भोपाल
नगरीय निकाय चुनाव के बीच BJP मीडिया प्रभारी ने रविवार सुबह सीरियल ‘महाभारत’ के सीन का एक VIDEO शेयर किया, जिसके जरिए उन्होंने चुनाव में कांग्रेस की हार का दावा करते हुए कटाक्ष किया। उधर कांग्रेस ने भी इसका तीखा जवाब दिया है। दरअसल भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया। उसमें धृतराष्ट्र और संजय के बीच चल रहे संवाद को मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के लिहाज से एडिट किया गया है। इस VIDEO पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता ने लिखा कि भाजपा ने खुद ही स्वीकार कर लिया कि उनका राजा नेत्रहीन है और उसे जरा भी सच्चाई की जानकारी नहीं है।
यह वीडियो बीजेपी मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने सोशल मीडिया पर जारी किया। इसमें महाभारत सीरियल में हुए धृतराष्ट्र और संजय के मूल संवाद को बदलकर चुनावी रंग दिया गया है।
VIDEO में ऐसा है संजय-धृतराष्ट्र संवाद
- संजय- कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत रही है।
- धृतराष्ट्र- ऐसा क्यों संजय?
- संजय- क्योंकि, कमलनाथ का चुनाव में इंटरेस्ट तो पहले ही नहीं था। अब वोट नहीं देकर उन्होंने अपनी हार भी स्वीकार कर ली है राजन!
- धृतराष्ट्र- तो क्या BJP फिर जीत जाएगी? संजय!
- संजय- हां! महाराज, भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आज प्रदेशभर में चहुंमुखी विकास हो रहा है। इस चुनाव में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर मध्यप्रदेश की जनता ने भरोसा जताया है।
कांग्रेस ने दिया करारा जवाब
भाजपा के इस वीडियो का जवाब पीसीसी चीफ कमलनाथ के समन्वयक व मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष नरेंद्र सलूजा ने सोशल मीडिया पर दिया। उन्होंने लिखा, ‘भाजपा की आईटी सेल ने एक वीडियो बनाकर, उसे जारी कर खुद ही यह स्वीकार कर लिया कि उनका राजा नेत्रहीन है और उसे जो उसके करीबी नौकरशाह बताते हैं, उसे ही वो सच मान लेता है, जमीनी हकीकत व सच्चाई उसे जरा भी जानकारी नहीं…’

