इंदौर
एक बार फिर तेजी से रफ्तार पकड़ चुके कोरोना को काबू में करने शासन-प्रशासन को मजबूरन कड़े कदम उठाने पर विवश होना पड़ा। उसने नाइट कर्फ्यू और फिर उसके बाद आगामी आदेश तक के लिए रविवार को लाॅक डाउन की घोषणा कर दी। आगामी 28 मार्च को रविवार है और इसी दिन संयोगवश होलिका दहन, शबे बरात और पाम संडे पर्व भी हैं। लॉकडाउन के रहते यह पर्व कैसे मनाए जा सकेंगे अथवा लोगों को घरों पर ही रहकर मनाना होगा, इसे लेकर संबंधित समुदायों के लोग दुविधा की स्थिति में हैं।
हालांकि कैथोलिक समुदाय ने एक दिन पहले शनिवार को पाम संडे के आयोजन करने की घोषणा कर दी है, जबकि होलिका दहन करने लोग सड़कों पर कैसे निकलेंगे और उधर शबे बरात पर धर्मावलंबी किस तरह पूर्वजों की मजारों तक फातेहा पढ़ने पहुंचेंगे, इसे लेकर इन समुदायों के प्रमुखों का कहना है कि प्रशासन से इस बारे में चर्चा करने के बाद निर्णय लेंगे।
भारतीय जनता पार्टी; दो से तीन दिन में लेंगे निर्णय
भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा दो से तीन दिन में आगे कोरोना की क्या स्थिति बनती है यह देखना होगा। आगामी दो से तीन दिन में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में विस्तृत चर्चा करेंगे। लोगों की भावना भी आहत न हो और कोरोना संक्रमण भी न फैले इसे ध्यान में रखकर बेहतर निर्णय होगा वो बैठक में लिया जाएगा। फिलहाल कोई फैसला नहीं इधर, लॉकडाउन के दौरान होलिका दहन किए जाने को लेकर फिलहाल प्रशासन ने कोई फैसला नहीं किया है।
समिति का निर्णय…घर पहुंचाने की सेवा उपलब्ध
पुण्याई सोशल वेलफेयर सोसायटी की सचिव भावना भौरास्कर के अनुसार गोकाष्ठ केंद्र दो दिन
पहले खोले जाएंगे। 17 हजार क्विंटल गोकाष्ठ तैयार हो चुके हैं। होलिका दहन से पहले 20 हजार क्विंटल तैयार करने का लक्ष्य। घर पहुंचाने की सेवा उपलब्ध रहेगी। पेड़ न कटे पर्यावरण बचे यही हमारा संदेश है।
मुस्लिम समाज… प्रशासन लेगा निर्णय
शहर काजी डॉ. इशरत अली ने बताया कि अगले रविवार को लॉकडाउन एवं मरीजों की संख्या को लेकर क्या हालात बनते हैं, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इस पर प्रशासन निर्णय लेगा। शब-ए-बरात पर समाजजन कब्रिस्तानों में अपने पूर्वजों की मजारों पर जाकर फातेहा पढ़ते हैं। दुआ करते हैं।
मसीही समाज… शनिवार शाम को चर्चों में आराधना होगी
बिशप चॉको ने कहा- गुड फ्राइडे के पहले आने वाले रविवार को पाम संडे मनाया जाना है, लेकिन उस दिन लॉकडाउन रहेगा। ऐसी स्थिति में एक दिन पहले शनिवार को ही पाम संडे के आयोजन चर्चों में किए जाएंगे। चर्चों में शाम छह बजे से आराधना शुरू होगी। वहीं, छावनी स्थित प्रेस बिटेरियन चर्च मसीही मंदिर के सेक्रेटरी यशवंत नेतराम ने बताया लॉकडाउन के दौरान ऑनलाइन आराधना का आयोजन किया जाएगा।

