भोपाल। राष्ट्रवाद और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा अब संगठन में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और उनका सहयोग लेने के लिए बॉलीवुड के तरीकों का इस्तेमाल करने की योजना तैयार की गई है। इसे संघ में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। इसके तहत संघ आधुनिक रैप सांग, सोशल मीडिया प्लेटफार्म और शार्ट फिल्मों का उपयोग करेगा।
इसकी शुरूआत संघ नए कृषि कानूनों के पक्ष में युवाओं का समर्थन पाने के लिए करने जा रहा है। दरअसल संघ अब युवाओं के माध्यम से नए कानूनों के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विरोधियों को जवाब देने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में उसकी युवाओं के माध्यम से रैप सांग और नुक्कड़ नाटकों की मदद से कृषि कानून के फायदे आमजन तक पहुंचाने की है संघ का मानना है कि नए कृषि कानूनों को लेकर देशभर में कुछ संगठनों द्वारा भ्रम फैला कर इसकी आड़ में देश को बांटने का काम भी किया जा रहा है।
इसी हफ्ते होगी बैठक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन भारतीय किसान संघ के महामंत्री बद्रीनारायण चौधरी का कहना है कि अगले दो से तीन दिन बाद संगठन के सदस्यों की बैठक होने वाली है, जिसमें आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। उनका कहना है कि अब किसानों के नाम पर पूरी तरह से राजनीतिक आंदोलन किया जा रहा है। यह आंदोलन अब पूरी तरह से देश विरोधी ताकतों द्वारा चलाया जा रहा है। किसान नेता इन लोगों की साजिश के शिकार होते जा रहे हैं।
एक लाख कार्यकर्ता कर चुके हैं दौरा
किसान कानूनों के विरोध के बीच हाल ही में आरएसएस के एक लाख कार्यकर्ताओं द्वारा देश के पचास हजार गांवों में जाकर किसानों को नए कृषि कानूनों के फायदे बताए जा चुके हैं। इसके लिए दो-दो कार्यकर्ताओं को एक -एक ग्राम समितियों में भेजा गया था, जिनके द्वारा नए कानूनों की जानकारी लोगों को दी गई है।
अब संघ युवाओं को जोड़ने के लिए लेगा बॉलीवुड का सहारा

