रॉबर्ट वाड्रा और इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी के नेतृत्व को देश के लिए जरूरी बताया. वाड्रा के अनुसार प्रियंका ने इंदिरा और राजीव गांधी से राजनीति के गुण सीखे हैं. वहीं, मसूद ने दावा किया कि पीएम बनने पर वे दादी इंदिरा की तरह दुश्मनों को करारा जवाब देंगी. यह चर्चा बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा के खिलाफ प्रियंका द्वारा केंद्र को कड़ा संज्ञान लेने की सलाह के बाद तेज हुई है.
भारतीय राजनीति के गलियारों में एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. एक तरफ जहां उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने उन्हें राजनीति का उगता सूरज बताया, वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उन्हें देश की कमान सौंपने की वकालत भी कर दी. यह सुगबुगाहट ऐसे समय में तेज हुई है जब प्रियंका गांधी ने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए केंद्र सरकार को आईना दिखाया है.
क्या राहुल से डगमगा रहा भरोसा
रॉबर्ट वाड्रा और इमरान मसूद के हालिया बयानों ने सियासी गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है. रॉबर्ट वाड्रा का यह कहना कि ‘प्रियंका ने इंदिरा गांधी से बहुत कुछ सीखा है’, उनके भविष्य के बड़े रोल की ओर इशारा करता है. वहीं इमरान मसूद ने तो उन्हें पीएम पद का दावेदार बताते हुए इंदिरा जैसा तेवर दिखाने की बात कह दी है. इन बयानों के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या कांग्रेस के भीतर धीरे-धीरे राहुल गांधी से भरोसा डिगने लगा है? क्या पार्टी का एक बड़ा धड़ा अब राहुल के बजाय प्रियंका गांधी में भविष्य का प्रधानमंत्री देख रहा है? प्रियंका की इस राजनीतिक परिपक्वता और कूटनीतिक सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि वह केवल एक सांसद नहीं बल्कि एक बड़े राष्ट्रीय किरदार के रूप में खुद को स्थापित कर चुकी हैं.
अनुभव और विरासत का संगम
प्रियंका के नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए उनके पति और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा ने पीटीआई से कहा कि प्रियंका के पास अपनी दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी, मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी से सीखा हुआ लंबा अनुभव है. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रियंका जब बोलती हैं तो वह दिल से बोलती हैं और उनके विचार लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं. वाड्रा के मुताबिक प्रियंका का राजनीति में उज्ज्वल भविष्य है और समय के साथ उनका बड़े नेतृत्व की भूमिका में आना अब ‘अपरिहार्य’ है.
प्रियंका का इंदिरा अवतार
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रियंका की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से करते हुए एक बड़ा बयान दिया है. एएनआई से बात करते हुए मसूद ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाए तो वह अपनी दादी की तरह ही दुश्मनों को करारा जवाब देंगी. मसूद ने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के साथ जो किया था उसके जख्म आज भी नहीं भरे हैं और प्रियंका में वही गांधी रक्त और संकल्प है.
बांग्लादेश हिंसा पर प्रियंका का सख्त स्टैंड
प्रियंका गांधी की इस सराहना के पीछे उनका हालिया ‘एक्स’ पोस्ट भी है, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या पर चिंता जताई है. उन्होंने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए भारत सरकार से मांग की है कि वह बांग्लादेश सरकार के साथ अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाए. प्रियंका ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभ्य समाज में धर्म या पहचान के आधार पर हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.

