Site icon अग्नि आलोक

NIA की चार्जशीट : ड्रग तस्करों की मदद से फंड जुटा रहे खालिस्तानी आतंकी

Share

नई दिल्ली

खालिस्तानी आतंकी भारत में अपनी गतिविधियां चलाने के लिए ड्रग तस्करों की मदद से फंड जुटा रहे हैं। इसके अलावा अन्य देशों में बसे लोगों से भी फंड लेते हैं और उनकी पहचान छिपाए रखते हैं। यह जानकारी NIA ने अपनी चार्जशीट में दी है।

NIA ने गैंगस्टर-आतंकवादी साठगांठ मामले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (‌BKI) और खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) से जुड़े तीन लिस्टेड आतंकवादियों सहित 9 आतंकियों के खिलाफ स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दायर की है।

चार्जशीट BKI के हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा, KTF के अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला के खिलाफ दाखिल की गई है। ये तीनों विदेश में हैं।

NIA ने कहा कि इन आतंकियों के पाकिस्तान और अन्य देशों में ड्रग तस्करों और खालिस्तानी गुर्गों के साथ करीबी संपर्क हैं।

विदेशों में बसे खालिस्तानी आतंकी इस नेटवर्क के जरिए भारत में आतंकवादी गतिविधियों, जबरन वसूली और हथियारों तथा ड्रग्स की सीमा पार से तस्करी को अंजाम देने के लिए भर्ती कर रहे हैं।

इनके उत्तर भारत में सक्रिय प्रमुख गिरोहों से भी संबंध हैं, जिनमें स्थानीय गैंगस्टर, संगठित आपराधिक सिंडिकेट और नेटवर्क शामिल हैं।

एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि जांच से BKI और KTF के लिए फंड जुटाने की एक जटिल व्यवस्था का भी पता चला है। फंड भारत सहयोगियों के माध्यम से भेजा जा रहा था। NIA ने अपनी चार्जशीट में भारत में आतंकवादी गुर्गों की भर्ती और ऑपरेशन में शामिल उनके इंटरनेशनल लिंक का खुलासा भी किया है।

एजेंसी BKI और KTF से जुड़े 16 अन्य फरार और गिरफ्तार आरोपियों के लिंक की भी जांच कर रही है। एक पूर्व गैंगस्टर हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा अब एक प्रमुख BKI मेंबर और खालिस्तानी ऑपरेटिव है।

2018-19 में वह अवैध रूप से पाकिस्तान भाग गया और अभी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संरक्षण में वहां रह रहा है।

हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा।

ड्रस्ग तस्करी में शामिल है रिंदा
रिंदा पाकिस्तान से भारत में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और ड्रग्स की तस्करी कर रहा है। वह BKI में भर्ती, हत्याएं, पंजाब एवं महाराष्ट्र राज्यों में जबरन वसूली से फंड जुटाने जैसे विभिन्न अपराधों में शामिल है।

रिंदा मई 2022 में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय पर RPG हमले सहित कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहा है। भारत सरकार ने 2023 में उसे ‘इंडिविजुअल टेररिस्ट’ घोषित किया गया था।

लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा ।

कनाडा में रह रहा है अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला
आरोपी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला भारत का कुख्यात गैंगस्टर था जो कनाडा चला गया। कनाडा में डाला हरदीप सिंह निज्जर के संपर्क में आया, जो प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन KTF का प्रमुख था।

दोनों KTF के लिए फंड जुटाने और पंजाब में व्यापारियों तथा विशेष समुदायों के नेताओं की टारगेट किलिंग को अंजाम देने के लिए युवाओं की भर्ती एवं आतंकवादी गिरोह बनाने में लगे हुए थे। डाला को भारत सरकार ने 2023 में ‘इंडिविजुअल टेररिस्ट’ घोषित किया है।

लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा शुरू में आपराधिक और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल था। 2017 में वह कनाडा चला गया और वहीं से अपनी गतिविधियां जारी रखीं।

वह BKI आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा के संपर्क में आया और रिंदा और BKI के लिए काम करना शुरू कर दिया। लांडा कई आतंकी घटनाओं में मुख्य आरोपी है।

अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला।

चार्जशीट में हरजोत सिंह का भी नाम
चार्जशीट में विदेश में रह रहे BKI गुर्गों में अमेरिका में रह रहे हरजोत सिंह का नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा कश्मीर सिंह गलवद्दी का नाम भी है। वह नाभा जेलब्रेक मामले का फरार आरोपी है और इस समय उसके नेपाल में होने का संदेह है।

इनके अलावा लांडा के भाई तरसेम सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। वह दुबई में रह रहा है।

गुरजंत सिंह ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है और KTF के गुर्गों में से एक है। इसका नाम भी दायर की गई चार्जशीट में है। NIA की चार्जशीट में शामिल अन्य आरोपियों में दीपक रंगा और लकी खोखर उर्फ डेनिस शामिल हैं।

इन्हें भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए विदेशी आकाओं ने भर्ती किया था।

Exit mobile version