन पहले ही 18 वर्ष का हुआ है।

अपने किए पर पछता रहा है आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाने में बंद मोहनीश अब अपने किए पर पछता रहा है। पूछताछ के दौरान वह कई बार भावुक हो गया और पुलिस के सामने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगा। जांच में यह भी सामने आया है कि मोहनीश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तेज रफ्तार में कार चलाने के वीडियो और धमकी भरे रील्स पोस्ट करता था।

आरोपी ने दोस्तों को किया था कॉल

घटना के समय भी उसने अपने कुछ दोस्तों को फोन कर मौके पर बुलाने की कोशिश की थी लेकिन कोई भी वहां नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में कुछ लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिनमें बिल्डिंग के चौकीदार की पत्नी रेणुका भी शामिल हैं। वहीं, मृतका शंपा के पति सौरभ सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयान अभी बाकी हैं जिन्हें जल्द दर्ज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले को मजबूत बनाने के लिए हर जरूरी सबूत और बयान जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपियों को कानून का फायदा न मिल सके।

इंदौर के घटना की मुख्य बातें

वहीं, दूसरी ओर इस पूरे विवाद की जड़ में पेंटहाउस को लेकर रहवासियों की नाराजगी भी सामने आई है। सोसायटी के लोगों ने आरोप लगाया है कि पेंटहाउस में बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना रहता था। कुछ रहवासियों का कहना है की विदेशी महिलाएं वहां आती थीं और अंदर संदिग्ध गतिविधियां चलती थीं। इसी बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेंटहाउस में किस तरह के लोग आते-जाते थे।

Exit mobile version