नया साल आते ही दुनिया के अलग-अलग देशों में जश्न का माहौल बन जाता है, लेकिन हर जगह इसे मनाने का तरीका एक जैसा नहीं होता. कहीं लोग खुशकिस्मती के लिए प्लेटें तोड़ते हैं, तो कहीं साल की पहली घड़ी में अंगूर खाकर अच्छी किस्मत की कामना की जाती है. इन अनोखी परंपराओं के पीछे दिलचस्प मान्यताएं जुड़ी होती हैं, जो न्यू ईयर सेलिब्रेशन को और भी खास और अलग बना देती हैं.
स्पेन में न्यू ईयर की रात 12 बजते ही लोग 12 अंगूर खाते हैं. हर अंगूर आने वाले 12 महीनों का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि अगर समय पर सभी अंगूर खा लिए जाएं तो पूरा साल खुशियों से भरा रहता है.
डेनमार्क- डेनमार्क में लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के घर के बाहर प्लेटें और कप तोड़ते हैं. माना जाता है कि जितने ज्यादा टूटे बर्तन आपके दरवाजे पर मिलें, उतने ज्यादा अच्छे दोस्त और सौभाग्य आपको नए साल में मिलेगा.
ब्राजील- ब्राजील में लोग न्यू ईयर पर सफेद कपड़े पहनकर समुद्र किनारे जाते हैं और आधी रात को समुद्र में सात लहरों को पार करते हैं. हर लहर के साथ एक मनोकामना मांगी जाती है. यह परंपरा शांति और पॉजिटिव एनर्जी का प्रतीक मानी जाती है.
जापान- जापान में नए साल की रात मंदिरों में 108 बार घंटियां बजाई जाती हैं. बौद्ध मान्यता के अनुसार इंसान में 108 तरह की कमजोरियां होती हैं, जिन्हें घंटियों की आवाज से दूर किया जाता है ताकि नया साल शुद्ध मन से शुरू हो.
स्कॉटलैंड- स्कॉटलैंड में ‘फर्स्ट फुटिंग’ की परंपरा बेहद खास है. यहां माना जाता है कि नए साल में सबसे पहले घर में प्रवेश करने वाला व्यक्ति किस्मत तय करता है. अगर वह व्यक्ति गिफ्ट या कोयला लेकर आए तो घर में समृद्धि आती है.
फिलीपींस- फिलीपींस में लोग गोल आकार की चीजों को शुभ मानते हैं. न्यू ईयर पर लोग गोल फल खाते हैं और पोल्का डॉट्स वाले कपड़े पहनते हैं, ताकि पैसा और खुशहाली पूरे साल बनी रहे.
चिली- चिली में कुछ लोग नए साल की रात कब्रिस्तान में अपने दिवंगत परिजनों के साथ बिताते हैं. वहां मोमबत्तियां जलाकर संगीत सुना जाता है, ताकि नए साल की शुरुआत अपनों की यादों के साथ हो.

