1 करोड़ से ज्यादा की MD ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पैडलर बनकर दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 1 करोड़ से अधिक कीमती MD ड्रग्स जब्त करने का दावा किया है।

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करों (Drug Trafficking) के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पैडलर बनकर दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 1 करोड़ से अधिक कीमती MD ड्रग्स जब्त करने का दावा किया है। इन तस्करों का संबंध मंदसौर और प्रतापगढ़ (राजस्थान) के माफिया से बताया जा रहा है।
जेल में बंद तस्करों की मदद से बिछाया जाल
डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, पुलिस को पिछले दिनों पकड़े गए दो तस्करों से खालिद हुसैन और नदीम खान के बारे में जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर, टीम ने जेल में बंद तस्करों के माध्यम से ही नदीम और खालिद से संपर्क साधा। पुलिस ने 1200 प्रति ग्राम के हिसाब से ड्रग्स खरीदने की डील पक्की की। शुक्रवार रात, आरोपित खालिद हुसैन (निवासी गोंदी चौक, मंदसौर) और नदीम खान (निवासी गोंदी चौक, मंदसौर) 151 ग्राम MD ड्रग्स लेकर एमआर-10 क्षेत्र में पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया।
प्रतापगढ़ से सस्ता माल, कई शहरों में सप्लाई
एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने मंदसौर के शाहिद नाम के व्यक्ति का खुलासा किया है, जो प्रतापगढ़ (राजस्थान) के तस्करों से सस्ती ड्रग्स खरीदकर विभिन्न शहरों में सप्लाई करता था। यह गिरफ्तारी ड्रग्स सप्लाई चेन को तोड़ने में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बारिश में बड़वानी की सड़कें बनी ‘कीचड़’, फिसल कर गिर रहे हैं लोग
बड़वानी में बारिश के बाद सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड से राजघाट रोड तक फिसलन होने से कई वाहन सवार गिर पड़े, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय की एक सड़क कीचड़ के कारण फिसल पट्टी बन गई है। लोग कई घंटे तक अपने वाहनों से फिसल कर गिरते रहे। घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, बड़वानी में खराब सड़कों पर कीचड़ का कहर सामने आया है। बस स्टैंड से राजघाट रोड तक दुपहिया वाहन और साइकिल सवारों के फिसल कर गिरने के वीडियो वायरल हो गये। बड़वानी में खराब सड़कों की स्थिति ने नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। बस स्टैंड से राजघाट रोड तक मिट्टी के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आवागमन से सड़क पर कीचड़ फैल गया है। शनिवार को एक दिन पहले हुई बारिश के बाद कई बाइक सवार फिसलकर गिरे। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे इन वीडियो को शूट करके वायरल करते रहे।
बस स्टैंड से सिद्धेश्वर मंदिर तक लगभग 500 मीटर का रास्ता पूरी तरह खस्ताहाल है। सीवरेज लाइन, केबल, गैस लाइन और चैंबर के लिए खोदे गए गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई है। डामर की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मामूली बारिश में ही जलजमाव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने इस स्थिति पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि शहर के सभी 24 वार्डों की स्थिति खराब है। भारुड मोहल्ला, पानवाड़ी मोहल्ला, नया बस स्टेशन, पोस्टमार्टम रूम के सामने और मधुबन कॉलोनी की सड़कें बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
जाधव ने कारंजा से सरस्वती आई हॉस्पिटल तक बनने वाले डिवाइडर रोड की स्थिति पर भी चिंता जताई है। नाले पर पुल बने दो महीने हो चुके हैं, लेकिन ठेकेदार ने अभी तक एक पटरी पर भी यातायात शुरू नहीं किया है। नेता प्रतिपक्ष ने पहले भी नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था और सड़कों को कीचड़ मुक्त करने की मांग की थी।
जीतू पटवारी पर FIR के बाद गरमाई सियासत, कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया गंभीर आरोप
जीतू पटवारी पर मामला दर्ज होने के बाद एमपी की सियासत गरमा गई है। अशोकनगर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कनपटी पर बंदूक लगाकर बयान लिया गया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर FIR हुई है। इसके दूसरे दिन जिला कांग्रेस कमेटी ने पटवारी के बचाव में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने इस FIR को झूठा और बीजेपी का षडयंत्र बताया। उन्होंने कहा कि कनपटी पर पिस्टल लगा दी तो जान बचाना मजबूरी हो जाता है।
शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष पर हुई FIR के मामले में कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर FIR से 15 दिन पहले से युवक को मल खिलाने का मुद्दा चल रहा है। सबसे पहले 10 तारीख को युवक ने जनसुनवाई में आत्मदाह का प्रयास किया। जहां पर SP उन्हें समझा कर युवक को उस कक्ष में ले गए जहां सार्वजनिक रूप से मल खिलाने का आरोप लगाया। उसके बाद लोधी समाज ने भी कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया, उसमें भी मल खिलाने की बात बताई गई। और फिर फरियादी ने व्यक्तिगत भी शिकायत की।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात का जो वीडियो सामने आया है, उसमें अशोकनगर कलेक्टर स्वयं इस मामले को पहले से होना और जांच की बात स्वीकार कर रहे हैं। तो इससे पता चलता है कि मामला पहले का है। शपथ पत्र में जीतू पटवारी के द्वारा अकेले में लेजाकर उनके कहने पर मल खिलाने की बात झूठी है। साथी कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पीड़ित परिवार कहां है पता नहीं है। उन्हें पुलिस को मीडिया के सामने लाना चाहिए।
सत्ता और पुलिस जैसा चाहेगी वैसा बोलना पड़ेगा
कांग्रेस के अशोकनगर विधानसभा के विधायक हरीबाबू राय ने कहा कि यह मामला तो विधानसभा में उठना ही है, लेकिन इससे पहले भी कई झूठी FIR हो चुकी है और होती रहेगी। कोई बात नहीं। जैसा सत्ता और पुलिस चाहेगी वैसा ही बोलना पड़ेगा। चाहे मैं हूं या आप हों। जैसा कि पूर्व विधायक ने बताया ऐसी स्थिति बन जाती है कि कनपटी पर पिस्टल लगा दी तो जान बचाना मजबूरी हो जाता है।
फरियादी का खेत जोत रही पुलिस
इस मामले में चंदेरी के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों को घर से लेकर आई, रिवाल्वर रखी। जाकर देखो पुलिस उसके घर खेत जोत रही है। बोवनी कर रही है। पुलिस के सिपाही ट्रैक्टर चला रहे हैं। बीज और खाद पहुंच गया। आखिर इतनी हमदर्द हो गई सरकार। मुझे परवाह नहीं है। SP सुनले- मुझे जेल जाना है, यह तो तय है। चला जाऊंगा। जो बिगाड़ सकते हो बिगाड़ले। खुले मंच से चुनौती दे रहा हूं।
अनिरुद्धाचार्य से सवाल पूछने पर जबलपुर के युवक की चली गई जान
मध्यप्रदेश के एक युवक को कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य की कथा पंडाल में शादी के संबंध में पूछना महंगा पड़ गया। ठगों ने अनिरुद्धाचार्य से शादी का बात पूछने वाले युवक से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे उत्तर प्रदेश बुलाया। युवक शादी के लिए उत्तर प्रदेश पहुंचा, वहां ठगों ने उसे लूटकर उसकी हत्या कर दी। स्थानीय पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश में जुटी है। मृतक युवक का वह पुराना वीडियो भी सोशल मडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें वह अनिरूद्धाचार्य से शादी के संबंध में पूछताछ करता दिख रहा है।कथा के बाद वीडियो के जरिए ठगों ने इंद्रकुमार से संपर्क साधा और उसे शादी का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर बुला लिया। वहां ठगों ने इंद्रकुमार को बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर नकदी और सामान लूट लिया। हत्या के बाद शव को फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार जबलपुर निवासी इंद्रकुमार तिवारी नाम के युवक ने कुछ समय पहले कथावाचक अनिरूद्धाचार्य से शादी के संबंधित परेशानी साझा कर पूछा था कि शादी कब होगी। इसके ठगों ने तिवारी से संपर्क करने का प्रयास करने लगे।
शादी करने कुशी नगर बुलाकर की हत्या
जानकारी के अनुसार ठगों ने इंद्रकुमार तिवारी से संपर्क किया और उनकी शादी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में कराने का झांसा दिया। तिवारी जब उत्तर प्रदेश के कुशीनगर पहुंचे तो ठगों ने उनकी घेराबंदी कर हाटा कोतवारी थाना क्षेत्र में ले गए। वहां बंधक बना लिया। इसके बाद ठगों ने तिवारी को धमकाते हुए परिजनों से वीडियो कॉल पर बात कराई, ताकि उन्हें भरोसे में लिया जा सके। इसके बाद ठगों ने बेरहमी से हत्या कर उनका पूरा सामान, नकदी लूट ली।
परिजन पहुंचने तक हुई शिनाख्त
आरोपी हत्या के बाद शव फेंककर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव की शिनाख्ती के लिए प्रयास कर रही थी। परिजनों को पता था कि इंद्रकुमार तिवारी कुशीनगर गए हैं। परिजन उनकी तलाश में कुशीनगर पहुंचे तो परिजनों को पुलिस ने शव दिखाया। इसके बाद मृतक की पहचान हो सकी। परिजनों ने जबलपुर जिले के मझौली थाने में पहले से गुमशुदगी दर्ज करा चुके हैं। कुशीनगर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों ने पांच और छह जून के हत्याकांड को अंजाम दिया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति को इंद्रकुमार के घर भेजकर जमीन के दस्तावेज लाने के लिए लगाया था, वह जमीन के दस्तावेज ले जाता, इससे पहले ही हत्याकांड का खुलासा हो गया।
गला रेतकर की गई हत्या
सीओ कसिया कुशीनगर कुंदन कुमार ने बताया कि थाना हटा में शिक्षक का शव 6 जून को मिला था। चाकू से गला रेतकर युवक की हत्या की गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विगत 11 जून को मामला दर्ज कर लिया था। कुशीनगर पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। मृतक व्यक्ति के रिश्तेदारों के सूचना के आधार पर आरोपी व्यक्तियों की चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तार नहीं हो पाई है तथा उसके संभावित ठिकानों में दबिश जारी है। आरोपियों ने शादी का झांसा देकर शिक्षक को सामान के साथ बुलाया था। शिक्षक के आने पर उन्होंने लूट करते हुए उसकी चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
कोई नहीं था परिवार में
एसडीओपी सिहोरा पारूल शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार मझौली थानान्तर्गत ग्राम पडवार निवासी इंद्र कुमार तिवारी पिता स्व. राम दयाल तिवारी उम्र 49 साल स्कूल में शिक्षक था। आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद उनकी शादी नहीं हुई थी। उनके परिवार में कोई सदस्य नहीं होने के कारण अकेले रहते थे। शिक्षक ने विगत दिनों आध्यात्मिक धर्मगुरु की सभा में विवाह को लेकर सवाल किया था।
उज्जैन में जगन्नाथ यात्रा के दौरान शाही मस्जिद पर चप्पल फेंकी, वीडियो वायरल होने पर लोगों ने थाना घेरा, FIR दर्ज
देशभर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। धार्मिक नगरी उज्जैन में भी दो रथ यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें इस्कॉन संस्था और खाती समाज द्वारा भव्य जगन्नाथ यात्राएं निकाली गईं। हालांकि, खाती समाज द्वारा निकाली गई रथ यात्रा एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,…
देशभर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। धार्मिक नगरी उज्जैन में भी दो रथ यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें इस्कॉन संस्था और खाती समाज द्वारा भव्य जगन्नाथ यात्राएं निकाली गईं। हालांकि, खाती समाज द्वारा निकाली गई रथ यात्रा एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्रा में शामिल कुछ लोग छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद की ओर जूते-चप्पल फेंकते नजर आ रहे हैं।
इसका वीडियो वायरल होते ही मुस्लिम समाज में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग खाराकुआं थाना पहुंचे और वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
फुटेज देखकर होगी आरोपियों की पहचान
थाना प्रभारी राजकुमार मालवीय ने बताया कि अबरार अहमद निवासी मोचीवाड़ा की शिकायत पर थाना खाराकुआं में एफआईआर क्रमांक 91/25 धारा 295A (धार्मिक भावना आहत करने का प्रकरण) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के अलावा क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर मौत का जाम, एक महीने की चेतावनी को किया नजरअंदाज, गई तीन जानें
इंदौर देवास रोड पर लगे जाम में जिम्मेदारों की लापरवाही बनी जानलेवा, एक महीने से चल रहे आंदोलन, न नेता आए न अधिकारियों ने सुध ली।इंदौर देवास के बीच लगे जाम के लिए नागरिक एक महीने से चेता रहे थे लेकिन न अधिकारी बात करने आए न जिम्मेदार नेताओं ने सड़क पर आने की जहमत उठाई। नतीजा यह हुआ कि शुक्रवार को जाम में फंसकर तीन लोगों की जान चली गई।
हमने पहले ही कहा था लोगों की जान जाएगी
किसान नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि हम एक महीने से लगातार अधिकारियों को इसकी जानकारी दे रहे हैं। निर्माण एजेंसी और प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना ही मांगलिया से सांवेर जाने वाला रास्ता एक साल के लिए बंद कर दिया है। यहां पर रेलवे ओवर ब्रिज बन रहा है। उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर प्रशासन द्वारा प्लेथिको के पास स्थित पुराने मार्ग को थोड़ा सुधार दिया जाता, तो हजारों वाहन चालकों को रोज 20 किलोमीटर का बेवजह चक्कर नहीं लगाना पड़ता और जाम नहीं लगता।
इमरजेंसी में अस्पताल जाने में भी दिक्कत
वहीं रहवासी अभय बाथम ने बताया कि कहते हैं कि मांगलिया के यहां पर पटरी के ठीक दूसरी तरफ हॉस्पिटल है। इमरजेंसी में जल्दी जाना पड़ता है लेकिन वहां जाने का भी कोई अन्य रास्ता नहीं है। यदि किसी को अचानक जरूरत पड़ी तो उसे भ 15 से 20 किमी घूमकर ही जाना होगा। एेसे में उसकी जान पर बन सकती है।
दुकानदार संभाल रहे ट्रैफिक
इंदौर से देवास के बीच जाम की यह स्थिति है कि पूरे रास्ते में दुकानदार और रहवासी ही ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे हैं। स्थानीय दुकानदार राजेश पाटीदार ने बताया कि पुलिस और प्रशासन नदारद है और लोग तीन दिन के बाद शनिवार को भी जाम में फंसे हुए हैं।
इंदौर के एमआर-12 पर भी बनने वाला था 90 डिग्री का ब्रिज, प्राधिकरण ने अलाइनमेंट में करवाया संशोधन
भोपाल का 90 डिग्री एंगल का ब्रिज देशभर में अपनी खराब इंजीनियरिंग के लिए चर्चित हो रहा है। इस तरह का ब्रिज इंदौर के एमआर-12 रोड पर भी बनने वाला था, लेकिन इंदौर विकास प्राधिकरण ने ड्राइंग डिजाइन में जमीन नहीं होने पर ब्रिज पर मोड़ आते ही गेंद नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के पाले में डाल दी और अलाइनमेंट में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराई।इंदौर विकास प्राधिकरण उज्जैन रोड को बाइपास से जोड़ने के लिए एमआर-12 का निर्माण कर रहा है। इस मार्ग पर दो बड़े ब्रिज बनना है। पहले रेलवे क्रासिंग पर प्राधिकरण ब्रिज बना रहा था। जमीन के हिसाब से इसकी डिजाइन तैयार की गई तो बड़ा मोड़ डिजाइन में था।
दरअसल 200 मीटर चौड़ी रोड पर विभाग ने काॅलोनियों के अभिन्यास मंजूर कर लिए थे, हालांकि अब इंदौर विकास प्राधिकरण के बजाए लोक निर्माण विभाग थ्रीलेन ब्रिज बना रहा है। ब्रिज के निर्माण का भूमिपूजन पिछले दिनों मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया है।
इंदौर विकास प्राधिकरण उज्जैन रोड को बाइपास से जोड़ने के लिए एमआर-12 का निर्माण कर रहा है। इस मार्ग पर दो बड़े ब्रिज बनना है। पहले रेलवे क्रासिंग पर प्राधिकरण ब्रिज बना रहा था। जमीन के हिसाब से इसकी डिजाइन तैयार की गई तो ब्रिज के मध्य हिस्से में बड़ा मोड़ डिजाइन में था,क्योकि ब्रिज के लिए पर्याप्त जमीन नहीं थी।
उधर लोक निर्माण विभाग ने भी रेलवे क्रासिंग पर ब्रिज बनाने का फैसला लिया और टेंडर भी जारी कर दिए। उनकी डिजाइन में यह परेशानी इसलिए नहीं आई,क्योकि लोक निर्माण विभाग तीन लेन ब्रिज बना रहा है, लेकिन भविष्य में यदि ब्रिज की चौड़ाई बढ़ती है तो भी भोपाल जैसा ब्रिज नहीं बनेगा। यह ब्रिज दो साल में पूरा होगा। इसके निर्माण पर 32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।