गुजरात के अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्या है खास? बंगाल चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्या कहा? पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को क्यों याद आया कश्मीर? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें आपके लिए लाए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ…
सबसे पहले देखते हैं मार्केट का हाल..
- BSE का मार्केट कैप 203.98 लाख करोड़ रुपए रहा, 60% कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही।
- 3,099 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,863 के शेयर बढ़े और 1,068 के शेयर गिरे।
आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर..
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेंगे। तमिलनाडु में मोदी बिजली परियोजनाओं समेत कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह असम जाएंगे। इस दौरान वे दो रैलियों को संबोधित करेंगे।
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल जाएंगे। इस दौरान वे कोलकाता में पार्टी के मैनिफेस्टो से जुड़े अभियान की शुरुआत करेंगे।
- किसान आंदोलन से जुड़े टूलकिट मामले में आरोपी शांतनु मुलुक की जमानत याचिका पर दिल्ली की कोर्ट में सुनवाई होगी।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दो दिन के मेघालय दौरे पर जाएंगे। वे आज राज्य की विधानसभा में विधायकों को संबोधित भी करेंगे।
देश-दुनिया
कोरोना वैक्सीनेशन पर बड़ा फैसला
देश में कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा फेज 1 मार्च से शुरू होगा। 10 हजार सरकारी केंद्रों और 20 हजार निजी अस्पतालों में टीका लगाया जाएगा। इसमें 40 साल से ऊपर के बीमार और 60 साल से ऊपर के सभी लोगों का वैक्सीनेशन होगा। अगर इस एज ग्रुप के लोग सरकारी केंद्रों में जाते हैं तो उनके लिए टीका मुफ्त होगा, लेकिन निजी अस्पतालों में इसके लिए उन्हें पैसा देना होगा। अगले 3-4 दिनों में स्वास्थ्य मंत्रालय इस बात पर फैसला ले लेगा कि निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन के लिए कितनी फीस देनी होगी।
पुडुचेरी में राष्ट्रपति शासन लगेगा
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को पुडुचेरी में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश कर दी। पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन की सिफारिश के बाद मंत्रिमंडल ने इसका प्रपोजल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भेज दिया। 22 फरवरी को विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान मुख्यमंत्री नारायणसामी बहुमत साबित नहीं कर पाए थे। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल को इस्तीफा भेजा था। माना जा रहा था कि विपक्षी दल AIADMK सरकार बनाने का दावा पेश करेगा, लेकिन अन्नाद्रमुक ने यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि चुनाव करीब हैं और पार्टी चुनाव में उतरेगी।
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन
दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मोटेरा अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम के नाम से जाना जाएगा। 1.32 लाख दर्शकों की क्षमता वाले दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड का बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उद्घाटन किया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। दिलचस्प बात यह है कि मोटेरा स्टेडियम का पहले आधिकारिक नाम सरदार पटेल स्टेडियम था। अब नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम सरदार पटेल के नाम पर होगा। शाह ने कहा कि अहमदाबाद अब स्पोर्ट्स सिटी के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
तीसरे टेस्ट के पहले दिन ही इंग्लैंड ढेर
इंग्लैंड के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम मोटेरा में भारतीय टीम बुधवार को 3 स्पिनर्स के साथ उतरी। उसकी यह पॉलिसी पहले दिन कामयाब रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने 9 विकेट लेकर 112 रन पर समेट दिया। अक्षर को 6 और अश्विन को 3 विकेट मिले। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने दिन खत्म होने तक 3 विकेट गंवाकर 99 रन बना लिए। रोहित शर्मा 82 बॉल पर 57 रन बनाकर नाबाद हैं।
राजस्थान बजट में किसानी, सेहत पर जोर
राजस्थान सरकार ने बुधवार को राज्य का बजट पेश किया। गहलोत सरकार ने राज्य की जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया, बल्कि टैक्स की अलग-अलग मद में 910 करोड़ रुपए की छूट दी। एग्रीकल्चर सेक्टर पर खास फोकस रखते हुए अगले साल से कृषि का बजट अलग से पेश करने की घोषणा की। बजट में खेती की बिजली के लिए अलग से बिजली कंपनी बनाने और सीधे फायदे के लिए मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना की घोषणा भी की। 2 साल में 50 हजार युवाओं को नौकरी देने का ऐलान भी किया गया। सरकार अगले साल से 3500 करोड़ रुपए की यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम लागू करेगी।
ममता बनर्जी के बिगड़े बोल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को हुगली में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान दिया। उन्होंने मोदी को देश का सबसे बड़ा दंगाबाज कह दिया। ममता ने कहा कि जैसा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुआ, मोदी के साथ उससे भी बुरा होगा। हिंसा से कुछ हासिल नहीं हो सकता।
राहुल के उत्तर vs दक्षिण वाले बयान पर बवाल
कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी के उत्तर vs दक्षिण वाले बयान पर बवाल मच गया है। भाजपा ने उन्हें एहसान फरामोश और अवसरवादी बताया। वहीं, कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने राहुल को नसीहत देते हुए कहा कि वोटर चाहे उत्तर भारत का हो या फिर दक्षिण भारत का सभी को वोट देने की समझ है। उसे इज्जत देनी चाहिए। राहुल ने तिरुवनंतपुरम में कहा था कि पहले 15 साल मैं उत्तर भारत से एक सांसद था। मुझे एक अलग प्रकार की राजनीति की आदत थी। मेरे लिए केरल आना बहुत रिफ्रेशिंग था।
अब महाराष्ट्र में ऑपरेशन लोटस!
पुडुचेरी में सरकार गिराने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने बुधवार को मोदी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी के मुखपत्र सामना के संपादकीय में शिवसेना ने लिखा कि पुडुचेरी में उपराज्यपाल रहीं किरण बेदी ने नारायणसामी सरकार को ठीक से काम नहीं करने दिया। भाजपा ने एक छोटा राज्य भी कांग्रेस के हाथ से खींच लिया। शिवसेना ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अब मार्च-अप्रैल में महाराष्ट्र में ऑपरेशन लोटस की शुरुआत करेगी।
श्रीलंका में इमरान ने कश्मीर मुद्दे का जिक्र किया
दो दिन के श्रीलंका दौरे पर गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत से रिश्तों को लेकर एक नया खुलासा किया। बुधवार को दौरे के आखिरी दिन इमरान ने कहा कि जब मैं सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क किया। मोदी से कहा कि दोनों देशों के बीच जो मुद्दे हैं, उन्हें बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिली। इमरान ने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस मुद्दे पर उनकी कोशिशें कामयाब होंगी। इस दौरान उन्होंने कश्मीर मुद्दे का भी जिक्र किया।
भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह नए वैरिएंट तो नहीं?
भारत में कोरोना संकट फिर गहरा रहा है। 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रिकवरी से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। इनमें महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। महाराष्ट्र में पिछले 10 दिन, पंजाब में 12, चंडीगढ़ में 10 और जम्मू-कश्मीर में 7 दिन से लगातार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। केरल में हालात अब काबू में आने लगे हैं। ऐसे में विशेषज्ञ उन कारणों को तलाशने में जुट गए हैं, जिसकी वजह से केस बढ़ने लगे हैं। जानू क्या है मामला…
नौकरी छोड़ मकई की खेती की; अब लाखों कमा रहे
गुजरात के राजकोट के रहने वाले लवजी सरकारी नौकरी में थे। वे गुजरात की एसटी बस में कंडक्टर थे। सैलरी बहुत कम थी, घर-परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद उन्होंने तय किया कि वे खुद का कोई काम शुरू करेंगे और नौकरी छोड़ गांव लौट आए। यहां आकर उन्होंने पहले टेक्सटाइल बिजनेस शुरू किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने अमेरिकन कॉर्न की खेती करना शुरू किया। आज वे इससे सालाना 10 लाख रुपए की कमाई कर रहे हैं।
पाकिस्तान को ब्लैक लिस्ट करने की मांग
पेरिस में फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स यानी FATF की मीटिंग जारी है। एक-दो दिन में पाकिस्तान पर बड़ा फैसला आ सकता है। आतंकवाद को पनाह और फंडिंग के आरोप में पाकिस्तान करीब दो साल से FATF की ग्रे लिस्ट में है। पेरिस में जारी मीटिंग में पाकिस्तान को ब्लैक लिस्ट किए जाने का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच, हजारों लोगों ने पेरिस में FATF के हेडक्वॉर्टर के सामने इमरान खान सरकार और फौज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए और पाकिस्तान को ब्लैक लिस्ट किए जाने की मांग की।
नस्लवाद पर पूर्व US प्रेसिडेंट का खुलासा
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने साथ हुए नस्लभेद पर रोचक घटना बताई। ओबामा के मुताबिक- स्कूल के दिनों में मेरे एक साथी ने मुझ पर नस्लभेदी और रंगभेदी टिप्पणी की थी, गुस्से में मैंने उसकी नाक तोड़ दी थी। ओबामा के अनुसार, यह घटना स्कूल के लॉकर रूम में हुई थी। ओबामा 8 साल तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। उन्होंने दो कार्यकाल पूरे किए। उस दौरान जो बाइडेन वाइस प्रेसिडेंट थे और अब वे अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति हैं।
सुर्खियों में और क्या है..
- दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि कोरोना के नए स्ट्रेन से घबराने की जरूरत नहीं है। हमारी वैक्सीन 70%, 80%, 90% कारगर हैं। इनके असर में मामूली कमी आई तब भी वे काम करेंगी। ये निश्चित रूप से गंभीर बीमारी और इससे होने वाली मौतों को कम करेंगी।
- यूरोपीय यूनियन के 6 देश बॉर्डर पर आवाजाही सामान्य करने पर राजी हो गए हैं। यह प्रतिबंध अब तक दो बार लगाए और फिर हटाए जा चुके हैं। बेल्जियम, डेनमार्क, फिनलैंड, जर्मनी, हंगरी और स्वीडन ने यह फैसला किया है।
