देश की सीमाओं की रक्षा करने वाली भारतीय सेना के साथ जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में दो वर्ष पहले 2019 में आज ‘वेलेंटाइन डे’ के दिन एक ऐसी घटना हुई थी, जिससे पूरा देश दहल उठा था और हर देशवासी की आंखे नम थीं। 14 फरवरी को CRPF काफिले पर पाकिस्तान के जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकियों ने पुलवामा में बेहद खतरनाक हमले को अंजाम दिया था, जिसमें 40 भारतीय जवानों की मौत हो गई थी।
बहादुर शहीदों को किया नमन :
पुलवामा हमले की आज दूसरी बरसी है, दो साल पूरे होने के बाद भी पुलवामा के शहीदों को आज भी पूरा देश नम आंखों से याद कर रहा है। इस दौरान तमाम नेताओं का संदेश भी आया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा- मैं उन बहादुर शहीदों को नमन करता हूं, जिन्होंने 2019 में इस दिन पुलवामा हमले में अपनी जान गंवाई। भारत उनके असाधारण साहस और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।
रक्षा मंत्री ने दी जवानों को श्रद्धांजलि :
तो वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा- भारत राष्ट्र के लिए उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद होने वाले माँ भारती के वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन। आपके अदम्य साहस, वीरता व शौर्य का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
देश के वीर जवानों की शहादत को नमन :
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केेेेेेेेजरीवा ने ट्वीट कर कहा- पुलवामा हमले में शहीद हुए देश के वीर जवानों की शहादत को नमन, हम सभी देशवासी उनके साहस और बलिदान के सैदव ऋणी रहेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, ”पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि और उनके परिवारों को नमन। देश आपका ऋणी है।”
आज पुलवामा हमले की दूसरी बरसी है, बता दें कि पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के काफिले पर हुए आतंकी हमले को दो साल पूरे हो गए हैं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलवामा आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी है।
सीएम ने किया ट्वीट-
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि “तुम्हारे शौर्य के गीत, कर्कश शोर में खोये नहीं। गर्व इतना था कि हम देर तक रोये नहीं” आज PulwamaTerror Attack की बरसी है। मां भारती की सेवा करते हुए प्राणोत्सर्ग करने वाले वीर सपूतों के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं! देश का कण-कण उनका युगों-युगों तक ऋणी रहेगा।
पुलवामा आतंकी हमला का हमारे वीरों ने बालाकोट के रूप में उनके घर में घुसकर जवाब दिया, अब यह देश शांति के नाम पर कायरों की उद्दण्डता बर्दाश्त नहीं करेगा, बल्कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उसी भाषा में जवाब देगा। यह बात ऐसे दुर्जन जितनी जल्दी समझ लें, उनका भला होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
नरोत्तम मिश्रा ने भी किया ट्वीट
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर कहा ‘आगे झुककर सलाम करें उनको, जिनके हिस्से में यह मुकाम आता है खुशनसीब होता है वो खून, जो देश के काम आता है’
14 फरवरी 2019 को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले मां भारती के वीर सपूतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। हम सभी आपके सर्वोच्च बलिदान के सदैव ऋणी रहेंगे।
आपको बताते चले कि साल 2019 में 14 फरवरी को पुलवामा में आतंकवादियों ने विस्फोटक से भरी एक कार को CRPF के काफिले से टकरा दी थी, पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के फिदायीन आतंकी दस्ते ने सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था, जिसके बाद भारत ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया और जवानों का बदला सूद समेत वापस लिया था।

