Site icon अग्नि आलोक

अब 20 जुलाई को होगी निकाय चुनाव की काउंटिंग

Share

मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की काउंटिंग अब 18 जुलाई की जगह 20 जुलाई को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग बसंत प्रताप सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद का चुनाव होना है। इसमें सभी विधायकों का मौजूद रहना जरूरी है। वोटर वही हैं। वे चाहेंगे कि जो काउंटिंग उनके क्षेत्र में हो रही है, उसमें स्थानीय विधायक भी उपस्थित रहें। इस संबंध में सभी दलों ने मांग भी की थी। इसके बाद ये निर्णय लिया गया है।

आयुक्त ने कहा कि 13 जुलाई को गुरु पूर्णिमा होने के कारण मतदान की भी तारीख बदलने के संबंध में ज्ञापन बीजेपी की ओर से मिला है। लेकिन हम एक दल के अनुरोध पर इलेक्शन की तारीख नहीं टाल सकते।

गुना में जलाई गई आदिवासी महिला की मौत

गुना जिले के बमोरी तहसील के धनेरिया गांव में जमीनी विवाद में आदिवासी महिला रामप्यारी बाई सहरिया के ऊपर डीजल डालकर बीते शनिवार को दबंगों ने आग लगा दी थी। गंभीर हालत में उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार देर शाम उसने दम तोड़ दिया। 2 जुलाई को महिला को दबंगों ने डीजल डालकर जला दिया था। 80 % जलने के बाद महिला को भोपाल रैफर किया गया था। कलेक्टर फ्रैंक नोबल ए ने बताया कि महिला की मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

गुना में दो कंटेनर आमने-सामने टकराए, ड्राइवर की मौत

गुना में दो कंटेनर आपस में भिड़ गए। इससे दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईँ।

गुना में जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर बिलोनिया गांव में नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा हो गया। दो कंटेनरों की आमने-सामने की टक्कर में एक ड्राइवर की मौत हो गई। इनमें एक कंटेनर रॉन्ग साइड आ रहा था। हादसे में दोनों कंटेनरों के ड्राइवर और क्लीनर घायल हो गए। चारों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक चालक को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक ड्राइवर का नाम जितेंद्र भील है। वह उज्जैन का रहने वाला था। वहीं, दूसरे कंटेनर का ड्राइवर महेंद्र पाल सिंह बताया जा रहा है।

भोपाल सांसद को धमकी देने वाला पकड़ाया

भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले को क्राइम ब्रांच ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी शेख नाजिर हैदराबाद का रहने वाला है। उसने 10वीं तक की पढ़ाई की है। पेशे से प्लम्बर है। उसने अंतरराष्ट्रीय नंबर से सांसद को कॉल किया था। खुद को इब्राहिम कास्कर ग्रुप का गुर्गा बताते हुए धमकी दी थी।

भोपाल में पानी के गड्‌ढे में डूबने से 3 बच्चियों की मौत

भोपाल के बैरसिया इलाके में बर्री स्टेडियम के पीछे पानी से भरे गड्‌ढे में तीन बच्चियां डूब गईं। तीनों पादरी मोहल्ले की रहने वाली थीं। बताया गया कि तीनों परिवार से छिपकर गड्‌ढे में नहाने चली गई थीं। तीनों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। तीनों की उम्र 7 से 12 साल के बीच है। इनमें एक बच्ची रिश्तेदार के यहां आई थी।

खंडवा में एग्रीकल्चर कॉलेज स्टूडेंट ने की खुदकुशी की कोशिश

खंडवा में एग्रीकल्चर कॉलेज के स्टूडेंट ने जहर खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। B.Sc. फर्स्ट ईयर के छात्र हरिओम पाटीदार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने एक नोट भी लिखकर छोड़ा, जिसमें बताया कि वह सीनियर्स की रैंगिग से परेशान है। छात्र ने आरोप लगाया कि सीनियर्स इतना प्रताड़ित करते हैं कि प्राइवेट पार्ट पर केले का छिलका रखवाकर घिनौनी हरकत करवाते हैं। घटना से आक्रोशित हिंदू स्टूडेंट आर्मी ने एग्रीकल्चर कॉलेज जाकर विरोध प्रदर्शन किया।

उज्जैन के स्कूल में 12वीं के छात्र पर चाकू से हमला

उज्जैन के नीलगंगा थाना इलाके में द डिवाइन हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। 10वीं के छात्र ने 12वीं के छात्र पर चाकू से हमला किया। गंभीर घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। चाकूबाजी की घटना स्कूल में लंच के दौरान हुई।

मतगणना की डेट आगे बढ़ाने की मांग

BJP ने नेता प्रतिपक्ष के सामने 18 जुलाई को होने वाली मतगणना की तारीख आगे बढ़ाने की मांग का प्रस्ताव रखा। बताया कि इसी दिन राष्ट्रपति के लिए वोटिंग होना है। इसे लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति के लिए मतदान होना है। इसी दिन नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की मतगणना होना है। विधायक राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के लिए भोपाल में रहेंगे।

विधानसभा सत्र को आगे बढ़ाने की मांग

राज्य सरकार 25 जुलाई से शुरू किए जाने वाले विधानसभा सत्र को आगे बढ़ाने की मांग राज्यपाल से करेगी। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में विधानसभा का सत्र 25 जुलाई से है। इसी दौरान जनपद पंचायत, जिला पंचायत के अलावा नगर पालिका, परिषद के अध्यक्षों के चुनाव भी हैं। नेता प्रतिपक्ष का सत्र को आगे बढ़ाने का सुझाव आया था। इसी आधार पर राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग करेंगे कि विधानसभा सत्र अगस्त में बुलाया जाए।

Exit mobile version